सलमान खान के काला हिरण मामले में नया मोड़, फिर खुलेगी फाइल, सुपरस्टार के साथियों पर भी गिरेगी गाज?
Salman Khan Case: बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के खिलाफ चल रहा बहुचर्चित काले हिरण शिकार मामला एक बार फिर से सुर्खियों में आ गया है। अब राजस्थान हाई कोर्ट इस केस में सलमान खान को ट्रायल कोर्ट द्वारा सुनाई गई 5 साल की सजा के खिलाफ उनकी अपील पर सुनवाई करने जा रहा है।
सलमान खान काला हिरण शिकार मामले में नया मोड़
इसके साथ ही, राज्य सरकार द्वारा अन्य सह-आरोपियों को बरी किए जाने के फैसले को चुनौती देने वाली याचिका पर भी कोर्ट विचार करेगा। आपको बता दें कि 5 अप्रैल 2018 को जोधपुर की एक ट्रायल कोर्ट ने सलमान खान को दोषी करार देते हुए उन्हें 5 साल की जेल की सजा सुनाई थी।

सलमान खान के सह कलाकारों पर भी गिर सकती है गाज!
-वहीं, सलमान खान के साथ फिल्म 'हम साथ साथ हैं' की शूटिंग कर रहे सह-कलाकारों जैसे सैफ अली खान, तब्बू, सोनाली बेंद्रे, नीलम और स्थानीय निवासी दुष्यंत सिंह को सबूतों के अभाव में बरी कर दिया गया था।
-फिलहाल खबर है कि राजस्थान हाई कोर्ट के जस्टिस मनोज कुमार गर्ग इन दोनों मामलों पर एकसाथ सुनवाई करेंगे। वहीं राज्य सरकार ने मांग की है कि बाकी कलाकारों को बरी किए जाने के फैसले पर भी पुनर्विचार हो।
सलमान के वकील ने डाली थी ट्रांसफर याचिका
प्रोसिक्यूशन की तरफ से महिपाल बिश्नोई ने जानकारी दी है कि सलमान खान की ओर से पहले ये अनुरोध किया गया था कि उनकी सजा के खिलाफ दायर की गई अपील को राज्य सरकार की अपील के साथ जोड़ दिया जाए। इसी क्रम में ये केस हाई कोर्ट तक पहुंचा है। अब दोनों मामलों की सुनवाई एकसाथ की जाएगी।
क्या है सलमान खान से जुड़ा काला हिरण शिकार मामला?
-ये मामला साल 1998 का है, जब सलमान खान फिल्म हम साथ साथ हैं की शूटिंग के दौरान राजस्थान के जोधपुर के पास मथानिया के बावड़ इलाके में मौजूद थे। सलमान खान पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने चिंकारा और काले हिरण का शिकार किया, जो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है।
-ये शिकायत बिश्नोई समुदाय के सदस्यों ने दर्ज कराई थी, जो काले हिरण को धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व से जोड़कर देखते हैं। समुदाय की मान्यता के अनुसार, उनके गुरु जांबाजी (जंभेश्वर) ने हिरणों की रक्षा को अपने सिद्धांतों में प्रमुख स्थान दिया था।
हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में कानूनी जंग
-हालांकि, साल 2016 में राजस्थान हाई कोर्ट ने सलमान खान को इस केस से बरी कर दिया था। कोर्ट का कहना था कि सलमान खान को आरोपी साबित करने के लिए पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं। बाद में राजस्थान सरकार ने ये मामला सुप्रीम कोर्ट में चुनौती के रूप में दाखिल किया था।
-सलमान खान ने साल 2023 में दिए गए एक इंटरव्यू में इस मामले को लेकर खुलकर बात की थी। रजत शर्मा के पॉपुलर चैट शो आप की अदालत में गेस् बनकर पहुंचे सुपरस्टार सलमान खान ने कहा था- मुझे नहीं पता कि ये क्या है, लेकिन मुझे हमारी न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। कोर्ट जो भी फैसला देगा, हम उसे स्वीकार करेंगे।
लॉरेंस बिश्नोई से मिल रही धमकियां
काले हिरण के शिकार के इस केस से जुड़े विवादों के चलते गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने भी सलमान खान को निशाना बनाया है। वह कई बार सुपरस्टार को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। यहां तक कि सलमान खान के घर पर फायरिंग की घटना भी हो चुकी हैं, जिससे उनकी सुरक्षा को लेकर चिंताएं और ज्यादा बढ़ गई हैं।












Click it and Unblock the Notifications