'मौत से 2 घंटे पहले मुश्ताक खान से हाथ मिलाया', Rajpal Yadav का शॉकिंग खुलासा, अनुपम खेर ने बताया बड़ा सच
Mushtaq Khan Death: हिंदी सिनेमा में अपने कॉमिक अंदाज और यादगार सहायक किरदारों से खास पहचान बनाने वाले एक्टर मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया। वह फेफड़ों के कैंसर से जूझ रहे थे। उनके बिजनेस पार्टनर ने बताया कि इस जानलेवा बीमारी के दोबारा लौटने के बाद उनकी हालत तेजी से बिगड़ी और गत 24 सितंबर 2026 (गुरुवार) शाम करीब 7 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।
मुश्ताक खान के निधन से इंडस्ट्री में पसरा मातम
मुश्ताक खान के निधन की खबर सामने आने के बाद फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। उनके साथ काम कर चुके कई कलाकार सोशल मीडिया के जरिए उन्हें याद कर रहे हैं। एक्टर राजपाल यादव और अनुपम खेर ने भी मुश्ताक खान के साथ अपनी यादें शेयर कीं। दोनों की श्रद्धांजलि में एक्टर के साथ उनके निजी रिश्ते और पुरानी यादों की झलक देखने को मिली।

राजपाल यादव की 2 घंटे पहले हुई थी मुलाकात
-मुश्ताक खान के निधन के बाद राजपाल यादव की सोशल मीडिया पोस्ट ने हर किसी का ध्यान खींचा। उन्होंने बताया किमौत से 2 घंटे पहले ही वह मुश्ताक खान से मिलने गए थे। राजपाल यादव ने बताया कि मुलाकात के दौरान मुश्ताक खान ने उन्हें देखा, हाथ मिलाया और उनकी बातों को सुनकर प्रतिक्रिया भी दी। यही वजह है कि कुछ ही देर बाद उनके निधन की खबर सुनना राजपाल के लिए बेहद भावुक कर देने वाला पल था।
-राजपाल यादव ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि जिस इंसान से उन्होंने सिर्फ 2 घंटे पहले मुलाकात की, वह अब उनके बीच नहीं है। उन्होंने मुश्ताक खान को लोकप्रिय अभिनेता बताते हुए उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।
अनुपम खेर ने शेयर की पुरानी यादें
-दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने भी मुश्ताक खान के निधन पर एक वीडियो के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने बताया कि वह मुश्ताक खान के साथ कई फिल्मों में काम कर चुके थे। वक्त के साथ दोनों अपने-अपने रास्तों पर आगे बढ़ गए लेकिन मुश्ताक खान के साथ बिताए समय की यादें उनके मन में हमेशा बनी रहीं।
-अनुपम खेर ने मुश्ताक खान के स्वभाव को याद करते हुए कहा कि वह बेहद सहज इंसान थे और उनका सेंस ऑफ ह्यूमर शानदार था। अनुपम खेर के मुताबिक उन्होंने मुश्ताक खान को कभी गुस्से में नहीं देखा था।
-अनुपम खेर ने ये भी बताया कि पिछले कुछ सालों से मुश्ताक खान के बेटे मोहसिन खान से उनकी लगातार बातचीत होती रही थी। जब भी मोहसिन कोई नया काम करते थे, अनुपम खेर उनसे उनके पिता का हाल जरूर पूछा करते थे।
आखिरी दिनों बेटे ने पापा मुश्ताक का रखा खास ख्याल
अनुपम खेर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में मोहसिन खान से भी बात की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि बीमारी के आखिरी दौर में मोहसिन ने अपने पिता का पूरी तरह ख्याल रखा होगा। अनुपम खेर ने ये भी याद किया कि कुछ महीने पहले उनकी मुश्ताक खान से बातचीत हुई थी। उनके मुताबिक मुश्ताक खान बेबाक अंदाज में अपनी बातें रखने वाले इंसान थे। अनुपम खेर ने मुश्ताक खान के साथ काम करने और उनके अपनापन भरे व्यवहार को याद करते हुए परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कई फिल्मों में निभाए यादगार किरदार
-मुश्ताक खान ने अपने लंबे फिल्मी करियर में अलग-अलग तरह के किरदार निभाए। खासतौर पर कॉमेडी और सपोर्टिंग रोल्स में उनकी अलग पहचान बनी। वह कई बड़े स्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर कर चुके थे।
-'हेरा फेरी', 'राउडी राठौर', 'गदर: एक प्रेम कथा' और 'हम हैं राही प्यार के' जैसी फिल्मों में उनके काम को दर्शकों ने पसंद किया। अपने करियर के बाद के दौर में भी वह लगातार फिल्मों का हिस्सा बने रहे। 'गदर 2', 'बधाई दो' और 'स्त्री 2' जैसी फिल्मों में भी उन्हें देखा गया।
'वेलकम' मूवी का ये डायलॉग आज भी है मशहूर
मुश्ताक खान के सबसे यादगार किरदारों की बात हो तो 'वेलकम' के बल्लू को भुलाया नहीं जा सकता। साल 2007 में रिलीज हुई अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ स्टारर कॉमेडी फिल्म 'वेलकम' में मुश्ताक खान ने हॉकी खिलाड़ी का किरदार निभाया था। फिल्म में उनका एक डायलॉग 'मेरी एक टांग नकली है, मैं हॉकी का बहुत बड़ा खिलाड़ी था' दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुआ था। मुश्ताक खान ने अपने छोटे-छोटे किरदारों में भी ऐसा अंदाज दिखाया कि उनकी मौजूदगी लंबे समय तक याद रह गई।
टीवी पर भी छोड़ी अपनी छाप
-सिर्फ फिल्मों तक सीमित न रहते हुए मुश्ताक खान ने टेलीविजन पर भी काम किया। वह 'कुछ रंग प्यार के ऐसे भी' सहित कई टीवी शोज का हिस्सा रहे। फिल्मों और छोटे पर्दे पर अपने लंबे सफर के दौरान उन्होंने कई तरह के किरदार निभाए और मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई।
-मुश्ताक खान का निधन उनके परिवार के साथ-साथ उन तमाम कलाकारों और दर्शकों के लिए बड़ी क्षति है, जिन्होंने उन्हें पर्दे पर अलग-अलग भूमिकाओं में पसंद किया। राजपाल यादव की निधन से कुछ घंटे पहले हुई मुलाकात और अनुपम खेर की पुरानी यादों ने इस विदाई को और भावुक बना दिया। उनके निभाए किरदार और खास कॉमिक अंदाज लंबे समय तक दर्शकों के जेहन में बने रहेंगे।


Click it and Unblock the Notifications
