Kuku Kohli Death: बॉलीवड में पसरा मातम, फिल्ममेकर कुकू कोहली की मौत, कैसे गई जान? अजय देवगन को किया था लॉन्च
Kuku Kohli Death: फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आ रही है। खबर है कि मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का 77 साल की उम्र में निधन हो गया है। बताया जा रहा है कि उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया था। इसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। कुकू कोहली वही फिल्ममेकर थे, जिन्होंने अजय देवगन को फिल्मी दुनिया में लॉन्च किया था।
मशहूर फिल्ममेकर कुकू कोहली का निधन
कुकू कोहली के निधन की खबर की पुष्टि फिल्ममेकर और उनके करीबी दोस्त अशोक पंडित ने की है। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। कुकू कोहली का अंतिम संस्कार आज यानी 26 अगस्त 2026 (बुधवार) को किया जाएगा। उनकी अंतिम यात्रा सुबह 11 बजे उनके आवास से निकलेगी और ओशिवारा श्मशान घाट में अंतिम संस्कार होगा।

हार्ट अटैक बना कुकू कोहली की मौत की वजह
अशोक पंडित ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कुकू कोहली के निधन की वजह बताई है। उन्होंने कहा कि कुकू कोहली किसी बीमारी से जूझ नहीं रहे थे और बिल्कुल स्वस्थ थे। अचानक आए हार्ट अटैक के चलते उनका निधन हो गया। अशोक पंडित ने ये भी बताया कि कुकू कोहली इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन (IFTDA) के जनरल सेक्रेटरी भी थे।
एक्ट्रेस अरुणा ईरानी से की थी शादी
आपको बता दें कि कुकू कोहली ने एक्ट्रेस अरुणा ईरानी से शादी की थी। इससे पहले उनकी शादी रीटा कोहली से हुई थी। पहली पत्नी से उनके दो बच्चे पूजा और करिश्मा हैं। वहीं कुकू कोहली के निधन से उनका परिवार बुरी तरह से टूट गया है।
कुकू कोहली के परिवार का फिल्म इंडस्ट्री से नाता
जानकारी के अनुसार कुकू कोहली की बेटी पूजा कोहली बतौर प्रोड्यूसर काम करती हैं। वहीं उनकी दूसरी बेटी करिश्मा कोहली ने भी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने 'एक था टाइगर' और 'बजरंगी भाईजान' जैसी फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम किया है। करिश्मा कोहली ने साल 2022 में रिलीज हुई नेटफ्लिक्स सीरीज 'द फेम गेम' के निर्देशन में भी योगदान दिया था। इस सीरीज में माधुरी दीक्षित मुख्य भूमिका में नजर आई थीं।
'फूल और कांटे' से बदली अजय देवगन की किस्मत
-कुकू कोहली के निर्देशन करियर की शुरुआत फिल्म 'फूल और कांटे' से हुई थी। साल 1991 में रिलीज हुई इस फिल्म से अजय देवगन ने हिंदी सिनेमा में कदम रखा था। इस फिल्म में अजय देवगन के साथ मधु, अमरीश पुरी, अरुणा ईरानी और जगदीप जैसे कलाकार नजर आए थे।
-'फूल और कांटे' बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी और अजय देवगन रातोंरात दर्शकों के बीच पॉपुलर हो गए थे। फिल्म के दमदार एक्शन और अजय देवगन के अंदाज को काफी पसंद किया गया था। यही फिल्म उनके लंबे और सफल फिल्मी सफर की शुरुआत बनी।
-'फूल और कांटे' की सफलता के बाद कुकू कोहली ने अजय देवगन के साथ कई फिल्मों में काम किया। साल 1991 में ही उन्होंने 'कोहराम' मूवी का निर्देशन किया था। इसके बाद साल 1994 में रिलीज हुई फिल्म 'सुहाग' में भी अजय देवगन नजर आए थे।
-'सुहाग' मूवी में अजय देवगन के साथ अक्षय कुमार, करिश्मा कपूर और नगमा जैसे कलाकार मुख्य भूमिकाओं में थे। खास बात ये है कि इस फिल्म में पहली बार अजय देवगन और अक्षय कुमार की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ दिखाई दी थी। फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला था और ये बॉक्स ऑफिस पर सफल रही थी।
कुकू कोहली ने इन फिल्मों का भी किया निर्देशन
कुकू कोहली ने अपने करियर में कई फिल्मों का निर्देशन किया। 'फूल और कांटे', 'कोहराम' और 'सुहाग' के अलावा उन्होंने 'हकीकत', 'जुल्मी', 'अनाड़ी नंबर 1' और 'ये दिल आशिकाना' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया था। उनकी आखिरी फिल्म 'वो तेरा नाम था' थी, जो साल 2004 में रिलीज हुई थी। भले ही उन्होंने लंबे समय से किसी फिल्म का निर्देशन नहीं किया था लेकिन अजय देवगन जैसे बड़े स्टार को लॉन्च करने और 90 के दशक की कई चर्चित फिल्मों के निर्देशन के लिए कुकू कोहली को हमेशा याद किया जाएगा।
फिल्म इंडस्ट्री में बनाई खास पहचान
कुकू कोहली का करियर हिंदी सिनेमा के उस दौर से जुड़ा रहा, जब एक्शन और रोमांटिक फिल्मों का दर्शकों के बीच खास क्रेज था। उन्होंने कई पॉपुलर स्टार्स के साथ काम किया। खास तौर पर अजय देवगन के करियर की शुरुआत से उनका नाम हमेशा जुड़ा रहेगा। उनके निधन से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने एक अनुभवी फिल्ममेकर को खो दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
