Gufi Paintal Family: गुफी पेंटल के परिवार में कौन-कौन? उनके छोटे भाई भी हैं जाने-माने अभिनेता
Gufi Paintal Death: अभिनेता गुफी पेंटल का सोमवार सुबह 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बीआर चोपड़ा के टीवी शो महाभारत (1980) में शकुनि मामा की भूमिका निभाने के लिए गुफी पेंटल देशभर में मशहूर थे।

Gufi Paintal Family: बीआर चोपड़ा के टीवी शो महाभारत (1980) में शकुनि मामा की भूमिका निभाने के लिए जाने जाने वाले अभिनेता गुफी पेंटल का 5 जून की सुबह 9 बजे मुंबई में निधन हो गया। गुफी पेंटल का उम्र से संबंधित स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण निधन हुआ। वह 78 वर्ष के थे।
ऐसे में अब हर कोई ये जानना चाहता है कि आखिर गुफी पेंटल के परिवार में कौन-कौन है। बता दें कि गुफी पेंटल के परिवार में उनका बेटा, बहू और एक पोता है। उनकी पत्नी रेखा पेंटल का निधन साल 1993 में हार्ट अटैक के कारण हो गया था।
उनके बेटे हैरी पेंटल (Harry Paintal) को गुफी पेंटल ने ही अकेले संभाला था। हैरी पेंटल शादीशुदा हैं और उनका एक बच्चा भी है। हैरी पेंटल भी एक्टिंग से ही ताल्लुक रखते हैं।

गुफी पेंटल के बेटे हैरी पेंटल पिता के निधन पर कहा,''गहरे दुख के साथ मैं अपने पिता मिस्टर गुफी पेंटल (शकुनि मामा) के निधन की आप लोगों को सूचना दे रहा है। आज सुबह परिवार के बीच उनका निधन हो गया है।''
गुफी पेंटल के छोटे भाई पेंटल (Paintal) भी जाने-माने अभिनेता है। गुफी पेंटल के भतीजे और पेंटल के बेटे हितेन पेंटल भी एक्टिंग करते हैं। पेंटल फिल्म इंडस्ट्री में गुफी पेंटल से पहले से सक्रिय हैं। पेंटल का पूरा नाम कंवरजीत पेंटल हैं। इनकी पहचान अभिनेता और कॉमेडियन के तौर पर है।

पेंटल ने उमंग (1970) लाल पत्थर (1971), मेरे अपने (1971), प्यार की कहानी (1971), तांगेवाला (1972), शादी के बाद (1972), जवानी दिवानी (1972) , गोमती के किनारे (1972), बावर्ची (1972), पिया का घर (1972) , हीरा पन्ना (1974) समेत 50 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।
भारत की आजादी से पहले 4 अक्टूबर 1944 को पंजाब के तरन तारन में जन्मे दिवंगत एक्टर गुफी पेंटल का पूरा नाम सरबजीत पेंटल था। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। उसके बाद वह अपने छोटे भाई पेंटल के पास 1969 में बंबई (मुंबई) में आ गए और मॉडलिंग शुरू की।

मॉडलिंग के बाद उन्होंने फिल्मों के लिए सहायक निर्देशक के रूप में काम किया। उसके बाद उन्हें धीरे-धीरे टीवी शो और फिल्मों में काम करने का ऑफर मिलने लगा। गुफी ने टीवी शोज और फिल्मों दोनों जगह शानदार काम किया। उन्हें बहादुर शाह जफर, महाभारत, कानून, ओम नमः शिवाय, सीआईडी, कोई है, द्वारकाधीश भगवान श्री कृष्ण, राधाकृष्ण और जय कन्हैया लाल की जैसे टीवी शो में देखा गया था।
गुफी पेंटल ने 1975 में आई फिल्म रफू चक्कर से डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने दिल्लगी, देस परदेश और सुहाग, मैदान-ए-जंग, दावा, सत्ते पे सत्ता, निकाह जैसी फिल्मों में काम किया था। गुफी पेंटल अपने पीछे करोड़ों की संपत्ति छोड़ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications