Rajesh Khanna-Anita Advani Case: अनीता आडवाणी को सुप्रीम कोर्ट से झटका, राजेश खन्ना संग था अफेयर? क्या है सच?
Rajesh Khanna-Anita Advani Case: हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना और अनीता आडवाणी के रिश्ते से जुड़ा कानूनी विवाद एक बार फिर चर्चा में है। सुप्रीम कोर्ट ने अनीता आडवाणी की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उन्होंने दिवंगत अभिनेता के साथ अपने रिश्ते को कानूनी रूप से शादी का दर्जा देने की मांग की थी। अदालत ने मामले में आगे सुनवाई की जरूरत नहीं मानी और याचिका को गैर-जरूरी कानूनी कार्यवाही करार दिया। इस फैसले के साथ बॉम्बे हाई कोर्ट का पिछला निर्णय भी बरकरार रहा है। अनीता लंबे समय से दावा करती रही हैं कि वह राजेश खन्ना के जीवन के आखिरी वर्षों में उनके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थीं।
सुप्रीम कोर्ट ने क्यों खारिज की अनीता आडवाणी की याचिका?
जस्टिस एम. एम. सुंदेश और जस्टिस प्रसन्ना बी. वराले की पीठ ने अनीता आडवाणी की याचिका पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया। अदालत का मानना था कि इस मामले में आगे हस्तक्षेप करने का पर्याप्त आधार नहीं है। सुनवाई के दौरान अनीता के वकील ने दलील दी कि उनकी मुवक्किल की लड़ाई किसी आर्थिक लाभ के लिए नहीं बल्कि आत्मसम्मान और गरिमा के लिए है।

बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को भी नहीं मिली चुनौती में राहत
-हालांकि इन दलीलों के बावजूद सुप्रीम कोर्ट ने याचिका को आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया। इससे पहले बॉम्बे हाई कोर्ट भी अनीता की अपील खारिज कर चुका था। सुप्रीम कोर्ट के ताजा फैसले के बाद इस मामले में उनकी कानूनी चुनौती को बड़ा झटका लगा है।
-इस विवाद में इससे पहले 1 अप्रैल को बॉम्बे हाई कोर्ट ने अनीता आडवाणी की अपील खारिज कर दी थी। हाई कोर्ट ने मुंबई की डिंडोशी सेशंस कोर्ट के वर्ष 2017 के आदेश को बरकरार रखा था। उस आदेश में राजेश खन्ना के निधन के बाद अनीता की ओर से दायर दीवानी मुकदमे को खारिज कर दिया गया था।
-अनीता की मांग थी कि राजेश खन्ना के साथ उनके कथित रिश्ते को कानूनी मान्यता दी जाए। लेकिन निचली अदालत से लेकर हाई कोर्ट तक उन्हें इस मामले में राहत नहीं मिली। अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद भी उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई है।
राजेश खन्ना के साथ रिश्ते को लेकर क्या था अनीता का दावा?
-अनीता आडवाणी का कहना रहा है कि वह राजेश खन्ना के साथ 10 साल से अधिक समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में रही थीं। उनके मुताबिक एक्टर के जीवन के आखिरी कुछ सालों में दोनों साथ थे और उनका रिश्ता सामान्य परिचय से कहीं अधिक था।
-जुलाई 2012 में 69 की उम्र में राजेश खन्ना के निधन के बाद ये विवाद सार्वजनिक रूप से सामने आया। अनीता ने आरोप लगाया था कि अभिनेता के निधन के बाद उन्हें बांद्रा स्थित उनके बंगले 'आशीर्वाद' से बाहर कर दिया गया था। इस मामले में उन्होंने राजेश खन्ना की पत्नी डिंपल कपाड़िया, बेटी ट्विंकल खन्ना और दामाद अक्षय कुमार का भी नाम लिया था।
-हालांकि अनीता के दावों और उनके रिश्ते की कानूनी स्थिति को लेकर अदालतों में विवाद बना रहा। परिवार की ओर से इस मामले में कानूनी चुनौती दी गई थी, जिसके बाद उनकी शिकायत और संबंधित याचिकाओं पर अलग-अलग स्तरों पर सुनवाई हुई।
घरेलू हिंसा कानून के तहत भी मांगी थी राहत
-राजेश खन्ना के निधन के बाद अनीता आडवाणी ने साल 2013 में घरेलू हिंसा अधिनियम (Domestic Violence Act) के तहत डिंपल कपाड़िया और उनके परिवार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बांद्रा में तीन बेडरूम और हॉल वाला फ्लैट यानी 3-BHK आवास उपलब्ध कराने के साथ हर महीने गुजारा-भत्ता देने की मांग भी की थी।
-साल 2015 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने इस मामले में अनीता को राहत नहीं दी थी। अदालत ने उनके और राजेश खन्ना के रिश्ते को घरेलू हिंसा कानून के तहत वैवाहिक संबंध जैसा नहीं माना था। इसी आधार पर उन्हें इस कानून के तहत मांगी गई राहत का हकदार नहीं माना गया।
-अदालत ने ये भी टिप्पणी की थी कि राजेश खन्ना के परिवार के सदस्यों को इस विवाद में शामिल करना उचित नहीं था क्योंकि अनीता का उनके साथ रहने का दावा नहीं था। इसके बाद भी अनीता ने कानूनी लड़ाई जारी रखी और अपने रिश्ते को मान्यता दिलाने की कोशिश की।
कौन हैं अनीता आडवाणी?
-अनीता आडवाणी ने हिंदी फिल्मों में अपने करियर की शुरुआत साल 1978 में आई फिल्म 'शालीमार' से की थी। इस फिल्म में धर्मेंद्र और जीनत अमान प्रमुख भूमिकाओं में थे। अनीता ने इसमें डांसर के तौर पर काम किया था। इसके बाद वह 'साजिश' और 'दासी' जैसी फिल्मों में भी नजर आईं।
-हालांकि फिल्मी दुनिया में उनकी पहचान सीमित रही लेकिन राजेश खन्ना के साथ उनके कथित रिश्ते को लेकर वह लंबे समय तक सुर्खियों में रहीं। साल 2013 में वह सलमान खान के चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' में भी दिखाई दी थीं। शो में उनकी मौजूदगी के बाद राजेश खन्ना के साथ उनके रिश्ते को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई थीं।


Click it and Unblock the Notifications
