Saira Banu Health Release: अस्पताल से डिस्चार्ज हुईं सायरा बानो, जानिए कैसी है 77 वर्षीय अभिनेत्री की अब तबीयत
अस्पताल से डिस्चार्ज हुईं सायरा बानो, जानिए कैसी है 77 वर्षीय अभिनेत्री की अब तबीयत
मुंबई, 06 सितंबर: अभिनेत्री सायरा बानो अस्पताल से डिस्चार्ज हो गई हैं। 77 वर्षीय सायरा बानो रविवार (05 सितंबर) को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दी गई थीं। डॉक्टरों ने उन्हें अभी घर पर आराम करने को कहा है। करीबी पारिवारिक मित्र फैसल फारूकी ने रविवार को कहा कि सायरा बानो अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर लौट आई हैं और वह फिलहाल बिल्कुल ठीक हैं। जुलाई 2021 में सायरा बानो अपने पति और अभिनेता दिलीप कुमार को खो दिया था। दिलीप कुमार के निधन के बाद सायरा बानो पहली बार अस्पताल में एडमिट हुई थीं।
Recommended Video

सायरा बानो को सांस लेने में तकलीफ, उच्च रक्तचाप और हाई डायबिटीज के बाद 28 अगस्त को मुंबई खार के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फैसल फारूकी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई-भाषा को बताया कि, "सायरा जी ठीक हैं। उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है और वह घर वापस आ गई हैं। आराम कर रही हैं। आपकी प्रार्थना के लिए धन्यवाद।"
बीते हफ्ते गुरुवार को अस्पताल के एक डॉक्टर ने कहा था कि सायरा बानो को दिल की बीमारी 'एक्यूट कोरोनरी सिंड्रोम' है। सायरा बानो के अस्पताल में भर्ती होते ही उनके स्वास्थ्य को लेकर सोशल मीडिया पर लोगों ने चिंता जताई थी। सोशल मीडिया यूजर सायरा बानो जल्द ठीक होने और अस्पताल से जल्द छुट्टी मिलने की प्रार्थना कर रहे थे।
सायरा बानो के पति और महान अभिनेता दिलीप कुमार का लंबी बीमारी के बाद 7 जुलाई 2021 को 98 साल की उम्र में निधन हो गया था। सायरा बानो और दिलीप कुमार ने 1966 में शादी की थी। सायरा बानो और दिलीप कुमार ने एक साथ "सगीना" और "गोपी" समेत कई फिल्मों में काम किया है।
सायरा बानो ने पिछले कुछ सालों से पति दिलीप कुमार का जैसे ख्याल और देखभाल किया था, इसको लेकर सोशल मीडिया पर उनकी काफी सराहना की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications