Uunchai Film Review: सच्ची दोस्ती और इमोशंस को दिल में जगाती है 'ऊंचाई', देखकर आंखों से छलक जाएंगे आंसू
Uunchai Film Review: राजश्री प्रोडक्शन की फिल्म 'ऊंचाई' में प्यार, दोस्ती, सपने और इमोशंस बड़े ही अच्छे तरीके से दिखाए गए हैं। थियेटर से बाहर निकलते समय आपका दिल हर तरह के भावनाओं से भरा रहेगा।
Uunchai Film Review: बॉलीवुड के फेमस डायरेक्टर सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनीं फिल्म 'ऊंचाई' ने लोगों का दिल जीत लिया है। गत 11 नवंबर को सिनोमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को लोगों का अच्छा रेस्पॉन्स मिल रहा है। आपको बता दें कि इस फिल्म के जरिए डायरेक्टर सूरज बड़जात्या 7 साल बाद बड़े पर्दे पर लौटे हैं। राजश्री प्रोडक्शन की इस फिल्म में प्यार, दोस्ती, सपने और इमोशंस बड़े ही अच्छे तरीके से दिखाए गए हैं। फिल्म को देखने के बाद लोगों का कहना है कि थियेटर से बाहर निकलते समय आपका दिल हर तरह के भावनाओं से भरा रहेगा और आपके आंखों में खुशी के आंसू जरूर होंगे। इस फिल्म में आपको बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर, बोमन ईरानी, डैनी डेंजोंगप्पा, नीना गुप्ता, सारिका और परिणीति चोपड़ा मौजूद हैं।

कुछ ऐसी है फिल्म की कहानी
फिल्म की कहानी तीन दोस्तों अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर और बोमन ईरानी और उनके साथ सारिका के ग्रुप से शुरू होती है। ये सभी लोग ट्रैक पर होते हैं और एवरेस्ट बेस कैंप तक पहुंचना चाहते हैं। इसमें उनकी टूर गाइड परिणीति चोपड़ा हैं। कहानी में दो महीने का फ्लैशबैक आता है और दिखाया जाता है कि वो यहां तक कैसे पहुंचे और उसके बाद आखिर उनके साथ क्या हुआ। कहानी फिर से दिल्ली वापस लौटती है और बताया जाता है कि तीन दोस्तों ने अपने करीबी दोस्त डैनी डेंजोंगप्पा का जन्मदिन मनाया और अगली सुबह उसके निधन से सभी सदमे में चले जाते हैं।

दोस्त की इच्छा को पूरा करने का फैसला
डैनी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप में जाना चाहते थे। डैनी अपने बचपन के दोस्तों के साथ फिर से जीवन जीना चाहते थे। उनके दोस्त इस इच्छा को कैसे पूरा करते हैं यही फिल्म 'ऊंचाई' की कहानी है। डैनी की मौत के बाद, उसके तीन दोस्त, अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर और बोमन ईरानी उसकी याद में ट्रेकिंग करने का फैसला करते हैं।

दोस्तों के सामने चुनौतीपूर्ण ट्रेक
फिल्म में दिखाया गया है कि 65 साल से अधिक उम्र के पुरुषों के लिए इस चुनौतीपूर्ण ट्रेक को करना कितना मुश्किल भरा हो सकता है। उम्र और कठिनाइयों के कारण इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि तीनों ट्रेक पूरा कर सकेंगे। 'ऊंचाई' इन सभी चीजों को बहुत खूबसूरती से दिखाती है।

स्क्रीन पर दिखी बेजोड़ दोस्ती
अमिताभ बच्चन, अनुपम खेर और बोमन ईरानी को देखते हुए आपको फिल्म 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' की याद आने लगती है। तीनों एकसाथ स्क्रीन पर बेजोड़ दिखाई देते हैं। अमिताभ बच्चन कहानी को लीड करते हुए दिखते हैं। फिल्म में नीना गुप्ता और बोमन ईरानी की एक प्यारी सी केमेस्ट्री भी दिखती है।

सारे इमोशन्स जगाती है फिल्म
नीना गुप्ता के एक्सप्रेशंस और डायलॉग डिलीवरी आपको हंसाएंगे भी। डैनी लंबे समय बाद पर्दे पर नजर आए हैं और उन्हें देखना अच्छा लगेगा। सुनील गांधी ने इस फिल्म की कहानी को बड़े ही अच्छे तरीके से लिखा है। इस कहानी को देखकर आपके अंदर के सारे इमोशंस जाग जाएंगे। फिल्म का म्यूजिक भी दिल को सुकून पहुंचाता है। ये फिल्म पूरी तरह से फैमिली एंटरटेनिंग है।












Click it and Unblock the Notifications