माफी मांगने के बाद भी लोगों का गुस्सा झेल रहे हैं अक्षय कुमार, पुरानी सिगरेट बनी वजह
नई दिल्ली, 22 अप्रैल। बॉलीवुड के मिस्टर खिलाड़ी अक्षय कुमार तंबाकू के विज्ञापन की वजह से जबरदस्त ट्रोल हो रहे हैं। हालांकि सोशल मीडिया पर उन्होंने लोगों से माफी मांग ली है लेकिन लोग उन पर निशाना साधने से बाज नहीं आ रहे हैं क्योंकि इस वक्त उनका एक पुराना एड और वीडियो वायरल हो रहा है।

'गुटखा-सिगरेट के कई ऐड ऑफर होते हैं'
दरअसल पुराने एड की जो तस्वीर वायरल हो रही है, उसमें अक्षय कुमार एक मशहूर कंपनी के सिगरेट का प्रचार करते नजर आ रहे हैं और जो पुराना वीडियो वायरल हो रहा है, वो किसी इवेंट का है, जिसमें वो कह रहे हैं कि उन्हें गुटखा-सिगरेट के कई ऐड ऑफर होते हैं, लेकिन वो कभी नहीं करते, क्योंकि वो गलत काम नहीं करेंगे।
Recommended Video

अक्षय कुमार की आलोचना
इसी वीडियो और एड को लेकर लोग जबरदस्त ढंग से अक्षय कुमार की आलोचना कर रहे हैं और उन्हें झूठा और नाटकीय बता रहे हैं। लोग उन पर दोहरा चरित्र होने का भी आरोप लगा रहे हैं और कह रहे हैं कि वो गलत बातें करते हैं।

क्या है मामला?
आपको बता दें कि लोकप्रिय तंबाकू उत्पाद के विज्ञापन में हाल ही में अक्षय कुमार अभिनेता अजय देवगन और एक्टर शाहरुख खान के साथ नजर आए थे, जिसके बाद लोग उन्हें ट्रोल करने लगे। जिस पर अक्षय कुमार ने खुद को इस तंबाकू कंपनी के विज्ञापन से अलग करने का ऐलान कर दिया और देर रात सोशल मीडिया पर ट्वीट करके इसकी जानकारी देते हुए लोगों से माफी मांगी।
अक्षय ने मांगी माफी
उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि 'मैं आप सभी लोगों से माफी मांगना चाहता हूं, मैंने कभी भी तंबाकू का प्रचार नहीं किया है और ना ही आगे कभी करूंगा। मैं आप लोगों की भावनाओं की कद्र करता हूं, जिस तरह से आपने मेरे विमल इलाइची के विज्ञापन पर अपनी प्रतिक्रिया दी।मैं पूरी विनम्रता से इस विज्ञापन से खुद को अलग कर रहा हूं, मैंने फैसला लिया है कि मैं विज्ञापन से हासिल हुए पूरे पैसे को एक बेहतर काम के लिए इस्तेमाल करूंगा।'
लोगों ने उठाए सवाल
लेकिन अक्षय के माफी मांगने के बावजूद अक्षय कुमार के प्रति लोगों का गुस्सा खत्म नहीं हुआ। लोगों ने अक्षय की दिनचर्या और पोस्ट पर भी सवाल उठा दिए हैं। दरअसल अक्षय ने जब माफीनामा सोशल मीडिया पर डाला तो रात के एक बज रहे थे। आमतौर पर कहा जाता है कि अक्षय कुमार फिटनेस लवर हैं और एक सधी हुई लाइफ जीते हैं। वो रात 9 बजे सो जाते हैं और सुबह चार बजे उठते हैं। वो लेट नाइट पार्टी और इवेंट में भी नहीं जाते हैं। ऐसे में लोगों ने प्रश्न किया है कि अगर रात एक बजे अक्षय ने माफीनामा लिखा तो इसका मतलब ये हुआ कि वो जग रहे थे, तो क्या जो उनके बारे में बताया जाता है, वो झूठी बातें हैं।












Click it and Unblock the Notifications