Shilpa Shirodkar Death Stunt: मरी शिल्पा 30 साल बाद कैसे आ गई वापस? खुद बताई 25 मिस्ड कॉल की कहानी
Shilpa Shirodkar Death Stunt: 90 के दशक की मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शिरोडकर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार, उनकी नई फिल्म 'जटाधारा' के साथ-साथ एक पुरानी सनसनीखेज कहानी ने भी चर्चा बटोरी है। 1995 में उनकी फिल्म 'रघुवीर' की शूटिंग के दौरान उनकी 'गोली मारकर हत्या' की अफवाह ने पूरे देश में हंगामा मचा दिया था।
पिंकविला के साथ हालिया इंटरव्यू में शिल्पा ने इस पब्लिसिटी स्टंट की अंदरूनी कहानी साझा की, जिसमें उनके माता-पिता के पास 20-25 मिस्ड कॉल आए और अखबारों में उनकी मौत की खबरें छप गईं। आइए, जानते हैं इस ड्रामे की पूरी कहानी और शिल्पा की सिल्वर स्क्रीन पर धमाकेदार वापसी....

'रघुवीर' का पब्लिसिटी स्टंट: गोली मारकर हत्या की अफवाह
1995 में रिलीज हुई एक्शन फिल्म 'रघुवीर' में सुनील शेट्टी और शिल्पा शिरोडकर की जोड़ी थी, जिसमें सुरेश ओबेरॉय, मोहनीश बहल, और प्रेम चोपड़ा जैसे सितारे भी नजर आए। कुल्लू-मनाली में फिल्म की शूटिंग के दौरान अचानक खबर फैली कि शिल्पा शिरोडकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस खबर ने उनके परिवार को हिलाकर रख दिया।
शिल्पा ने बताया, 'मैं मनाली में शूटिंग कर रही थी। उस समय मोबाइल फोन नहीं थे। मेरे पिताजी होटल में बार-बार फोन कर रहे थे। जब मैं सेट से कमरे में लौटी, तो 20-25 मिस्ड कॉल थे। अखबारों में हेडलाइन थी कि शिल्पा शिरोडकर की गोली मारकर हत्या हो गई। मेरे माता-पिता घबरा गए थे।'
मौत बनी पब्लिसिटी स्ट्रैटेजी स्टंट!
बाद में पता चला कि यह सब फिल्म के निर्माता गुलशन कुमार की पब्लिसिटी स्ट्रैटेजी थी। शिल्पा ने हंसते हुए कहा, 'जब मुझे बताया गया कि यह प्रमोशन का हिस्सा था, तो मैंने कहा, 'ठीक है!' हां, थोड़ा ज्यादा हो गया था। उस समय पीआर जैसी चीजें नहीं थीं। मुझे आखिरी में पता चला कि ऐसा कुछ प्लान हुआ था। तब अनुमति लेने का रिवाज भी नहीं था।'
गनीमत से, 'रघुवीर' बॉक्स ऑफिस पर अच्छी चली, जिसके कारण शिल्पा को ज्यादा गुस्सा नहीं आया। उन्होंने मजाक में कहा, 'फिल्म हिट हो गई, तो मैंने ज्यादा शिकायत नहीं की!'
'जटाधारा' से शिल्पा की धमाकेदार वापसी
शिल्पा शिरोडकर अब बिग बॉस 18 के बाद सिल्वर स्क्रीन पर धमाकेदार वापसी करने जा रही हैं। वह तेलुगु-हिंदी द्विभाषी सुपरनैचुरल थ्रिलर 'जटाधारा' में एक अहम भूमिका में नजर आएंगी। जी स्टूडियोज द्वारा निर्मित और वेंकट कल्याण द्वारा निर्देशित इस फिल्म में सुधीर बाबू और सोनाक्षी सिन्हा मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह फिल्म केरल के रहस्यमय अनंत पद्मनाभ स्वामी मंदिर के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जो सस्पेंस, पौराणिक तत्वों, और रहस्य से भरी कहानी पेश करेगी।
शिल्पा ने अपनी भूमिका के बारे में कहा कि यह मेरे लिए एक खास प्रोजेक्ट है। 'जटाधारा' की कहानी दर्शकों को बांधे रखेगी। सुधीर बाबू ने अपनी फिजिकल ट्रेनिंग की तस्वीरें X पर शेयर कीं, जिसमें वह इस किरदार के लिए कड़ी मेहनत करते दिखे। सोनाक्षी सिन्हा की यह पहली तेलुगु-हिंदी द्विभाषी फिल्म है, और वह शिल्पा के साथ स्क्रीन शेयर करने को लेकर उत्साहित हैं।
शिल्पा का करियर: उतार-चढ़ाव और वापसी
शिल्पा शिरोडकर 90 के दशक की हिट एक्ट्रेस रहीं, जिन्होंने 'बेवफा सनम', 'मृत्युदाता', और 'हम' जैसी फिल्मों में अपनी छाप छोड़ी। 'रघुवीर' की इस अफवाह ने उनके करियर को चर्चा में ला दिया था, लेकिन बाद में वह इंडस्ट्री से दूर हो गईं। बिग बॉस 18 में उनकी मौजूदगी ने फैंस को फिर से उनके जादू से रूबरू कराया। अब 'जटाधारा' के साथ वह एक नई पारी शुरू करने जा रही हैं।
पब्लिसिटी स्टंट, मार्केटिंग का हिस्सा ?
'रघुवीर' का यह पब्लिसिटी स्टंट आज के सोशल मीडिया युग में शायद विवादों में घिर जाता, लेकिन 90 के दशक में यह बॉलीवुड की मार्केटिंग का हिस्सा था। शिल्पा की इस कहानी ने उस दौर की बेताब और बिंदास प्रचार रणनीतियों को फिर से याद दिलाया। अब फैंस उनकी 'जटाधारा' में वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। क्या शिल्पा इस फिल्म से फिर से बॉलीवुड में अपनी जगह बनाएंगी? यह सिल्वर स्क्रीन पर देखने लायक होगा!
ये भी पढ़ें- 'दीपक यादव तुमने इतिहास में,' राधिका यादव की हत्या पर बॉलीवुड एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा का फूटा गुस्सा












Click it and Unblock the Notifications