विक्रम बत्रा की मंगेतर डिंपल चीमा ने आज तक नहीं की शादी, शहीद के पिता बोले- 'हमने लाख कोशिश की लेकिन वो...'
विक्रम बत्रा की मंगेतर डिंपल चीमा ने आज तक नहीं की शादी, शहीद के पिता बोले- 'हमने लाख कोशिश की लेकिन वो...'
मुंबई, 22 अगस्त: कारगिल युद्ध के हीरो शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा की पिछले कुछ दिनों से हर जगह चर्चा हो रही है। विक्रम बत्रा की जिंदगी पर बनी फिल्म ''शेरशाह'' हाल ही में रिलीज हुई है। फिल्म में विक्रम बत्रा का किरदार सिद्धार्थ मल्होत्रा ने और विक्रम की मंगेतर डिंपल चीमा का किरदार कियारा आडवाणी ने निभाया है। फिल्म के रिलीज होने के बाद से विक्रम बत्रा और डिंपल चीमा की लव स्टोरी चर्चा में है। विक्रम बत्रा के कारगिल में 7 जुलाई 1999 में शहीद होने के बाद से उनकी प्रेमिका डिंपल ने शादी नहीं की है। वह अब भी कुंवारी हैं और टीचर हैं। डिंपल चीमा के बारे में बात करते हुए कैप्टन विक्रम बत्रा के माता-पिता गिरधर लाल बत्रा और कमल कांत बत्रा ने कहा है कि हमारी लाख कोशिशों के बाद भी डिंपल ने शादी नहीं की।
Recommended Video

'डिंपल चीमा की शादी करवाने की बहुत कोशिश की'
हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू में विक्रम के पिता गिरधर लाल बत्रा और उनकी मां कमल कांत बत्रा ने कहा है कि विक्रम के शहीद होने के बाद उन्होंने डिंपल चीमा को शादी करने और अपने जीवन में आगे बढ़ने को कहा था। गिरधर लाल बत्रा ने कहा, डिंपल की शादी करवाने को लेकर हम उनके माता-पिता से भी मिले। हम सबने मिलकर डिंपल को घर बसाने के लिए मनाने की कोशिश की लेकिन उसने साफ-साफ मना कर दिया। डिंपल ने कहा कि वह 'विक्रम की यादों के साथ' जीना चाहती हैं।

'डिंपल रिश्तों को समझती हैं, वह बहुत ही इज्जतदार लड़की है'
कैप्टन विक्रम बत्रा के पिता ने कहा, "जब तक मेरा बच्चा गलत रास्ते पर नहीं जा रहा है, मैं हमेशा एक लिबरल पिता के तौर पर रहा हूं। विक्रम ने हमें डिंपल और उनकी शादी करने के इरादे के बारे में बहुत पहले ही बता दिया था। मैंने विक्रम को कहा था कि मैं उनके फैसले में उनका साथ हूं। मुझे शुरू से ही पता था कि डिंपल बहुत ही इज्जतदार लड़की है जो रिश्तों को समझती है।"

'सिर्फ डिंपल से ही शादी करना चाहता था विक्रम''
कैप्टन विक्रम बत्रा के पिता ने कहा, ''मैंने विक्रम से कई बार पूछा था कि उन्हें क्या पूरी तरह से यकीन है कि वह डिंपल से शादी करना चाहते हैं। जिसपर विक्रम ने कहा था कि वह डिंपल को लेकर बहुत गंभीर हैं और वह सिर्फ उन्ही से शादी करना चाहते हैं।''

डिंपल ने कहा- जीने के लिए विक्रम की यादें ही काफी है, शादी नहीं करूंगी'
कैप्टन विक्रम बत्रा के पिता ने आगे कहा, ''कारगिल युद्ध में विक्रम के जाने के बाद हमने डिंपल को शादी करने के लिए कहा क्योंकि उसके आगे सारा जीवन था। डिंपल के माता-पिता ने भी उसे शादी कर जीवन में आगे बढ़ने को कहा। लेकिन डिंपल ने हर बार मना कर दिया। डिंपल ने कहा कि वह शादी नहीं करेंगी। डिंपल ने कहा था कि जीने के लिए विक्रम की यादें ही काफी हैं और वह अपनी बाकी जिंदगी विक्रम की यादों के साथ जीना चाहती हैं।''

अब भी विक्रम बत्रा के परिवार संग गहरा है डिंपल चीमा का रिश्ता
विक्रम बत्रा के परिवार संग अब भी डिंपल चीमा का रिश्ता गहरा है। विक्रम के माता-पिता ने बताया कि डिंपल अब भी उनके संपर्क में हैं। कैप्टन विक्रम बत्रा के पिता ने कहा, डिंपल उन्हें साल में एक या दो बार फोन करती हैं, खासकर जन्मदिन पर। हमारे बीच साल में दो से तीन बार ही बात होती है। 7 जुलाई 1999 में कारगिल युद्ध में विक्रम बत्रा शहीद हो गए थे। विक्रम बत्रा के जाने के बाद उनकी मंगेतर डिंपल चीमा ने आज तक शादी नहीं की है।

कियारा ने डिंपल के लिए कही ये बात
शेरशाह फिल्म की एक्ट्रेस कियारा आडवाणी ने हाल ही में मिड-डे को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि डिंपल फिल्म के गानों से काफी प्रभावित हुई हैं। फिल्मे के गानों ने उन्हें गहराई से छुआ है। कियारा ने कहा था, "मैंने फिल्म के बाद डिंपल को मैसेज किया था। यह उनके लिए एक इमोशनल फिल्म है। मैं अभी उनकी निजता का सम्मान करना चाहती हूं। जब मैं फिल्म के बाद कैप्टन बत्रा के परिवार से मिली तो उन्होंने कहा कि मैं बिल्कुल डिंपल की तरह ही फिल्म में लग रही थी। ये सुनकर मेरी आंखों में आंसू आ गए। मुझे पता है कि गानों ने डिंपल को गहराई से छुआ है। उन्हें इस बात पर गर्व होना चाहिए कि कहानी लोगों को पसंद आ रही है।"












Click it and Unblock the Notifications