दिल्ली में किसके फॉर्म हाउस पर थे Satish Kaushik, जब पड़ा दिल का दौरा
Satish Kaushik: सतीश कौशिक की मौत से पूरी फिल्म इंडस्ट्री शोक में है। एक्टर की मौत को लेकर तमाम तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। इस बीच एक सवाल, जो लोगों के मन में उठ रहा है वो ये कि आखिर एक्टर किसके फार्महाउस में थे।

Satish Kaushik Farm house: बॉलीवुड जगत को उस वक्त तगड़ा झटका लगा, जब खबर मिली की इंडस्ट्री के जाने-माने एक्टर सतीश कौशिक का निधन हो गया है। एक्टर के निधन के बाद से ही उनकी मौत पर तमाम तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। दिल्ली पुलिस अपने एंगल से एक्टर की मौत की जांच में जुट गई है। सतीश कौशिक को होली के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में पहुंचने से पहले ही एक्टर ने दम तोड़ दिया। पुलिस के सूत्रों की मानें, तो शुरुआती जांच से पता चलता है कि दिल का दौरा पड़ने से ही सतीश कौशिक की मौत हुई है। ऐसे में लोगों के मन में तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर एक्टर किसके फार्महाउस में थे, जहां उन्होंने होली सेलिब्रेट की और जिसके बाद अचानक उनकी तबीयत ही बिगड़ गई।

चले गए फैंस के चहेते सतीश कौशिक
सतीश कौशिक की अचानक हुई मौत ने सभी को गहरा सदमा दिया है। बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने उनकी मौत की खबर सबको दी। दशकों से फैंस को अपनी शानदार एक्टिंग स्किल से हंसाने और रुलाने वाले सतीश कौशिक की मौत से सबको तगड़ा झटका लगा है। 66 वर्षीय सतीश कौशिक की मौत को लेकर लोग तमाम तरह के सवाल खड़े कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस भी अपने एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है।

किस फार्महाउस में थे एक्टर?
बताते चलें कि सतीश कौशिक होली मनाने के लिए कल दिल्ली पहुंचे थे। एक दिन पहले ही उन्होंने जावेद अख्तर और शबाना आजमी के मुंबई स्थित घर में होली पार्टी में शिरकत ली थी और सोशल मीडिया पर सेलिब्रेशन की कुछ तस्वीरें भी शेयर की थीं। हालांकि, दिन में वे कहां थे, इसकी जानकारी अभी पुलिस जुटा रही है। अभी इस बात की जानकारी मिली है कि जब वे बीमारी महसूस कर रहे थे, तो वे बिजवासन के फार्महाउस में थे। इसके बाद उन्हें पास के फोर्टिस अस्पताल में ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

क्या बोला मैनेजर?
इस बीच सतीश कौशिक के मैनेजर का बयान भी सामने आया। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे रात 10:30 बजे सो गए थे। इसके बाद 12:10 मिनट पर उन्होंने सांस फूलने की शिकायत करते हुए मुझे कॉल मिलाया। उन्होंने बताया कि इससे पहले सतीश कौशिक पुष्पांजलि फार्महाउस में पार्टी कर रहे थे।

मामले की जांच में जुटी पुलिस
चूंकि सतीश कौशिक दिल्ली में थे, तो अस्पताल ने दिल्ली पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल भेज दिया। आज सुबह ही एक्टर के शव का पोस्टमार्टम किया गया और उनके परिवार को शव सौंप दिया गया। पुलिस अपने एंगल से पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। इस मामले को लेकर पुलिस एक्टर के साथियों से भी संपर्क कर रही है।

इंडस्ट्री ने दी श्रद्धांजलि
अपने दोस्तों और साथियों के साथ कुछ ही समय पहले होली मना रहे सतीश कौशिक की कुछ घंटों बाद मौत ने फिल्म इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। एक्टर को श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा हुआ है। सतीश कौशिक के निधन की सूचना सबसे पहले देने वाले अनुपम खेर ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। सब एक्टर के परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications