कोरोना की तीसरी लहर के खतरे के बीच फिर मदद के लिए आगे आए सोनू सूद, कहा- मेरा नंबर वही है
नई दिल्ली, दिसंबर 31। कोरोना महामारी की पहली और दूसरी लहर में अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की मदद करने वाले बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद फिर से मदद के लिए आगे आए हैं। दरअसल, कोरोना की तीसरी लहर के खतरे के बीच सोनू सूद ने सोशल मीडिया पर ऐलान किया है कि वो आने वाले समय में मदद के लिए तैयार रहेंगे। मदद पाने के लिए कोई भी उन्हें फोन कर सकता है।

मुझे कभी भी कॉल कर सकते हैं- सोनू सूद
सोनू सूद ने ट्विटर पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने कहा है, "कोरोना केसेस कितने भी क्यों ना बढ़ जाएं, ईश्वर ना करे कभी मेरी जरूरत पड़े, लेकिन अगर पड़ी तो योद रखना मेरा फोन नंबर अभी भी वही है। मुझे कभी भी कॉल कर सकते हैं।" आपको बता दें कि देश में ओमिक्रॉन का संक्रमण अब बहुत तेजी से बढ़ रहा है। पिछले कुछ दिनों के अंदर कोरोना के मामलों में 70 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है।

लॉकडाउन में गरीबों के मसीहा बने थे सोनू सूद
आपको बता दें कि कोरोना महामारी की पहली और दूसरी लहर में सोनू सूद ने बढ़-चढ़कर लोगों की मदद की थी। देश में जब पहली बार लॉकडाउन लगा था तो उस वक्त पलायन की समस्या बहुत गंभीर हो गई थी। लोग जहां के तहां फंस गए थे और अपने घर लौटना चाहते थे। देश में सड़क, हवाई और ट्रेन यातायात पूरी तरह से बंद था। ऐसे में सोनू सूद ने बहुत बड़ी आबादी की मदद की थी। सोनू सूद उस वक्त गरीबों के मसीहा साबित हुए थे।

5 महीने की सानिया की जान बचाई सोनू ने
देश में कोरोना की दूसरी लहर का असर धीरे-धीरे कम होने लगा, लेकिन सोनू सूद ने लोगों की मदद करने का सिलसिला जारी रखा। हाल ही में सोनू ने राजस्थान की एक 5 महीने की बच्ची की जान बचाई थी। दरअसल, सोनू सूद फाउंडेशन की मदद से 5 महीने की सानिया, जिसके दिल में छेद था और उसकी सांस की नली दबी हुई थी, वो पूरी तरह से ठीक हो गई है। सानिया के इलाज पर सोनू सूद फाउंडेशन ने 9 लाख रुपए खर्च किए।












Click it and Unblock the Notifications