LockUpp: मुनव्वर के सुस्त रवैये पर भड़कीं कंगना रनौत, बोलीं-मैं टूटे पैर से भी इस फिल्म की शूटिंग कर रही थी
मुंबई, 10 अप्रैल। लोकप्रिय रिएलिटी शो लॉक अप इन दिनों काफी चर्चा में है। शो की होस्ट कंगना रनौत जिस खास अंदाज से इस शो को होस्ट कर रही हैं, वह लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इस हफ्ते जब लॉक अप के तमाम कैदी जजमेंट डे के लिए इकट्ठा हुए तो उन्हें कंगना रनौत के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। एपिसोड के दौरान कंगना रनौत ने मुनव्वर फारुकी को लेकर निराशा जाहिर की। दरअसल शो के दौरान गेम में जिस तरह से मुनव्वर ने सुस्ती दिखाई और लेटे रहते थे उसको लेकर कंगना खुश नहीं हैं, जिसको लेकर कंगना ने मुनव्वर के रवैये पर सवाल खड़ा किया। इस दौरान कंगना ने अपने पुराने अनुभव को साझा करते हुए बताया कि मैंने टूटे पैर के साथ काम किया था।

बीमारी को बहाना बनाने लगे हैं
कंगना रनौत ने मुनव्वर फारुकी पर सवाल खड़ा करते हुए कहा कि आखिर वह क्यों अधिकतर समय तक लॉक अप की जेल में लेटे रहे और मुश्किल से किसी गेम में हिस्सा लेते थे। मुनव्वर के रवैये से नाराजगी जाहिर करते हुए कंगना ने कहा कि मैंने फिल्म की शूटिंग टूटे पैर के बावजूद की थी। यही नहीं कंगना ने कहा कि लॉक अप के कैदी अब अपनी बीमारी को बहाना बनाने के आदि हो गए हैं, लेकिन ऐसा नहीं होना चाहिए, आप लोगों को अपनी बीमारी फ्लॉन्ट करने की आदत हो गई है।

कड़ाके की ठंड, टूटे पैर से की शूटिंग
कंगना ने कहा कि लॉक अप में लोग सुस्ती दिखाते हैं, अपनी बीमारी को बहाना बनाते हैं। लेकिन बतौर कलाकार मैंने मुश्किल चुनौतियों में, जबरदस्त ठंड में भी काम किया है। आप शो के दौरान इस तरह से नीरस नहीं रह सकते हैं, आपको खेल की भावना को समझना चाहिए। कंगना ने कहा कि जब मैं फिल्म तनु वेड्स मनु की शूटिंग कर रही थी तो मेरा पैर टूट गया था, लेकिन बावजूद इसके मैं बैठी नहीं। मैं हमेशा ऊर्जा से भरी रहती थी, मैंने शूटिंग को जारी रखा। मैंने टूटे पैर से शूटिंग की, पैर टूटा होने की वजह से मैंने फिल्म में क्लोज अप शॉट दिए थे।

2010 में फिल्म की शुटिंग में टूटा पैर
बता दें कि कंगना रनौत की फिल्म तनु वेड्स मनु फिल्म की 2010 में शूटिंग कर रही थीं, फिल्म में उनके साथ मुख्य भूमिका में आर माधवन भी थे। दोनों जब पंजाब के कपूरथला, जालंधर में शूटिंग कर रहे थे तो कंगना हादसे का शिकार हो गई थीं, बाइक चलाते समय एक्शन के दौरान कंगना का पैर टूट गया था। फिल्म रिलीज हुई तो लोगों ने इसे काफी पसंद किया था। तनु वेड्स मनु को कंगना रनौत की सबसे हिट फिल्मों में भी गिना जाता है।












Click it and Unblock the Notifications