भारतीय मीडिया पर फूटा सोनाक्षी सिन्हा गुस्सा, बोलीं- 'ड्रामेबाजी देखकर थक गई'
पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान स्थित आतंकी ठिकानों पर 7 मई को जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद दोनों के देशों के बीच तनाव का माहौल है। बीती 8 मई की रात पाकिस्तान ने भारत के कई शहरों को निशाना बनाने की कोशिश की, लेकिन नाकामयाब रहे। भारतीय सेना ने पाकिस्तानियों को मुंह तोड़ जवाब दिया। उधर दूसरी तरफ सोनाक्षी सिन्हा ने मीडिया चैनलों का मजाक उड़ाया है।
9 मई को डिफेंस मिनिस्ट्री की तरफ से मीडिया चैनल्स को हिदयात दी गई। कहा, सभी मीडिया चैनलों, डिजिटल प्लेटफॉर्म और व्यक्तियों को रक्षा अभियानों और सुरक्षा बलों की आवाजाही की लाइव कवरेज या वास्तविक समय की रिपोर्टिंग से परहेज करने की सलाह दी जाती है। ऐसी संवेदनशील या स्रोत-आधारित जानकारी का खुलासा परिचालन प्रभावशीलता को खतरे में डाल सकता है और जान को खतरे में डाल सकता है।

पोस्ट में आगे लिखा, कारगिल युद्ध, 26/11 हमले और कंधार हाईजैक जैसी पिछली घटनाएं समय से पहले रिपोर्टिंग के जोखिमों को रेखांकित करती हैं। केबल टेलीविजन नेटवर्क (संशोधन) नियम, 2021 के खंड 6(1)(पी) के अनुसार, आतंकवाद विरोधी अभियानों के दौरान केवल नामित अधिकारियों द्वारा आवधिक ब्रीफिंग की अनुमति है। सभी हितधारकों से आग्रह किया जाता है कि वे राष्ट्र की सेवा में उच्चतम मानकों को बनाए रखते हुए कवरेज में सतर्कता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी बरतें।
डिफेंस मिनिस्ट्री की पोस्ट शेयर करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा, हमारे न्यूज चैनल्स मजाक हैं। यहां बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए जा रहे विजुअल्स और साउंड एफेक्ट्स देख देखकर मैं थक गई हूं। जिस तरह वो चीख और चिल्ला रहे हैं। आप सब क्या कर रहे हैं? अपना काम करिए और फैक्ट्स रिपोर्ट करिए। युद्ध को सनसनीखेज बनाना बंद करें और भगवान के लिए लोगों के बीच टेंशन बढ़ाना बंद कर दीजिए। लोग भरोसेमंद न्यूज सोर्स देखना चाहते हैं। न्यूज के नाम पर कचरा देखना बंद कर दीजिए।












Click it and Unblock the Notifications