'RRR' की रिलीज टलने से फिल्म उद्योग को तगड़ा झटका, एडवांस बुकिंग के 10 करोड़ करने होंगे वापस
इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही टॉलीवुड फिल्म 'RRR' की रिलीज टलने से फिल्म उद्योग जगत को तगड़ा झटका लगा है।
मुंबई, 2 जनवरी। इस साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक मानी जा रही टॉलीवुड फिल्म 'RRR' की रिलीज टलने से फिल्म उद्योग जगत को तगड़ा झटका लगा है। देश में ओमिक्रॉन के बढ़ते केसों के कारण फिल्म की रिलीजिंग को मात्र 6 दिन पहले स्थगित करना पड़ा है। एसएस राजामौली की इस फिल्म में साउथ के दो बड़े सुपरस्टार राम चरण और जूनियर एनटीआर एक साथ दिखाई देंगे।

एडवांस बुकिंग के 10 करोड़ करने होंगे वापस
इस फिल्म को लेकर लोगों में कितना उत्साह है इस बात का अंदाजा इस आंकड़े से लगाया जा सकता है कि फिल्म की एडवांस बुकिंग से अब तक 10 करोड़ रुपए की कमाई की जा चुकी थी, लेकिन अब तमाम थिएटरों को बुकिंग की यह राशि वापस करनी होगी। यह उद्योग जगत के लिए भावनात्मक और आर्थिक तौर पर तगड़ा झटका है।

नए साल पर इतनी बड़ी फिल्म का स्थगित होना बड़ा झटका
यह पूछने पर कि इस फैसले से फिल्म इंडस्ट्री पर क्या प्रभाव पड़ेगा? इस पर ट्रेड एनालिस्ट तरण अदार्श ने कहा कि साल की शुरुआत में एक बड़ी फिल्म का इस तरह से स्थगित होना एक बड़े झटके की तरह है। यह फिल्म उद्योग में चिंता पैदा करेगा। यह कोई साधारण फिल्म नहीं थी। इसमें मोटा पैसा लगा हुआ था। अब फिल्म के रिलीज होने के लिए हमें कोरोना के केस कम होने का इंतजार करना होगा। ऐसे में आप इतनी बड़ी फिल्म को रिलीज नहीं कर सकते।
वहीं ड्रेड एनालिस्ट अतुल मोहन ने फिल्म की रिलीज को स्थगित करने के फैसले को सही फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में मोटा पैसा लगा है, अगर फिल्म को इस समय रिलीज किया गया तो इसकी लागत को भी वसूल करना कठिन पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि फिल्म देखने के लिए 10 करोड़ रुपए की एडवांस बुकिंग इस बात का सबूत है कि लोग इस फिल्म को देखने के लिए कितने उत्सुक हैं।

फिल्म को बनाने में लगे 400-500 करोड़ रुपए
बता दें कि इस फिल्म को बनाने में 400-500 करोड़ रुपए का खर्चा आया है। इसके अलावा फिल्म के प्रमोशन पर भी मोटा पैसा खर्च किया गया है। इस फिल्म को आनंद पंडित ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म से रिकॉर्ड तोड़ कमाई की उम्मीद की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications