'बस मंगलसूत्र की कमी है', जब पहली ही मुलाकात में राज कुमार ने उड़ाया था 'बप्पी दा' का मजाक
मुंबई, 16 फरवरी: दिग्गज गायक और संगीतकार बप्पी लहरी हमारे बीच में नहीं रहे। मुंबई के एक अस्पताल में 69 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। मशहूर सिंगर बप्पी लहरी के निधन की खबर के बाद पूरी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके फैंस उनको सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बप्पी दा लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। बप्पी दा को अपने म्यूजिक और गानों के अलावा सोने पहनने के लिए भी जाना जाता था। उन्हें सोने के जेवरात पहनने का काफी शौक था, जिसके चलते वो हमेशा सोने से लदे रहते थे। इसलिए उनको 'गोल्डन मैन' भी कहा जाता था।

राज कुमार ने उड़ाया था 'बप्पी दा' का मजाक
आज जब 'बप्पी दा' ने इस दुनिया को अलविदा कर दिया तो उनसे जुड़ा एक पुराना किस्सा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जो अपने वक्त के दिग्गज सुपरस्टार राज कुमार से जुड़ा हुआ है। दरअसल, एक तरफ जहां बप्पी लहरी के सोन के प्रति प्रेम को देखकर लोग हैरान होते थे, तो दूसरी लोग इसके लिए उनका मजाक बनाते थे, ताना मारते थे। ऐसे ही एक ताना अभिनेता राज कुमार ने उनको मारा था।

पार्टी में सबके सामने मारा था ताना
जैसा की सबको पता है कि एक्टर राज कुमार लोगों का मजाक उड़ाने में कभी पीछे नहीं रहते थे। ऐसे ही एक बार उन्होंने बप्पी दा के साथ भी किया था। हुआ यूं था कि बप्पी लहरी से राज कुमार की मुलाकात पहली बार एक इवेंट में हुई थी। बताया जाता था कि राज कुमार को बप्पी दा का गोल्ड कलेक्शन अच्छा नहीं लगा। ऐसे में उन्होंने पार्टी में सबके सामने बप्पी लहरी को ताना मारते हुए उनका मजाक उड़ाया था।

'बस मंगलसूत्र की कमी...'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गहने पहनने के शौकीन बप्पी दा को देख राज कुमार ने उनको भी नहीं छोड़ा और पहली ही मुलाकात में सितारों से भरे अवॉर्ड फंक्शन में उनका मजाक बना दिया। बताया जाता है कि पार्टी में बप्पी लाहरी हमेशा की तरह अच्छा खासा सोना पहनकर पहुंचे थे तो उनको देख राज कुमार से रहा नहीं गया और उन्होंने बप्पी दा से कहा कि 'वाह, शानदार, एक से एक गहने, बस मंगलसूत्र की कमी रह गई है।' कथित तौर पर वह एक्टर की टिप्पणी से काफी नाराज थे।

'बप्पी दा' के मामा थे किशोर कुमार
बहुत ही कम लोगों को पता होगा कि मशहूर सिंगर किशोर कुमार, एक्टर अशोक कुमार और अनूप कुमार तीनों ही बप्पी दा के मामा लगते थे। कोलकाता में 27 नवंबर, 1952 को बप्पी लहरी का जन्म हुआ था। उनके पिता अपरेश लहरी और मां बंसुरी लहरी दोनों ही संगीतकार थे। बप्पी उनके अकेले बेटे थे। गीत के प्रति रूचि उनकी बचपन से ही थी।

जानिए क्यों पहनते थे बहुत सारा सोना?
एक इंटरव्यू में उन्होंने इतना सोना पहनने के पीछे का राज खोला था। उन्होंने कहा था कि वो शो ऑफ के लिए सोना नहीं पहनते, बल्कि वह अमेरिकन पॉप स्टार एल्विस प्रेसली के बहुत बड़े फैन हैं। इसके अलावा वो सोने को अपने लिए लकी भी मानते हैं। उन्होंने बताया था कि सोना पहनने के बाद ही उनको अपने करियर में तरक्की मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications