KBC में जीते एक करोड़ रुपए का क्या करेंगी हिमानी बुंदेला, दिया दिल जीतने वाला जवाब
'कौन बनेगा करोड़पति' शो में एक करोड़ रुपए जीतने वाली हिमानी बुंदेला इस रकम का क्या करेंगी, उन्होंने खुद बताया है।
नई दिल्ली, 28 अगस्त: सोनी टीवी के चर्चित शो कौन बनेगा करोड़पति के 13वें सीजन को अपना पहला करोड़पति विनर मिल गया है। यूपी के आगरा की रहने वालीं हिमानी बुंदेला इस शो में एक करोड़ रुपए की रकम जीतने वाली पहली कंटेस्टेंट बनी हैं। हिमानी देख नहीं सकतीं, लेकिन कौन बनेगा करोड़पति शो में विनर बनकर उन्होंने ये साबित कर दिया कि अगर कुछ कर दिखाने का जज्बा दिल में हो, तो फिर कोई ताकत सफलता हासिल करने से नहीं रोक सकती। शो में एक करोड़ रुपए जीतने के बाद अब हिमानी ने इस बात का भी खुलासा किया है कि वो इस रकम का क्या करेंगी।
Recommended Video

जीती हुई रकम से क्या करेंगी, हिमानी ने दिया जवाब
इस एपिसोड का प्रसारण होना अभी बाकी है, लेकिन सोनी टीवी की तरफ से जारी किए गए प्रोमो में दिखाया गया है कि हिमानी बुंदेला 1 करोड़ रुपए जीत गई हैं और 7 करोड़ रुपए के सवाल का जवाब देने की भी कोशिश करती हैं। एक न्यूज वेबसाइट को दिए गए इंटरव्यू के दौरान जब हिमानी बुंदेला से पूछा गया कि वो इस जीती हुई रकम से क्या करेंगी तो उन्होंने जवाब दिया, 'मैं विकलांग छात्रों के लिए एक ऐसा कोचिंग सेंटर खोलना चाहती हूं, जहां उन्हें पढ़ाई के लिए एक बेहतर माहौल मिल सके।'

हिमानी ने शो में कुल कितनी रकम जीती?
हिमानी बुंदेला से जब पूछा गया कि उन्होंने 'कौन बनेगा करोड़पति' शो में कुल कितनी रकम जीती है, तो उन्होंने जवाब दिया, 'मैंने शो में कितनी रकम जीती है, उसका खुलासा फिलहाल मैं नहीं कर सकती। मैं एक समावेशी कोचिंग शुरू करना चाहती हूं। हमारे पास एक समावेशी यूनिवर्सिटी तो है, लेकिन कोचिंग नहीं है। मैं जो कोचिंग सेंटर खोलना चाहती हूं, उसमें विकलांग और सामान्य बच्चे एक साथ प्रतियोगी परिक्षाओं की तैयारी करेंगे।'

'लॉकडाउन में बंद हो गया पिता का बिजनेस'
अपनी योजनाओं के बारे में खुलकर बात करते हुए हिमानी ने बताया, 'हम उन विकलांग छात्रों को यूपीएससी और सीपीसीएस परिक्षाओं के लिए तैयार करेंगे। मैंने नेत्रहीन बच्चों को 'मेंटल मैथ' सिखाने की भी शुरुआत की है। इसके अलावा इन पैसों से मैं अपने पिता का छोटा सा बिजनेस भी फिर से शुरू कराना चाहती हूं, जो कोरोना वायरस महामारी में लॉकडाउन के दौरान पूरी तरह से बंद हो गया। मैं उनके बिजनेस को फिर से शुरू कराऊंगी, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।'

'यकीन नहीं आया, मैं केबीसी में हॉट सीट पर बैठूंगी'
केबीसी में पहुंचने के अपने संघर्ष के बारे में हिमानी बुंदेला ने बताया, 'मैं करीब पिछले 10 साल से इस शो में शामिल होने की कोशिश कर रही थी। शो में शामिल होने के लिए मैं मैंसेज भेजती थी, लेकिन हर बार वो पेंडिंग में ही दिखता था। लेकिन, जब ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू हुई और रजिस्ट्रेशन करने के बाद मुझे मैसेज मिला कि आपका रजिस्ट्रेशन हो गया है तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ। मुझे यकीन नहीं आया कि मैं केबीसी में हॉट सीट पर बैठने जा रही हूं।'

'मन में बस एक बात थी कि खोने के लिए कुछ नहीं है'
हिमानी बुंदेला ने आगे कहा, 'शुरुआत में मैं बहुत घबराई हुई थी, क्योंकि मेरा मुकाबला उन लोगों के साथ था, जिनके पास सीखने के लिए मुझसे कहीं ज्यादा संसाधन थे। वो लोग आसानी से स्क्रीन पर प्रश्नों को देख सकते थे और उनका जवाब भी दे सकते थे। लेकिन, मेरे मन में एक बात और थी कि मेरे पास खोने के लिए कुछ भी नहीं है। या तो कुछ नया सीखेंगे, या जीतेंगे। मैं उस वक्त की अपनी फीलिंग्स बयां नहीं कर सकती, जब मैं हॉट सीट पर बैठी थी'

'डर लग रहा है, अगर गलत हुआ तो...'
गौरतलब है कि सोनी टीवी ने जो प्रोमो जारी किया है, उसमें हिमानी एक करोड़ रुपए के लिए फाइनल सवाल का जवाब दे देती हैं और अमिताभ बच्चन खड़े होकर उन्हें खुशखबरी देते हैं कि वो एक करोड़ रुपए जीत गई हैं। प्रोमो वीडियो में हिमानी बुंदेला कहती हैं, 'डर लग रहा है, अगर गलत हुआ तो...लेकिन मन कह रहा है कि जवाब दो, यही सही जवाब है।'
ये भी पढ़ें- KBC के लिए 'बिग बी' हो रहे थे लेट और नल में नहीं आ रहा था पानी, सोशल मीडिया पर फैंस से मांगी माफी
'एक्सीडेंट की वजह से गई हिमानी की आंखों की रोशनी'
आपको बता दें कि 2011 में एक एक्सीडेंट की वजह से हिमानी की आंखों की रोशनी चली गई थी। डॉक्टरों ने उनकी आखों के कई ऑपरेशन किए, लेकिन हिमानी की आंखों की रोशनी नहीं लौट पाई। इसके बावजूद हिमानी बुंदेला का हौंसला नहीं टूटा और उन्होंने अपना पूरा जीवन समावेशी शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया। हिमानी का मानना है कि इंसान को खुश रहना चाहिए और दूसरों के बीच भी खुशियां बांटनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications