'मां-बाप,बहन सबको घसीटा गया, अब चुप नहीं रहूंगा', हनी सिंह ने पत्नी के घरेलू हिंसा के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी
'मां-बाप,बहन सबको घसीटा गया, अब चुप नहीं रहूंगा', हनी सिंह ने पत्नी के घरेलू हिंसा के आरोपों पर तोड़ी चुप्पी
मुंबई, 07 अगस्त: बॉलीवुड सिंगर और रैपर यो यो हनी सिंह ने अपनी पत्नी शालिनी तलवार के लगाए घरेलू हिंसा के आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है। हनी सिंह ने कहा है कि शालिनी तलवार द्वारा लगाए गए सभी आरोप झूठे और बेबुनियाद हैं। शुक्रवार (6 अगस्त) देर रात हनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में पत्नी शालिनी तलवार के लगाए घरेलू हिंसा के आरोपों पर अधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि अब वह इस मामले पर चुप नहीं रहने वाले हैं क्योंकि इस मामले में उनके माता-पिता और छोटी बहन को भी निशाना बनाया गया है। घरेलू दुर्व्यवहार और बेवफाई के आरोपों पर चुप्पी तोड़ते हुए हनी सिंह ने कहा कि वह अपनी पत्नी शालिनी तलवार द्वारा परिवार पर लगाए गए झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोपों से बहुत दुखी और व्यथित हैं। इस हफ्ते की शुरुआत में हनी सिंह की पत्नी शालिनी तलवार ने रैपर के खिलाफ दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट में घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। शालिनी ने मुआवजे के रूप 10 करोड़ की मांग की है।

'20 साल तक मेरी साथी रही और अब ऐसा आरोप, दुखी हूं'
हनी सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक लंबा पोस्ट लिखते हुए कहा, '' मैं अपनी पत्नी श्रीमती शालिनी तलवार, जो कि 20 सालों तक मेरी साथी रही हैं, उनके द्वारा लगाए गए मेरे और मेरे परिवार पर लगाए गए झूठे और दुर्भावनापूर्ण आरोपों से बहुत दुखी और व्यथित हूं। शालिनी ने जो आरोप लगाए हैं, वह गंभीर रूप से घृणित हैं। मैंने कभी भी प्रेस नोट या अधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। कई बार मेरे गानों, मेरे हेल्थ को लेकर लगाई गई अटकलों, और सामान्य रूप से नकारात्मक मीडिया कवरेज और आलोचना के बावजूद, मैंने कभी भी कुछ नहीं बोला है। लेकिन इस बार जो रहा है उसको लेकर मैं चुप नहीं रहने वाला हूं।''

'माता-पिता और छोटी बहन को निशाना बनाया जा रहा है'
हनी सिंह ने कहा, इस बार मेरे चुप रहने का कोई मतलब नहीं बनता है क्योंकि कुछ आरोपों में मेरे परिवार को भी शामिल किया गया है और निशाना बनाया गया है। मेरे बूढ़े माता-पिता और छोटी बहन, जिन्होंने बहुत कठिन और कठिन समय के दौरान मेरा साथ दिया है, वो मेरी दुनिया है, लेकिन अब उनको भी बदनाम किया जा रहा है। इसलिए मैं सभी आरोपों का जवाब दूंगा। आरोप निंदक और बदनाम करने वाले हैं।"

'दुनिया जानती है कि पत्नी के साथ कैसा रिश्ता था, मेरे दिल के...'
हनी सिंह ने अपने नोट में आगे कहा, "जिन लोगों ने उनके साथ काम किया है, वे उनकी पत्नी के साथ उनके संबंधों और रिश्तों के बारे में जानते हैं। मैं 15 साल से अधिक समय से फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हूं और देश भर के कलाकारों और संगीतकारों के साथ काम किया है। हर कोई जानता है कि मेरी पत्नी के साथ मेरा रिश्ता कैसा था। वह एक दशक से अधिक समय तक मेरे दिल के सबसे पास रही हैं। मेरी पत्नी हमेशा मेरे साथ मेरी शूटिंग, कार्यक्रमों और बैठकों में जाती थी। हर कोई जानता है कि हमारा रिश्ता कैसा था।''

हनी सिंह बोले- सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी
हनी सिंह ने आगे कहा, ''मैं सभी आरोपों का दृढ़ता से खंडन करता हूं लेकिन आगे कोई टिप्पणी नहीं करूंगा क्योंकि मामला न्यायालय के समक्ष विचाराधीन है। मुझे इस देश की न्यायिक प्रणाली पर पूरा भरोसा है, और मुझे विश्वास है कि सच्चाई जल्द ही सामने आ जाएगी। आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं, आरोप साबित होने बाकी हैं और माननीय न्यायालय ने मुझे इस तरह के आरोपों का जवाब देने का अवसर प्रदान किया है।''

हनी सिंह ने फैंस से की ये खास अपील
अपने पोस्ट के आखिर में हनी सिंह ने फैंस से अपील करते हुए लिखा, "इस बीच, मैं विनम्रतापूर्वक अपने फैंस और जनता से गुजारिश करता हूं कि वे मेरे और मेरे परिवार के बारे में तब तक कोई निष्कर्ष ना निकालें जब तक माननीय न्यायालय दोनों पक्षों को सुनने के बाद फैसला नहीं सुना देती है। मुझे विश्वास है कि इंसाफ किया जाएगा और ईमानदारी की जीत होगी। हमेशा की तरह, मैं अपने फैंस और शुभचिंतकों के सभी प्यार और समर्थन के लिए आभारी हूं, जिन्होंने हमें कड़ी मेहनत करने और अच्छा संगीत बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। धन्यवाद! यो यो हनी सिंह।''












Click it and Unblock the Notifications