एमसी तोड़फोड़ की मौत के बाद मां ने कहा उसे पता था वह नहीं लौटेगा, होली से पहले ही मनाया रक्षाबंधन
मुंबई, 23 मार्च। फिल्म गली ब्वॉय में रैप गाने वाले धर्मेश परमार का महज 24 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन के बाद धर्मेश की मां का कहना है कि पिछले चार महीने में धर्मेश को दो बार दिल का दौरा पड़ा था। धर्मेश की मां ने बताया कि मेरा बेटा होली के मौके पर नासिक में खास प्रस्तुति देने को लेकर काफी रोमांचित था। बता दें कि धर्मेश की मौत की वजह अभी साफ नहीं है। धर्मेश जोया अख्तर की फिल्म गली ब्वॉय में इंडिया 91 गाने को अपनी आवाज दी थी। वह मुंबई से जुड़े हिप हॉप बैंड स्वदेशी के सदस्य थे।

दो बार दिल का दौरा पड़ चुका था
बता दें कि धर्मेश का 20 मार्च को निधन हो गया था, लेकिन उनकी मौत की खबर दो दिन बाद सामने आई। गली ब्वॉय के एक्टर रनवीर सिंह और सिद्धांत चतुर्वेदी, जोया अख्तर ने धर्मेश के निधन पर दुख जाहिर किया। दैनिक भास्कर को दिए इंटरव्यू में धर्मेश की मां ने कहा धर्मेश को इससे पहले दो बार दिल का दौरा पड़ चुका है। वह अपने दोस्त के साथ लद्दाख की ट्रिप पर गया था, जहां उसे पहले दिल का दौरा पड़ा था। इसके बाद धर्मेश को दूसरी बार दिल का दौरा पड़ा। उसके दिल का ऑपरेशन भी हुआ, लेकिन बावजूद इसके वह आराम नहीं करता था। वह अपने रैप और संगीत के लिए क्रेजी था, वह उसे अपनी जिंदगी से भी ज्यादा प्यार करता था। अब मेरा बेटा जा चुका है, हम उसे बचाने के लिए कुछ नहीं कर सके।

होली से पहले मना लिया रक्षा बंधन
धर्मेश की मां ने कहा कि शायद मेरे बेटे को पता था कि वह वापस घर नहीं लौटने वाला है। उसने रक्षा बंधन का पर्व होली के एक दिन पहले ही मनाया था। उसकी दो छोटी बहन हैं, मुझे नहीं पता उसके दिमाग में क्या आया, लेकिन उसने राखी का पर्व मनाया, उसने ना सिर्फ अपनी बहनों के साथ रक्षा बंधन का त्योहार मनाया बल्कि अपनी आंटी की बेटियों के साथ भी यह पर्व मनाया।

धर्मेश पर बनी थी फिल्म
बता दें कि गली ब्वॉय फिल्म भारत की गलियों में रहने वाले रैपर्स डिवाइन और नैजी से प्रेरि थी। फिल्म नवोदित स्ट्रीट रैपर की कहानी पर है, जिसका किरदार रणवीर सिंह ने निभाया है जोकि मुंबई के धारावी की बस्ती में रहता है। सिद्धांत चतुर्वेदी ने फिल्म में एमसी शेर का किरदार निभाया जोकि रणवीर सिंह के गुरू हैं। फिल्म में रणवीर सिंह, आलिया भट्ट, कल्की कोचिन विजय वर्मा, अमृता सुभाष और विजय राज अहम भूमिका में हैं।

मौत को लेकर सस्पेंस बरकरार
धर्मेश को एमसी तोड़फोड़ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने कई गाने गाए थे। स्वदेशी बैंड जिसमे धर्मेश गाते थे, उसने धर्मेश की मौत की पुष्टि की थी। धर्मेश अपने गुजराती रैप के लिए भी काफी मशहूर थे। रिपोर्ट के अनुसार धर्मेश की सड़क हादसे में मृत्यु हुई थी। लेकिन धर्मेश के परिवार की ओर से उनकी मौत की वजह की पुष्टि नहीं की गई है। धर्मेश का 21 मार्च को अंतिम संस्कार हुआ था। इसकी जानकारी स्वदेशी के इंस्टा अकाउट से दी गई थी। मुंबई में स्वदेशी मेला में धर्मेश ने प्रस्तुति दी थी जोकि उनकी आखिरी प्रस्तुति है।

अलग स्टाइल था धर्मेश का
धर्मेश मुंबई के एक चाल में रहते थे और उन्हें अपना संगीत काफी पसंद था। अपने अलग विचारों की वजह से ही उन्होंने अलग तरह के रैप की शुरुआत की। उनके रैप स्टाइल को लोगों ने काफी पसंद किया, लोग इसे कॉन्शियस रैपिंग स्टाइल कहते थे, क्योंकि ये रैप लोगों की सोच पर आधारित थे। धर्मेश का परिवार उन्हें क्रांतिकारी रैपर मानता था। राजीव दीक्षित से धर्मेश काफी प्रेरित थे और उन्हें ही अपना आदर्श मानते थे। उनसे प्रेरित होकर ही उन्होंने स्वदेशी बैंड की शुरुआत की थी।












Click it and Unblock the Notifications