रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' के सेट पर मची हड़कंप, 120 लोग एकसाथ हुए बीमार, जानें क्या है मामला
Ranveer Singh Film: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इन दिनों निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' की शूटिंग में व्यस्त हैं। फिल्म की शूटिंग लद्दाख में चल रही है, लेकिन इसी दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है।
फिल्म 'धुरंधर' की शूटिंग सेट पर हुई बड़ी घटना
खबर है कि इस फिल्म यूनिट के करीब 120 क्रू मेंबर्स अचानक फूड पॉइजनिंग की चपेट में आ गए हैं, जिसके बाद सभी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है। न्यूज एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, लेह स्थित शूटिंग लोकेशन से 100 से ज्यादा लोगों को गंभीर हालत में एसएनएम (SNM) अस्पताल लाया गया है।

120 क्रू मेंबर्स हुए फूड पॉइजनिंग का शिकार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सभी मरीजों को तेज पेट दर्द, सिर दर्द और उल्टी की शिकायत थी। ज्यादातर लोग फिल्म की तकनीकी टीम से जुड़े थे और सभी गैर-स्थानीय कर्मचारी बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि फिलहाल सभी की हालत स्थिर है।
600 में से 120 लोग अस्पताल में भर्ती
सूत्रों के अनुसार, शूटिंग कैंप में करीब 600 लोगों ने एक साथ खाना खाया था, जिनमें से 120 लोग बीमार हो गए हैं। प्रशासन ने फूड सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए भेज दिए हैं। अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया है कि अचानक मरीजों की भीड़ बढ़ने के कारण इमरजेंसी वार्ड पर दबाव बढ़ गया और हालात काबू में रखने के लिए पुलिस को भी बुलाना पड़ा था। हालांकि अब तक कई लोगों को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
फिल्म की रिलीज डेट और स्टारकास्ट
'धुरंधर' का हाल ही में फर्स्ट लुक जारी किया गया था, जिसे दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म को जियो स्टूडियोज और बी62 स्टूडियोज प्रोड्यूस कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि अभी लगभग 50 दिनों की शूटिंग बाकी है।
पहले फिल्म मेकर्स इस मूवी को आगामी 5 सितंबर 2025 को इसे रिलीज करने का प्लान बना रहे थे, लेकिन इस घटना के बाद फिल्म की शूटिंग शेड्यूल पर इसका असर पड़ सकता है। आपको बता दें कि इस बिग-बजट फिल्म में रणवीर सिंह के साथ आर. माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।












Click it and Unblock the Notifications