Srikanth: तमिल एक्टर श्रीकांत ड्रग्स केस में गिरफ्तार, 7 जुलाई तक मिली न्यायिक हिरासत, जानें क्या है मामला
Srikanth: तमिल फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर एक्टर श्रीकांत इस वक्त एक गंभीर कानूनी विवाद में उलझ गए हैं। नशीले पदार्थों से जुड़े एक मामले में उनका नाम सामने आने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। करीब 8 घंटे तक चली गहन पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
श्रीकांत को 7 जुलाई 2025 तक न्यायिक हिरासत में भेजा गया
खबर है कि तमिल एक्टर श्रीकांत को आगामी 7 जुलाई 2025 तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, श्रीकांत का ब्लड सैंपल किलपौक मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के लिए भेजा गया था। मेडिकल रिपोर्ट में अभिनेता के शरीर में मादक पदार्थ पाए जाने की पुष्टि हुई है।

पूर्व एआईएडीएमके नेता हिरासत में
इसके आधार पर ही श्रीकांत को एग्मोर स्थित 14वें मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट के आवास पर ले जाकर रिमांड पर लिया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जड़ तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पूर्व एआईएडीएमके नेता टी प्रसाद को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं, जिसके बाद एक्टर श्रीकांत और एक अन्य कलाकार से भी नुंगमबक्कम पुलिस थाने में पूछताछ की गई थी।
11 ग्राम नशीले पदार्थ की बरामदगी
पुलिस को शक है कि टी प्रसाद ने इन कलाकारों को कोकीन की आपूर्ति की थी। इस केस की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पिछले हफ्ते प्रदीप कुमार नामक युवक को सलेम से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घाना के नागरिक जॉन को तमिलनाडु के होसुर इलाके से पकड़ा था, जिसके पास से करीब 11 ग्राम ड्रग्स जब्त किया गयाथा। इसी गिरोह के तार एक्टर श्रीकांत से जुड़ने के संकेत मिले हैं।
श्रीकांत का दमदार फिल्मी करियर
-श्रीकांत का नाम तमिल सिनेमा के उन अभिनेताओं में शामिल है, जिन्होंने पिछले लंबे समय से कई यादगार किरदार निभाए हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत साल 1999 में टीवी शो 'जन्नाल-मरबू कविथैगल' से की थी। इसके बाद उन्होंने काना कंडेन, ओरु नाल कनवु, बाम्बारा कन्नले, मर्करी पूक्कल, पू, सथुरंगम, नानबन और वर्णजलम जैसी पॉपुलर फिल्मों में काम किया।
-श्रीकांत की हालिया रिलीज फिल्मों में तमिल फिल्म कोनजम कधल कोनजम मोधल और तेलुगू फिल्म एरराचेरा शामिल हैं। अब देखना होगा कि ये मामला आगे क्या मोड़ लेता है और श्रीकांत पर लगे आरोपों में कितना दम है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।












Click it and Unblock the Notifications