TMKOC: प्रिया आहूजा राजदा ने प्रोड्यूसर के खिलाफ दिया बयान, कहा- असित मोदी ने मुझे मक्खी की तरह फेंक दिया
प्रिया आहूजा ने बताया कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' शो में काम करने वाले कलाकारों को मानसिक रूप से परेशान किया जाता है। मुझे भी कई तरह की परेशानियों का सामना करा पड़ा है। मुझे 9 महीने से सेट पर नहीं बुलाया गया है।

Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah: टीवी का फेमस सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' इन दिनों बुरी तरह से विवादों में घिर चुका है। एक बाद एक कई कलाकार इस शो के प्रोड्यूसर असित मोदी के खिलाफ बयानबाजी करते नजर आ रहे हैं। इस शो के कलाकार सोशल मीडिया पर लोगों को बता रहे हैं कि सेट पर किस तरह का माहौल होता है और शो के कलाकारों के साथ प्रोड्यूसर कैसा बर्ताव करते हैं। कुछ दिनों पहले ही शो की एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री ने सीरियल के प्रोड्यूसर असित मोदी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उसके बाद मोनिका भदौरिया ने असित मोदी पर अपना निशाना साधा था। अब एक्ट्रेस प्रिया आहूजा रजदा ने भी इस शो और असित मोदी को लेकर कई तरह की बातें कही हैं।
प्रिया आहूजा ने किए बड़े खुलासे
टीवी एक्ट्रेस प्रिया आहूजा राजदा सीरियल 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रीटा रिपोर्टर का रोल प्ले कर रही थीं। वह शो के लॉन्च के वक्त से ही इसका हिस्सा रही हैं। हालांकि प्रिया आहूजा राजदा शो के सेट पर कलाकारों के साथ होने वाले बर्ताव से बिल्कुल खुश नहीं थीं। प्रिया आहूजा राजदा ने ईटाइम्स टीवी से बातचीत में बताया कि वह शो से क्यों गायब हैं। इसके अलावा प्रिया ने अपने को-स्टार्स शैलेष लोढ़ा, जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल और मोनिका भदौरिया के बयान को लेकर भी कई खुलासे किए हैं।
'सेट पर कलाकारों के साथ होता है बुरा बर्ताव'
प्रिया आहूजा राजदा ने दावा किया था कि सेट पर सभी कलाकारों के साथ काफी बुरा बर्ताव किया जाता है। आपको बता दें कि प्रिया आहूजा राजदा ने इस शो के पूर्व डायरेक्टर मालव राजदा से शादी की है। मालव राजदा ने कुछ महीने पहले इस शो को क्विट कर दिया था। प्रिया आहूजा इंटरव्यू में कहा- 'तारक मेहता' शो में काम करने पर इसके कलाकारों को मानसिक प्रताड़ना से गुजरना पड़ता है। मानसिक रूप से मैं भी वहां काम करते हुए मुश्किलों से गुजरी हूं। लेकिन इसका मुझ पर ज्यादा असर नहीं हुआ, शायद इसलिए क्योंकि मेरे पति मालव, जो 14 साल तक शो के डायरेक्टर रहे, उस शो से जुड़े हुए थे और कमा रहे थे।
'काम को लेकर कई बातें सुनाते थे प्रोड्यूसर'
प्रिया आहूजा ने बताया- इस शो में काम करने का एक फायदा ये हुआ कि मेरे पास कोई कॉन्ट्रैक्ट नहीं था, इसलिए मुझे बाहर काम करने से कभी नहीं रोका गया। असित कुमार मोदी भाई, सोहिल रमानी या जतिन बजाज जो कि मेरे छोटे भाई की तरह हैं, उन्होंने मेरे साथ कभी दुर्व्यवहार नहीं किया। प्रिया आहूजा ने आगे कहा- लेकिन जहां तक काम का संबंध है, मेरे साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया गया। मालव से जैसे ही मेरी शादी हुई, उसके बाद उन लोगों ने मेरा रोल कम कर दिया। प्रेग्नेंसी के बाद और मालव के शो छोड़ने के बाद शो में मेरे रोल को लेकर मुझसे कुछ नहीं पूछा जाता था। मुझे किसी बात की जानकारी नहीं होती थी। मैंने असित भाई को कई बार मैसेज किया और उनसे शो में मेरे ट्रैक के बारे में पूछा लेकिन कोई जवाब नहीं आया।
'मैंने काम के लिए असित मोदी को कई बार फोन किया'
प्रिया ने आगे कहा- कभी-कभी असित मोदी कहते थे कि अरे तुझे काम करने की क्या जरूरत है पति मालव तो काम कर ही रहा है। मैं एक इंसान हूं और मुझे ये शो इसलिए नहीं मिला क्योंकि मैं मालव की पत्नी थी। मालव से शादी करने से पहले मैं इस शो का हिस्सा थी। मुझे कभी भी सही रिस्पॉन्स नहीं मिला। प्रिया आहूजा ने बताया- मैनें असित मोदी को बार-बार काम के लिए फोन किया था। मैंने शो में अपने रोल के बारे में जानने के लिए फोन किया था।
'उन लोगों ने मेरे कॉल का जवाब देना बंद कर दिया था'
प्रिया आहूजा ने कहा- मैंने असित मोदी की टीम से कई बार संपर्क किया, लेकिन कभी कोई खास जवाब नहीं मिला। मुझे बुरा लग रहा था कि जब से मालव ने ये शो छोड़ा तब से उन्होंने मेरे मैसेज का कॉल या जवाब देना बंद कर दिया था। उन्हें शो छोड़े हुए छह महीने बीत चुके थे और उन लोगों ने मुझे शूटिंग के लिए नहीं बुलाया। मुझे लगता है कि एक कलाकार के रूप में मेरे साथ ये गलत हुआ।
'शो के कलाकार असित मोदी से परेशान हैं'
प्रिया ने आगे कहा- मैंने असित भाई को एक मैसेज भी किया था कि क्या मैं अभी भी शो का हिस्सा हूं? लेकिन मुझे उनकी तरफ से ही कोई जवाब नहीं मिल रहा था। अगर मैं शो का हिस्सा नहीं भी हूं तो मुझे बताओ। मैं वापस आने के लिए नहीं मर रही हूं। लेकिन ये गलत है कि मालव ने शो छोड़ दिया है, इसलिए अब आप मुझे कॉल नहीं करना चाहते। प्रिया आहूजा ने कहा कि मोनिका भदौरिया और बाकी जो भी लोग असित मोदी के खिलाफ बोल रहे हैं, वो बिल्कुल गलत नहीं हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि असित मोदी और उनके लोगों ने तो उनके साथ भी बुरा बर्ताव किया।
'मुझे सेट पर 9 महीने से नहीं बुलाया गया है'
प्रिया ने कहा- मुझे आप ने 9 महीनों से शो पर नहीं बुलाया क्योंकि आपका मालव के साथ रिश्ता खत्म हो चुका है और आपने उसके बाद मुझे मक्खी की तरह निकालकर फेंक दिया। प्रिया ने ये भी कहा कि एक्ट्रेस जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल सेट पर बहुत ही अच्छे तरीके से पेश आती थीं और उन्होंने कभी भी किसी के साथ गलत बर्ताव नहीं किया। आपको बता दें कि असित मोदी और उनके प्रोडक्शन हाउस ने एक स्टेटमेंट जारी कर जेनिफर मिस्त्री बंसीवाल पर अनप्रोफेशनल होने और सेट पर लेट आने का आरोप लगाया था।












Click it and Unblock the Notifications