क्या Sushmita Sen ने ललित मोदी से लूटे पैसे-प्रॉपर्टी? सामने आया सच, 50 साल की एक्ट्रेस के पास कितनी संपत्ति?
Sushmita Sen Net Worth: बॉलीवुड की सबसे सफल और प्रेरणादायक एक्ट्रेसेस में गिनी जाने वाली सुष्मिता सेन एक बार फिर चर्चा में हैं। इसकी वजह उनकी कोई नई फिल्म नहीं बल्कि पूर्व आईपीएल चेयरमैन ललित मोदी (Lalit Modi) का हालिया बयान है। ललित मोदी ने एक इंटरव्यू में सुष्मिता सेन को आर्थिक रूप से बेहद मजबूत और आत्मनिर्भर महिला बताते हुए कहा है कि जब भी दोनों साथ बाहर जाते थे तो ज्यादातर खर्च एक्ट्रेस खुद उठाती थीं।
ललित मोदी ने सुष्मिता सेन के लिए कही ऐसी बात
ललित मोदी ने कहा- सुष्मिता सेन हमेशा से आत्मनिर्भर रही हैं और उन्होंने अपनी मेहनत से अपनी पहचान बनाई है। ललित मोदी ने बताया कि सुष्मिता सेन ने अपने जीवन में कभी किसी से आर्थिक सहायता लेने की जरूरत महसूस नहीं की और वह अपने फैसले खुद लेने वाली मजबूत महिला हैं।

'असली हीरा हैं सुष्मिता सेन'
-पूर्व आईपीएल अध्यक्ष ललित मोदी ने सुष्मिता सेन की तारीफ करते हुए उन्हें एक बेहद सफल और सम्मानित महिला बताया। उन्होंने कहा कि एक्ट्रेस ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर जो कुछ हासिल किया है, वह काबिल-ए-तारीफ है। ललित मोदी के अनुसार सुष्मिता सेन कभी किसी पर निर्भर नहीं रहीं और यही बात उन्हें बाकी लोगों से अलग बनाती है।
-ललित मोदी ने ये भी कहा कि लोगों ने उन्हें जिस तरह से पेश किया, वह वास्तविकता से बिल्कुल अलग था। उनके शब्दों में सुष्मिता सेन खुद एक असली हीरा हैं और उनके व्यक्तित्व की सबसे बड़ी खूबी उनकी आत्मनिर्भरता और स्वाभिमान है।
कैसे कमाई करती हैं पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन
इस बयान के बाद एक बार फिर लोगों के बीच ये सवाल उठने लगा है कि आखिर सुष्मिता सेन के पास कितनी संपत्ति है और वह फिल्मों के अलावा किन स्रोतों से कमाई करती हैं। आइए जानते हैं पूर्व मिस यूनिवर्स और बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस सुष्मिता सेन की दौलत और बिजनेस साम्राज्य के बारे में।
मिस यूनिवर्स से बॉलीवुड स्टार बनने तक का सफर
-19 नवंबर 1975 को हैदराबाद में जन्मीं सुष्मिता सेन ने बहुत कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर दिया था। साल 1994 में उन्होंने मिस यूनिवर्स का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर इतिहास रच दिया था। इसके बाद उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की ओर रुख किया और साल 1996 में फिल्म 'दस्तक' से बॉलीवुड में कदम रखा।
-अपने करियर में सुष्मिता सेन ने कई यादगार फिल्मों में काम किया और धीरे-धीरे इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी सफलता का सफर सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं रहा बल्कि उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी कदम जमाया।
कितनी है सुष्मिता सेन की कुल संपत्ति?
