मुंबई में दिखे विल स्मिथ तो बोले वीर दास, यहां आप मुकदमों से कॉमेडियन को मारना सीख सकते हैं
मुंबई, 23 अप्रैल: बीते महीने ऑस्कर अवार्ड्स सेरेमनी में कॉमेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ मारने को लेकर चर्चा में रहे हॉलीवुड अभिनेता विल स्मिथ भारत आए हैं। शनिवार को मुंबई के एक निजी हवाई अड्डे से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। विल के मुंबई में होने की बात सामने आने के बाद कॉमेडियन वीर दास ने उनका खास अंदाज में स्वागत किया है। देश में कॉमेडियनों पर होने वाले मुकदमों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि विल यहां थप्पड़ की बजाय कानूनी तौर पर कॉमेडियनों को मारने की कला सीख सकते हैं।

क्या बोले वीर दास
वीर दास ने इंस्टाग्राम पर लिखा, क्या विल स्मिथ भारत में हैं? ये बहुत अच्छा है। यहां वो किसी कॉमेडियन को अपने हाथों से थप्पड़ मारना बंद करन कानूनी मामलों के साथ उसे मारना कैसे शुरू करें, ये सीख सकते हैं।

वीर दास पर हुए थे केस
वीर दास ने बीते साल वॉशिंगटन डीसी में जॉन एफ कैनेडी सेंटर फॉर द परफॉर्मिंग आर्ट्स में परफॉर्मेंस दी थी। इसमें उन्होंने भारत की समाजी और कानूनी व्यवस्था को लेकर कुछ टिप्पणिया की थीं। जिसके बाद वह यहां लोगों के निशाने पर आ गए थे। उनके खिलाफ देश के कई हिस्सों में केस भी दर्ज कराए गए थे। अपने इसी घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में वीर दास ने ये पोस्ट किया है।

विल ने क्यों मारा था थप्पड़
बीते महीने बेस्ट एक्टर का ऑस्कर पुरस्कार जीतने वाले विल स्मिथ ने मंच पर ही कॉमेडियन क्रिस रॉक को थप्पड़ जड़ दिया था। विल स्मिथ को अवॉर्ड मिलने से पहले ये वाकया हुआ। क्रिस रॉक ने कार्यक्रम के दौरान विल स्मिथ की पत्नी जेडा पिंकेट को लेकर मजाक किया था। इस पर पहले तो विल स्मिथ चिल्लाए फिर उठकर मंच पर गए और क्रिस रॉक को थप्पड़ जड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications