सैफ अली खान केस में बड़ा अपडेट, सफाई के लिए पहले एक्टर के घर जा चुका था आरोपी? हुए चौंकाने वाले खुलासे
Saif Ali Khan: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमला करने वाला शख्स अब पकड़ा जा चुका है। मुंबई पुलिस ने आरोपी को बांद्रा के हीरानंदानी से गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है। वहीं पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद इस मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और हमलावर को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
सैफ अली खान पर हमला करने वाला गिरफ्तार
आपको बता दें कि पीसी से पहले मुंबई पुलिस ने बताया था कि आरोपी विजय दास, उर्फ मोहम्मद इलियास अपनी पहचान छिपाने के लिए कई नामों का इस्तेमाल कर रहा था। पकड़े जाने के बाद उसने अपनी उम्र 33 साल बताई थी और वह ठाणे के एक होटल कम बार में वेटर के रूप में काम कर रहा था।

आरोपी शहजाद को लेकर हुए ये बड़े खुलासे
-सूत्रों के अनुसार, शहजाद पहले भी सैफ अली खान के घर आ चुका था और एक हाउसकीपिंग फर्म में काम कर चुका था।
-बताया जा रहा है कि शहजाद पहले एक हाउसकीपिंग फर्म में काम कर चुका था और उसी के जरिए सैफ अली खान के घर पर सफाई के लिए आया था, जिसकी व्यवस्था एक्टर के हाउसहेल्प हरि ने की थी।
-पुलिस के अनुसार केस का मुख्य आरोपी, जिसका नाम विजय दास, बिजॉय दास, मोहम्मद इलियास, बीजे और मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद है, को आज यानी 19 जनवरी 2025 की सुबह ठाणे के हीरानंदानी एस्टेट में मेट्रो निर्माण स्थल के पास एक श्रमिक शिविर से गिरफ्तार किया गया है।
सैफ अली खान के घर ऐसे पहुंचा था आरोपी
-30 वर्षीय आरोपी ने 16 जनवरी 2025 को तड़के सैफ अली खान के बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में चोरी की कोशिश के दौरान उन पर कई बार चाकू से हमला किया था।
-16 जनवरी 2025 को आरोपी ने देखा था कि बिल्डिंग का सुरक्षा गार्ड सो रहा है। ऐसे में वह चुपचाप से 11वीं मंजिल पर चढ़ गया था।
-11वीं मंजिल पर पहुंचकर उसने डक्ट शाफ्ट से होते हुए सैफ अली खान के फ्लैट में एंट्री ली थी। डक्ट शाफ्ट उसे एक्टर के बच्चों के कमरे के पास ले आया था, जहां वह बाथरूम में छिप गया था।
-पुलिस ने बताया है कि इससे पहले शहजाद मुंबई के वर्ली इलाके में रह रहा था। घटना वाले दिन वह ट्रेन से ठाणे गया था।
-ठाणे में एक व्यक्ति बाइक पर उसे लेने आया था। बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर की मदद से पुलिस ने गत 18 जनवरी 2025 को उसे घोड़बंदर तक ट्रैक किया था, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुंबई पुलिस के डीसीपी दीक्षित गेदाम ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किए कई चौंकाने वाले खुलासे
-डीसीपी दीक्षित गेदाम ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
-उन्होंने कहा- मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद ने लूटपाट करने के इरादे से सैफ के घर में एंट्री की थी। उसे आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
-डीसीपी ने कहा- हमें इस बात का कोई सबूत नहीं मिला है कि वह पहले सैफ अली खान के घर गया था। उसका कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड भी नहीं है।
-उन्होंने आगे बताया- हमें संदेह है कि वह बांग्लादेश से है, इसलिए एफआईआर की धाराओं में संशोधन किया गया है। प्राथमिक सबूतों से पता चलता है कि आरोपी बांग्लादेशी नागरिक है। उसके पास वैध भारतीय दस्तावेज नहीं हैं। उसने पहचान छिपाने के लिए अपना नाम विजय दास रख लिया था।
-पुलिस अधिकारी ने आगे बताया- आरोपी करीब 6 महीने पहले मुंबई आया था और एक हाउसकीपिंग एजेंसी में काम कर रहा था।
-पुलिस के अनुसार हमलावर की गिरफ्तारी से पहले, सैफ अली खान के घर की सीढ़ियों से उतरते हुए सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए संदिग्ध के पोस्टर मुंबई और उसके आसपास के इलाकों में लगाए गए थे।












Click it and Unblock the Notifications