Sunjay Kapur: 'मैं विधवा हूं, तुम्हें पति ने छोड़ा', तीसरी पत्नी प्रिया और Ex वाइफ करिश्मा का कोर्टरूम ड्रामा
Sunjay Kapur Priya Kapur Karisma Kapoor Court Drama: बॉलीवुड ड्रामे से कम नहीं है ये कोर्टरूम का तमाशा। दिवंगत उद्योगपति संजय कपूर की 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति को लेकर बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट में जबरदस्त हंगामा हुआ। संजय की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर और उनकी पूर्व पत्नी करिश्मा कपूर की बेटी समायरा और बेटे कियान के बीच जंग छिड़ी है।
वजह है- संजय की वसीयत का, जिसमें उनकी सारी निजी संपत्ति प्रिया के नाम बताई गई है। लेकिन करिश्मा के बच्चों ने इस वसीयत को फर्जी बताते हुए कोर्ट में चुनौती दी है।

Karisma Kapoor-Priya Courtroom Fight: कोर्ट में गरमाई बहस
न्यायमूर्ति ज्योति सिंह की बेंच के सामने सुनवाई के दौरान प्रिया कपूर के वकील राजीव नायर ने करिश्मा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, 'ये मुकदमा बिल्कुल बकवास है। मैं संजय की कानूनी पत्नी हूं। प्यार-स्नेह की बातें अब कहां से आ गईं? जब करिश्मा और संजय सुप्रीम कोर्ट तक तलाक की जंग लड़ रहे थे, तब ये सारा प्यार कहां था? आपके पति तो आपको सालों पहले छोड़ गए थे।' प्रिया ने तंज कसते हुए कहा, 'मैं विधवा हूं, थोड़ी सहानुभूति तो दिखाओ।' प्रिया ने ये भी दावा किया कि करिश्मा के बच्चों को आरके फैमिली ट्रस्ट से 1,900 करोड़ रुपये की संपत्ति मिल चुकी है। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा, 'इतना रोना-धोना क्यों? 1,900 करोड़ मिले हैं, और कितना चाहिए?'

Karisma Kids- करिश्मा के बच्चों का आरोप: वसीयत है जाली!
करिश्मा की बेटी समायरा और नाबालिग बेटे कियान (जिनका प्रतिनिधित्व उनकी मां कर रही हैं) ने कोर्ट में दावा किया कि प्रिया ने संजय की वसीयत में हेराफेरी की है। बच्चों का कहना है कि संजय ने कभी वसीयत का जिक्र नहीं किया, और न ही प्रिया या किसी और ने इसके बारे में बताया। उनके वकील महेश जेठमलानी ने कोर्ट को बताया, 'पहले प्रिया ने कहा कि कोई वसीयत नहीं है। फिर अचानक 30 जुलाई को आरके फैमिली ट्रस्ट की मीटिंग में वसीयत सामने आ गई। सात हफ्ते तक इसे छिपाया गया!'
बच्चों ने ये भी आरोप लगाया कि प्रिया के सहयोगी दिनेश अग्रवाल और नितिन शर्मा ने वसीयत को दबाए रखा। इतना ही नहीं, उन्होंने दावा किया कि ये वसीयत पंजीकृत भी नहीं है। बच्चों ने संपत्ति के बंटवारे, खातों के हस्तांतरण और प्रिया के खिलाफ स्थायी निषेधाज्ञा की मांग की है।

कोर्ट का सवाल: वसीयत कहां है?
जब कोर्ट ने वसीयत की प्रति न देने पर सवाल उठाया, तो प्रिया के वकील ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पंजीकृत करने का आदेश नहीं दिया था। इस पर जज ने तल्खी से कहा, 'मुझे समझ नहीं आता कि आपने बच्चों को वसीयत की कॉपी क्यों नहीं दी? वसीयत कहां है? इसे उन्हें दे दीजिए!'

क्या है पूरा मामला?
संजय कपूर की 21 मार्च को बनाई गई कथित वसीयत के मुताबिक, उनकी सारी निजी संपत्ति प्रिया के नाम है। लेकिन करिश्मा के बच्चे इसे फर्जी बता रहे हैं। 12 जून को इंग्लैंड में एक पोलो मैच के दौरान संजय बेहोश हो गए थे, और बाद में उनकी मृत्यु हो गई। बच्चों का कहना है कि प्रिया ने संपत्ति हड़पने के लिए वसीयत में हेरफेर किया। मुकदमे में प्रिया, उनके नाबालिग बेटे, उनकी मां रानी कपूर और वसीयत की कथित निष्पादक श्रद्धा सूरी मारवाह को प्रतिवादी बनाया गया है।
ट्रस्ट और ताज की मीटिंग
जेठमलानी ने कोर्ट को बताया कि प्रिया और करिश्मा के बीच ताज मानसिंह होटल में ट्रस्ट के प्रावधानों पर चर्चा के लिए मीटिंग हुई थी। लेकिन वसीयत का खुलासा अचानक हुआ, जिसने बच्चों को हैरान कर दिया। उन्होंने ये भी कहा कि संजय के अंतिम संस्कार से ठीक एक दिन पहले, समायरा और कियान को एक कंपनी का प्रबंध निदेशक बना दिया गया, जो ट्रस्ट की बड़ी हिस्सेदारी को नियंत्रित करती है।
क्या होगा अगला ट्विस्ट?
30,000 करोड़ की इस संपत्ति की जंग में अभी कई राज खुलने बाकी हैं। क्या प्रिया की वसीयत असली है, या करिश्मा के बच्चों का दावा सही साबित होगा? कोर्ट में ये ड्रामा अभी और रंग जमाएगा। तब तक, बॉलीवुड की इस रियल लाइफ स्क्रिप्ट में अगले ट्विस्ट का इंतजार कीजिए!
ये भी पढ़ें- संजय कपूर की वसीयत विवाद में नया मोड़! करिश्मा कपूर के बाद अब सास ने करोड़ों की प्रॉपर्टी पर ठोका दावा












Click it and Unblock the Notifications