जुबीन गर्ग की मौत का सच अब आया सामने, सिंगापुर पुलिस ने जारी की अटॉप्सी रिपोर्ट, इस वजह से गई सिंगर की जान
Zubeen Garg Autopsy Report: सिंगर जुबिन गर्ग की बीते महीने सिंगापुर में हुई मौत के बाद अब उनकी ऑटोप्सी रिपोर्ट सामने आई है। जिसमें कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। 19 सितंबर को जुबिन की दुखद मौत ने उनके लाखों प्रशंसकों को सदमे में डाल दिया था। सिंगापुर पुलिस बल (SPF) ने यह ऑटोप्सी रिपोर्ट भारतीय उच्चायोग को सौंपी है। शुरुआती मीडिया रिपोर्टों में कहा गया था कि जुबिन की मौत स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई, लेकिन ताजा जानकारी के मुताबिक, यह हादसा तैराकी करते समय हुआ था।

SPF ने 'द स्ट्रेट्स टाइम्स' को बताया कि पुलिस ने शुरुआती जांच में किसी भी आपराधिक हस्तक्षेप की संभावना को खारिज कर दिया है, जिसका अर्थ है कि उनकी हत्या या किसी आपराधिक हमले का कोई शक नहीं है। 52 वर्षीय जुबिन को 19 सितंबर को सेंट जॉन्स आइलैंड के पास पानी से बेहोशी की हालत में निकाला गया था और सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसी दिन उनकी मृत्यु हो गई।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, 19 सितंबर को जुबिन लगभग एक दर्जन लोगों के साथ एक याट पर थे। 20 सितंबर को सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में उन्हें लाइफ जैकेट पहनकर पानी में कूदते देखा गया था। हालांकि, वीडियो पोस्ट करने वाले व्यक्ति ने दावा किया कि जुबिन ने कुछ मिनट बाद लाइफ जैकेट उतार दी और फिर से पानी में कूदे, जिसके बाद यह दुखद हादसा हुआ।
सिंगापुर पुलिस ने जनता से इस घटना से संबंधित किसी भी वीडियो या तस्वीर को साझा न करने की अपील की है। सिंगापुर के अस्पताल द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र में मौत का कारण 'डूबना' बताया गया है। लिम्न लॉ कॉर्पोरेशन की एसोसिएट डायरेक्टर एनजी काई लिंग ने 'द स्ट्रेट्स टाइम्स' के हवाले से बताया कि कोरोनर जांच से जुबिन की मौत से पहले की घटनाओं का स्पष्टीकरण मिल सकता है। यह जांच मृतक की पहचान, मौत का समय, स्थान और कारणों को स्पष्ट करेगी।
जुबिन गर्ग सिंगापुर में भारत-सिंगापुर के राजनयिक संबंधों के 60वें वर्ष और भारत-आसियान पर्यटन वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित 'नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल' में हिस्सा लेने आए थे। यह कार्यक्रम 19 से 21 सितंबर तक होना था, लेकिन उनके निधन के कारण सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
इस बीच, असम पुलिस ने बुधवार को दिल्ली से जुबिन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और फेस्टिवल के मुख्य आयोजक श्यामकानु महांता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन दोनों पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत गैर-इरादतन हत्या, आपराधिक साजिश और लापरवाही से मृत्यु का कारण बनने का मामला दर्ज किया है।












Click it and Unblock the Notifications