विक्की कौशल की 'महावतार' ठंडे बस्ते में गई? खुद डायरेक्टर अमर कौशिक ने सच्चाई बता दी
Vicky Kaushal Mahavatar: अभिनेता विक्की कौशल की आने वाली पौराणिक एक्शन-ड्रामा फिल्म 'महावतार' का इंतजार कर रहे फैंस को अब कुछ और महीनों का इंतजार करना पड़ेगा। पहले यह फिल्म दिसंबर 2026 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। फिल्म के निर्देशक अमर कौशिक ने इस देरी के पीछे की वजह खुद बताई है।
दिवाली के मौके पर रिलीज हुई फिल्म 'थामा' से पहले दर्शकों को 'शक्तिशालिनी' का 60 सेकंड का टीज़र दिखाया गया। इस प्रोमो में अनित पड्डा को मुख्य किरदार के रूप में पेश किया गया और रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 तय की गई। यह वही तारीख थी जो पहले 'महावतार' के लिए निर्धारित थी।

अमर कौशिक ने बताई तैयारी की स्थिति
अमर कौशिक ने एक इंटरव्यू में कहा, "हम पिछले छह-सात महीनों से तैयारी कर रहे हैं। सेट डिजाइन, हथियारों के कॉन्सेप्ट और किरदारों के लुक पर काम चल रहा है। स्क्रिप्ट पूरी हो चुकी है, लेकिन हमें थोड़ा और वक्त चाहिए।" उन्होंने बताया कि विक्की कौशल अपनी बाकी फिल्में पूरी करने के बाद 'महावतार' की तैयारी शुरू करेंगे। निर्देशक के अनुसार, फिल्म की शूटिंग अगले साल के मध्य में शुरू होने की संभावना है।
परशुराम की कथा से प्रेरित कहानी
अमर कौशिक ने बताया कि यह कहानी उन्हें बचपन से प्रेरित करती रही है। उन्होंने कहा, "मेरे लिए, यह एक बहुत बड़ा जुनूनी प्रोजेक्ट है। जब मैं अरुणाचल प्रदेश में स्कूल में था, तो पास ही एक परशुराम कुंड हुआ करता था। मैं अपनी माँ से पूछता था कि परशुराम कौन थे, लेकिन मुझे इस बारे में ज़्यादा बात न करने को कहा गया था। मुझे बस इतना बताया गया था कि वे काफ़ी गुस्सैल स्वभाव के थे। इसलिए, मैं इस किरदार से काफ़ी प्रभावित हुआ। जब मैंने बाद में इसके बारे में पढ़ा, तो मैं दंग रह गया और सोचता रहा, 'क्या मैं कभी इस विषय पर फ़िल्म बना पाऊँगा?'" बता दें, अमर के लिए ये प्रोजेक्ट महत्वकांक्षी है।












Click it and Unblock the Notifications