नवजोत सिंह सिद्धू के चुनाव हारते ही ट्विटर पर क्यों ट्रेंड करने लगीं अर्चना पूरन सिंह
नवजोत सिंह सिद्धू के चुनाव हारते ही ट्विटर पर क्यों ट्रेंड करने लगीं अर्चना पूरन सिंह
मुंबई, 10 मार्च: सोशल मीडिया पर हर कोई 10 मार्च को उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा, उत्तराखंड और मणिपुर के चुनावी नतीजों से जुड़ी खबरें देख रहा है। माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर भी चुनावी रिजल्ट और नेता ट्रेंड कर रहे हैं। लेकिन इसी बीच ट्विटर पर बॉलीवुड एक्ट्रेस अर्चना पूरन सिंह ट्रेंड करने लगीं। अब आप भी सोच रहे होंगे कि आखिर अर्चना पूरन सिंह का चुनाव से क्या लेना-देना है.., असल में कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब में अमृतसर (पूर्व) सीट से विधानसभा चुनाव हार गए हैं। चुनाव में बहुमत हासिल करने के लिए आम आदमी पार्टी को बधाई देते हुए नवजोत सिंह सिद्धू ने इसे पंजाब की जनता का जनादेश बताते हुए हार मान ली है। हालांकि उनकी इस हार के कारण अर्चना पूरन सिंह ट्विटर पर ट्रेंड करने लगीं। लोगों का ये कहना है कि अब कपिल शर्मा शो में सिद्धू फिर से वापसी करेंगे और अर्चना को हटना होगा।

आखिर क्यों अर्चना पूरन सिंह कर रही हैं ट्रेंड
ट्विटर पर अर्चना पूरन सिंह इसलिए ट्रेंड कर रही हैं क्योंकि नवजोत सिंह सिद्धू की हार के बाद यूजर ट्विटर पर लिखने लगे हैं कि द कपिल शर्मा शो में अर्चना पूरन सिंह की नौकरी पर काले बादल छा गए हैं। इसी बीच खबर ये भी आई कि नवजोत सिंह सिद्धू पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं, जिसके बाद अर्चना पूरन सिंह ट्विटर पर टॉप ट्रेंड करने लगीं। लोगों ने मजाकिया ढंग से ट्वीट करना शुरू किया कि अब तो पक्का अर्चना पूरन सिंह बतौर गेस्ट वाली नौकरी खतरे में हैं। बता दें कि द कपिल शर्मा शो में अर्चना पूरन सिंह बतौर गेस्ट हर शो में आती हैं।

सिद्धू के जाने के बाद 2019 से अर्चना पूरन सिंह कपिल के शो में हैं
बता दें कि नवजोत सिंह सिद्धू के जाने के बाद बतौर स्थायी गेस्ट के तौर पर अर्चना पूरन सिंह द कपिल शर्मा शो हैं। शो में भी कपिल शर्मा लगभग हर एपिसोड में मजाकिया ढंग में अर्चना पूरन सिंह को सिद्धू का सीट लेने के लिए जिम्मेदार ठहराते हैं। शायद यही बात आज ट्विटर यूजर को याद आ गई और उन्होंने इस बात को लेकर इतने मीम, ट्वीट और जोक्स शेयर किए कि अर्चना पूरन सिंह टॉप ट्रेंड करने लगीं।

'अर्चना पूरन सिंह अपना सीट गंवाने वाली हैं...'
जैसे ही सिद्धू अपनी सीट हारे अटकलें तेज हो गईं कि उनके पास अब कपिल शर्मा के शो में बतौर गेस्ट आने के लिए काफी वक्त होगा। सोशल मीडिया पर लोग लिखने लगे कि ऐसे में 2019 में अपनी जगह बनाने वाली अर्चना को शो से बाहर होना पड़ सकता है। इस अटकलों के साथ, नेटिजन्स ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया व्यक्त की। ट्विटर यूजर यो यो फनी सिंह ने कहा, 'लगता है अर्चना पूरन सिंह द कपिल शर्मा शो से अपनी सीट गंवाने वाली हैं!' एक अन्य यूजर ने कहा, भाई डर का माहौल है, किसी की नौकरी खतरे में है।

'कुर्सी संभालो...सिद्धू लौट सकते हैं...'
फिल्म और टेलीविजन लेखक रवि राय ने ट्वीट किया, सिद्धू का हारना अर्चना के लिए अच्छा संकेत नहीं है। रवि राय ने लिखा, ''डियर अर्चना पूरन सिंह, नवजोत सिंह सिद्धू और उनकी कांग्रेस की अपमानजनक हार आपके लिए अच्छा संकेत नहीं है। फिसलन भरी जीभ और खराब दिमाग वाला आदमी जल्द ही क्लाउन टाउन लौट सकता है अगर वह जुरासिक पार्क को डंप करने के बाद अरविंद केजरीवाल के आप में शामिल नहीं होता है तो। कुर्सी संभालो...।''
पत्रकार तरुण शुक्ला ने भी अर्चना को सावधान रहने की सलाह दी। पत्रकार तरुण शुक्ला ने लिखा, ''नवजोत सिंह सिद्धू अब शीर्ष पर नहीं है, पंजाब में तीसरे स्थान पर अपनी सीट से पीछे हैं। अर्चना पूरन सिंह को बहुत चिंतित होना चाहिए।''

जब सिद्धू ने इस्तीफा दिया था तब भी ट्रेंड हुई थीं अर्चना
2021 में जब नवजोत सिंह सिद्धू ने कांग्रेस पार्टी में अपने पद से इस्तीफा दे दिया था तब भी अर्चना ट्विटर पर ट्रेंड कर रही थीं। उस वक्त भी नेटिजन्स ने अनुमान लगाया था कि सिद्धू कपिल शर्मा के शो में वापसी करना चाहेंगे। इसके बारे में अर्चना ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा, "यह एक मजाक है जो कई सालों से मुझ पर टूट पड़ा है। मुझे परवाह नहीं है, और मैं इसे बिल्कुल भी गंभीरता से नहीं लेती हूं। और अगर सिद्धू गंभीरता से मेरी जगह शो में दोबारा प्रवेश करेंगे, तो मेरे पास और भी कई काम होंगे, जिन्हें मैंने पिछले कुछ महीनों में ठुकरा दिया है।''












Click it and Unblock the Notifications