भैंस को बचाने के लिए कुएं में उतरे थे चार युवक, एटा पुलिस ने 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू
Etah News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सोमवार 31 जुलाई को एक भैंस कुएं में गिर गई। भैंस को बहार निकालने के लिए चार युवक कुएं में उतर गए। इस दौरान चारों युवक खुद भी हादसे का शिकार हो गए। दरअसल, कच्चे कुएं की दीवार और मिट्टी ऊनके ऊपर गिर गई। इसी के चलते चारों युवक करीब 30 फीट नीचे जाकर दब गए।
हादसे की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने JCB की मदद से कुएं के चारों तरफ खुदाई की और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चार युवकों को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला जा सका। यह मामला एटा जिले के रामनगर गांव का है।

एटा के एएसपी धनंजय सिंह कुशवाह ने बताया, पुलिस को सूचना मिली कि रामनगर गांव में 30 फीट गहरे कुएं में एक भैंस गिर गई है। भैंस को बचाने के लिए चार युवक अंदर गए, लेकिन फंस गए। एएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी लोगों को बचा लिया गया।
एएसपी ने बताया कि चारों युवक सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं। एएसपी ने बताया कि तेज सिंह की भैंस करीब 30 फीट गहरे और पतले कुएं में गिर गई थी। उसे निकालने के लिए चरण सिंह, अवनीश, प्रेमपाल और भोपाल पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कुएं की दीवार कच्ची थी।
जैसे ही चारों युवक कुएं में उतरे दीवार और आसपास की मिट्टी में ढह गई, जिसके नीचे चारों युवक करीब 30 फीट नीचे जाकर फंस गए थे। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस के साथ सीओ अलीगंज और एसडीएम अलीगंज वेद प्रिय आर्या तत्काल मौके पर पहुंचे।
करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कुएं में दबे चारों व्यक्तियों को स्थानीय लोगों के सहयोग से सकुशल बाहर निकाल लिया गया है। चारों युवकों को प्राथमिक इलाज के लिए सीएचसी अलीगंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उनका चेकअप किया। पुलिस ने बताया कि चारों युवक सुरक्षित हैं और खतरे से बाहर हैं।












Click it and Unblock the Notifications