-GQ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार सुष्मिता सेन की कुल संपत्ति करीब 100 करोड़ रुपये के आसपास बताई जाती है। हालांकि समय-समय पर उनके निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों के आधार पर ये आंकड़ा बदल जाता है।
-आपको बता दें कि सुष्मिता सेन की आय का बड़ा हिस्सा फिल्मों, वेब सीरीज, ब्रांड एंडोर्समेंट, बिजनेस वेंचर्स और इंवेस्टमेंट से आता है। यही वजह है कि लंबे समय से फिल्मों में कम सक्रिय रहने के बावजूद एक्ट्रेस की आर्थिक स्थिति लगातार मजबूत बनी हुई है।
लग्जरी घर और शानदार लाइफस्टाइल की मालकिन
-सुष्मिता सेन अपनी दोनों बेटियों रेने और अलीशा के साथ मुंबई के एक आलीशान घर में रहती हैं। जानकारी के अनुसार एक्ट्रेस ने दोनों बेटियों को गोद लिया था और एक सिंगल मदर के रूप में उनकी परवरिश की है।
-मुंबई के अलावा सुष्मिता सेन पास विदेशों में भी प्रॉपर्टी होने की चर्चा है। उनकी लाइफस्टाइल अक्सर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरती है, जहां वह अपने परिवार और फिटनेस से जुड़ी झलकियां शेयर करती रहती हैं।
कार कलेक्शन में शामिल हैं कई लग्जरी गाड़ियां
सुष्मिता सेन को लग्जरी कारों का भी खास शौक है। उनके गैरेज में कई महंगी और प्रीमियम गाड़ियां मौजूद हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके पास मर्सिडीज एएमजी जीएलई 53 कूपे, बीएमडब्ल्यू एक्स6, बीएमडब्ल्यू 7 सीरीज, ऑडी क्यू7, लेक्सस एलएक्स 470 और फिएट लाइनिया जैसी गाड़ियां शामिल हैं। इन कारों की कीमत करोड़ों रुपये में बताई जाती है जो उनकी लग्जरी लाइफस्टाइल की झलक पेश करती हैं।
एक्टिंग के साथ बिजनेस से भी होती है तगड़ी कमाई
-पूर्व मिस यूनिवर्स सुष्मिता सेन की कमाई का सबसे दिलचस्प पहलू उनका बिजनेस पोर्टफोलियो है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार एक्ट्रेस एक फिल्म के लिए करीब 4 करोड़ रुपये की फीस लेती हैं जबकि ब्रांड प्रमोशन के लिए 80 लाख से 1 करोड़ रुपए तक चार्ज करती हैं।
-इसके अलावा सुष्मिता सेन का ज्वैलरी बिजनेस भी चर्चा में रहता है। बताया जाता है कि दुबई में उनका ज्वैलरी स्टोर भी है। एक्ट्रेस हीरोंके बिजनेस से करोड़ों की कमाई करती हैं। जानकारी के अनुसार सुष्मिता सेन वेलनेस और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़ी कंपनी 'सेंसाजियोनी' (Sensazione) की भी मालकिन हैं, जो स्पा, वेलनेस सेंटर और होटल बिजनेस में काम करती है।
-सिर्फ इतना ही नहीं सुष्मिता सेन का अपना प्रोडक्शन हाउस 'तंत्रा एंटरटेनमेंट' भी है जिसके जरिए वह कंटेंट और एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में अपनी मौजूदगी बनाए हुए हैं।
फिल्मों के अलावा OTT पर भी दिख चुका है दमदार अंदाज
-फिल्मों के बाद सुष्मिता सेन ने डिजिटल प्लेटफॉर्म यानी OTT पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। वेब सीरीज 'आर्या' ने उनके करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और दर्शकों ने उनके अभिनय की जमकर तारीफ की।
-इसके बाद सुष्मिता सेन 'ताली' में ट्रांसजेंडर एक्टिविस्ट गौरी सावंत की भूमिका में नजर आई थीं, जहां उनकी परफॉर्मेंस ने लोगों का दिल जीत लिया था। सुष्मिता सेन को आखिरी बार 'आर्या: अंतिम वार' वेब सीरीज में देखा गया था।
ग्लैमर के साथ बिजनेस में भी लगाया तड़का
सुष्मिता सेन उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं जिन्होंने ग्लैमर की दुनिया के साथ-साथ बिजनेस में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। मिस यूनिवर्स से लेकर सफल एक्ट्रेस, सिंगल मदर और बिजनेसवुमन बनने तक का उनका सफर लाखों लोगों के लिए प्रेरणा है। यही वजह है कि आज भी वह सिर्फ अपनी फिल्मों नहीं बल्कि अपनी उपलब्धियों और आत्मनिर्भर व्यक्तित्व के कारण चर्चा में बनी रहती हैं।













Click it and Unblock the Notifications