केके की मौत पर खड़े हुए सवाल, कोलकाता पुलिस ने दर्ज किया केस, जानिए क्या पड़ताल करेगी पुलिस
कोलकाता, 01 जून। लोकप्रिय गायक केके निधन के बाद हर कोई सकते में हैं, किसी को इस बात पर यकीन नहीं हो रहा है जो कुछ देर पहले लाइव परफॉर्म कर रहा था उसकी मौत कैसे हो सकती है। हालांकि केके की मौत दिल का दौरा पड़ने की वजह से बताई जा रही है। लेकिन इस पूरे मामले में अब नया मोड़ आ गया है। दरअसल केके के चेहरे और शरीर पर चोट के निशान हैं , जिसके बाद उनकी मौत को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। कोलकाता पुलिस ने भी केके की मौत का मामला दर्ज कर लिया है और अब कोलकाता पुलिस केके की मौत की वजह की जांच करेगी।
Recommended Video

ज्वाइंट कमिश्नर पहुंचे होटल
ज्वाइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस मुरलीधर शर्मा केके की मौत के बाद उस होटल पहुंचे जहां केके ठहरे थे और कार्यक्रम के बाद केके सीधा यहीं पहुंचे थे। होटल में तबीयत बिगड़ने के बाद केके को अस्पताल ले जाया गया था। केके कोलकाता में गुरुदास कॉलेज में प्रस्तुति देने के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद केके कोलकाता स्थित अपने होटल पहुंचे जहां उनकी तबीयत बिगड़ गई और इसके बाद उन्हें आनन-फानन में सीएमआरआईले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर का कहना था कि केके का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।

पुलिस करेगी सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल
केके की मौत के बाद कोलकाता पुलिस ने इस मामले में अप्राकृतिक मौत का केस दर्ज किया है और इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी और समझने की कोशिश करेगी कि आखिर हुआ क्या था। होटल से अस्पताल ले जाने के बीच केके के साथ क्या हुआ इसकी पड़ताल सीसीटीवी फुटेज के जरिए होगी। दरअसल कुछ रिपोर्ट में दावा किया गया है कि केके अस्पताल में तबीयत बिगड़ने से गिर गए थे, जिसकी वजह से उनके चेहरे पर चोट के निशान आए हैं।

ऑटोप्सी के बाद साफ होगी स्थिति
डॉक्टरों का कहना है कि जब केके को अस्पताल लाया गया तो उनका देहांत पहले ही हो चुका था। यानि कि केके की अस्पताल आते समय रास्ते में ही मृत्यु हो गई थी। केके के परिवार के सदस्यों की अनुमति लेने के बाद उनकी ऑटोप्सी की जाएगी। सोशल मीडिया पर केके के कई वीडियो भी सामने आए हैं जहां केके अपना परफॉर्मेंस देने के लिए गए थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि केके गर्मी से काफी परेशान थे।

गर्मी से काफी परेशान थे केके
सोशल मीडिया पर जो एक वीडियो शेयर किया जा रहा है उसमे देखा जा सकता है कि केके हॉल में एसी काम नहीं करने की शिकायत कर रहे हैं। वह बार-बार तौलिए से अपना पसीना पोछ रहे हैं। गर्मी के चलते केके काफी परेशान नजर आ रहे हैं। एक और वीडियो भी सामने आया है जिसमे देखा जा सकता है कि केके आनन-फानन में अपने बॉडीगार्ड और टीम के साथ कार्यक्रम स्थल से बाहर जा रहे हैं, जिसमे केके की हालत ठीक नजर नहीं आ रही है।












Click it and Unblock the Notifications