'2 दिन पहले Sanchita Ugale से बात हुई, वो परेशान थी', Sorab Bedi का बड़ा खुलासा, एक्ट्रेस की मौत का नया रहस्य?
Sanchita Ugale Death: टीवी इंडस्ट्री की उभरती हुईं एक्ट्रेस संचिता उगले के अचानक निधन की खबर ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। 'कुमकुम भाग्य' और 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' जैसे लोकप्रिय टीवी शोज में नजर आ चुकीं संचिता की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिवार, दोस्तों और सहकर्मियों के बीच शोक का माहौल है। इस घटना ने एक बार फिर टीवी इंडस्ट्री में कलाकारों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव और कार्य परिस्थितियों को लेकर बहस छेड़ दी है।
सोरब बेदी ने कहा- दो दिन पहले ही संचिता से बात हुई थी
संचिता उगले के निधन की खबर ने उनके करीबी दोस्तों और सह-कलाकारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' में संचिता के साथ काम कर चुके एक्टर सोरब बेदी ने मीडिया से बातचीत के दौरान अपना दुख जाहिर किया। उन्होंने बताया कि 2 दिन पहले ही उनकी संचिता से फौन पर बात हुई थी और उन्हें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि ऐसा कोई दुखद कदम उठाया जा सकता है।

'संचिता कई दिनों से परेशान चल रही थी'
सोरब बेदी ने कहा कि जब उन्हें 15 जून 2026 की सुबह ये खबर मिली तो वह हैरान रह गए। उनके मुताबिक संचिता पिछले कुछ समय से परेशान जरूर थीं लेकिन उनके निधन की खबर उनके लिए बेहद चौंकाने वाली है। आपको बता दें कि दोनों कलाकारों की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था, ऐसे में ये खबर उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी बड़ा झटका साबित हुई है।
AICWA ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग
संचिता उगले की मौत के बाद ऑल इंडिया सीने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) भी सामने आया है। संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि संचिता का इस तरह दुनिया छोड़ जाना बेहद दुखद है और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। संगठन का मानना है कि इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच होनी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
आंचल खुराना ने सबके सामने रखी इंडस्ट्री की कड़वी हकीकत
-संचिता के निधन के बाद टीवी एक्ट्रेस आंचल खुराना का एक इमोशनल सोशल मीडिया पोस्ट भी चर्चा का विषय बन गया है। आंचल खुराना ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री की चमक-दमक के पीछे छिपे संघर्षों और मानसिक दबावों पर खुलकर बात की है।
- आंचल खुराना ने कहा कि दर्शकों को पर्दे पर सिर्फ ग्लैमर दिखाई देता है लेकिन कलाकार किन परिस्थितियों से गुजरते हैं, इस पर बहुत कम लोग ध्यान देते हैं। आंचल के अनुसार चैनलों को टीआरपी, निर्माताओं को मुनाफा और दर्शकों को मनोरंजन चाहिए होता है लेकिन कलाकारों की मानसिक स्थिति और उन पर पड़ने वाले दबाव को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है।
आंचल ने कहा- हर छोटी बात पर रिप्लेसमेंट का डर
-आंचल खुराना ने अपने पोस्ट में इंडस्ट्री के अंदर मौजूद असुरक्षा के माहौल का भी जिक्र किया है। उन्होंने दावा किया कि कलाकारों को अक्सर छोटी-छोटी बातों पर शो से बाहर किए जाने की धमकी दी जाती है। यदि कोई कलाकार अपने आत्मसम्मान के लिए खड़ा होता है, किसी बात का विरोध करता है या किसी की शर्तें मानने से इनकार करता है, तो उसे रिप्लेस किए जाने का डर दिखाया जाता है।
-आंचल के बयान में कास्टिंग काउच और पेशेवर दबाव जैसे गंभीर मुद्दों की ओर भी इशारा किया गया है। आंचल की टिप्पणियों के बाद सोशल मीडिया पर टीवी इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। कई लोग कलाकारों के मानसिक स्वास्थ्य और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल की आवश्यकता पर जोर दे रहे हैं।
नालासोपारा स्थित घर में हुई थी घटना, पुलिस कर रही है जांच
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये दर्दनाक घटना गत 14 जून 2026 की शाम मुंबई के नालासोपारा ईस्ट स्थित साई संतोषी बिल्डिंग में हुई थ। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच संचिता उगले ने अपने घर में ही अपनी जान दे दी थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।
संचिता ने कम समय में बनाई थी खास पहचान
संचिता उगले ने अपने अभिनय करियर में कई लोकप्रिय टीवी शोज में काम किया था। 'साजन घर', 'कुमकुम भाग्य' और 'दिलवाली दुल्हा ले जाएगी' जैसे शोज के जरिए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई थी। उनकी सहज अदाकारी और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने हमेशा सराहा था। उनके असमय निधन से टीवी इंडस्ट्री ने एक प्रतिभाशाली कलाकार को खो दिया है। वहीं ये घटना मनोरंजन जगत में काम करने वाले कलाकारों की मानसिक सेहत, कार्यस्थल के दबाव और इंडस्ट्री की कार्य संस्कृति को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े कर रही है।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे













Click it and Unblock the Notifications