'तू छुपा है कहां मैं तड़पता यहां', सतीश कौशिक को अनुपम खेर ने क्यों कही थी ये बात, वीडियो कॉल हुआ वायरल
Anupam Kher On Satish Kaushik: सतीश कौशिक की आखिरी विदाई पर अनुपम खेर कभी फूट फूटकर रो रहे थे तो कभी अपने आंसुओं को पोंछते नजर आ रहे थे।

Anupam Kher On Satish Kaushik: बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर और सतीश कौशिक की दोस्ती काफी पुरानी थी। यही कारण है कि सतीश कौशिक की मौत की खबर मिलने के बाद काफी देर तक अनुपम खेर को ये यकीन नहीं हो रहा था कि उनके सबसे अच्छे दोस्त अब नहीं रहे। 45 साल पुरानी दोस्ती यूं अचानक ही खत्म हो गई। दोनों के बीच युवा काल से बहुत ही अच्छी बॉन्डिंग थी। अनुपम खेर अपने दोस्त सतीश कौशिक की मौत से इस वक्त सदमे में हैं और बार बार भावुक हो जा रहे हैं। सतीश कौशिक की अर्थी के सामने बैठकर रोते हुए अनुपम खेर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके अलावा दोनों की दोस्ती का एक और वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है जिसमें दोनों वीडियो कॉल पर एक दूसरे से बात कर रहे हैं।
अनुपम खेर ने दी दोस्त को आखिरी विदाई
सतीश कौशिक की आखिरी विदाई पर अनुपम खेर काफी दुखी नजर आ रहे थे। वह कभी फूट फूटकर रो रहे थे तो कभी अपने आंसुओं को पोंछते नजर आ रहे थे। कभी कभी वह अपने दोस्त की अर्थी को निहारते भी दिखाई दे रहे थे। उनको अपने दोस्त की यादें बैचेन कर रही थीं।
अनुपम खेर ने कहा- न जाने कितने साल लगेंगे
अनुपम खेर और सतीश कौशिक की दोस्ती किस लेवल की थी इसका किस्सा उन्होंने एक वीडियो में खुद सुनाया था। तब अनुपम खेर ने सतीश कौशिक से कहा था- तू छुपा है कहां मैं तड़पता यहां। सतीश कौशिक के निधन के बाद अनुपम खेर ने मीडिया के सामने खुद कहा है- न जाने कितने साल लगेंगे मुझे ये स्वीकार करने में कि वो अब नहीं हैं। अपने जिगरी यार सतीश कौशिक को अनुपम खेर ने नम आंखों से विदाई दी।
साल 2020 का वीडियो हो रहा है वायरल
अनुपम खेर और सतीश कौशिक के कई वीडियोज इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन्हीं में से एक वीडियो में सतीश कौशिक और अनुपम खेर एक दूसरे के साथ वीडियो कॉल पर बात करते नजर आ रहे हैं। ये वीडियो साल 2020 का है जब पूरी दुनिया में लॉकडाउन लगा हुआ था। अनुपम खेर ने उस समय सतीश कौशिक को वीडियो कॉल किया था और कहा था- तू छुपा है कहां मैं तड़पता यहां और इस पर सतीश कौशिक खिलखिलाकर हंस पड़े थे।
'अमेरिका से लौट आए लेकिन मुझसे मिले नहीं'
इस बात का जवाब देते हुए सतीश कौशिक ने कहा था- अरे यार तेरे प्यार का आसरा चाहता हूं, बड़े नासमझ हो कि क्या चाहता हूं। उन्होंने आगे कहा- ये पहली बार ऐसा हुआ होगा खेर साहब कि आप अमेरिका से आए हैं रॉबर्ट डिनेरो की बांहों से बाहर निकल के। अनुपम खेर ने उनका जवाब देते हुए कहा था- आपको तो जलन हुई न कि अनिल कपूर के साथ मैंने पहले वो वीडियो बना लिया। इस पर सतीश कौशिक बोलते हैं- बहुत जलन हुई, मुझे लगा कि कमाल हो गया, मैं पीछे रह गया।
अनुपम खेर-सतीश कौशिक की दोस्ती
वीडियो में अनुपम खेर आगे कहते हैं- आप मुझे ज्यादा जानते हो, कितने साल से जानते हैं हम एक-दूसरे को? 1975 में मिले थे हम। 1975 से लेकर 2020 तक पहली बार ऐसा हुआ होगा 45 सालों में कि मुझे अमेरिका से लौटे हुए 4 दिन हो गए और मैं आपसे मिल नहीं सका। वहीं सतीश कौशिक कहते हैं- कमाल है यार, वही तो मैं कहने जा रहा था कि न्यू यॉर्क से आने के बाद पहली बार ऐसा हो रहा है वर्ना होता ऐसा था कि मैं एयरपोर्ट पहुंच रहा हूं, अभी मैं आ रहा हूं घर पर डिनर करने। पर यार ये कोरोना ने दूरियां बढ़ा दी हैं।

'ये दूरियां हमें और नजदीक लाएंगी'
सतीश कौशिक ने इस बातचीत में आगे कहा था- पर मुझे एक फिलॉसफिकल बात याद आती है कि ये जो दूरियां हैं न ये वास्तव में इंसानों को, दोस्तों को, फैमिली को, आपके शहर को, आपके देश को एक्चुअली और पास लेकर आएंगी। इसके बाद अनुपम खेर कहते हैं- इसपे एक गाना याद आया और सतीश कौशिक के साथ मिलकर गाने लगते हैं- दूरियां नजदीकियां बन गई, अजब इत्तेफाक है। अनुपम खेर आगे कहते हैं- एक बहुत सा बकवास शेर सुनाता हूं जब मैं स्टेज शो किया करता था तब का है- ये दुनिया गम तो देती है शरीक-ए-गम नहीं होती, किसी के दूर जाने से मोहब्बत कम नहीं होती।












Click it and Unblock the Notifications