KBC 13 कंटेस्टेंट SI निमिषा अहिरवार से जानें अमिताभ बच्चन से जुड़ी रोचक बातें
नई दिल्ली, 08 सितंबर। कौन बनेगा करोड़पति सीजन 13 के पहले ही हफ्ते में हॉट सीट पर सागर जिले की सब इंस्पेक्टर निमिषा अहिरवार पहुंची और महिला शक्ति की मिसाल कायम की। मध्यप्रदेश के छोटे से गांव से केबीसी तक के मंच तक का सफर तय कर चुकी खाकी वर्दी पहनने वाली निमिषा अपने गांव की पहली महिला पुलिस सब इंस्पेक्टर हैं। पहले ही प्रयास में केबीसी की हॉट सीट तक पहुंचने वाली निमिषा अहिरवार ने वन इंडिया को दिए एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में केबीसी के मंच पर बिग बी के साथ बिताए वो अस्मरणीय पलों को साझा किया। इसके साथ ही निमिषा अहिरवार ने सदी के महानायक अमिताभ बच्चन से जुड़ी कई रोचक बातें शेयर की।

हम बिग बी को ही देखते ही रह गए क्योंकि.....
निमिषा अहिरवार ने कहा केबीसी के मंच पर पहुंच कर अमिताभ बच्चन की पहली झलक देखी तो मैं उन्हें देखती रही। जो अब तक उनके बारे में सुना है उससे कहीं ज्यादा वो सामने से अच्छे लगते हैं। मेरा क्या हर कंटेस्टेंट का बिग बी के चेहरे की चमक और अंदाज देखकर आधा ध्यान तो गेम से हट जाता है हम उन्हें देखते ही रह जाते हैं।
पर्दे और सामने से देखने में बिग बी में क्या फर्क नज़र आया
निमिषा अहिरवार ने कहा अमिताभ सर सामने ज्यादा अच्छे लगते हैं उनकी पर्सनाल्टी मैगनेटिक हैं। अमिताभ बच्चन की जो मुस्कुराहट है वो मंत्रमुग्ध कर देने वाली होती है। उन्हें देखते ही दिल में अजीब सी खुशी होती हैं।
मैं खुशनसीब हूं कि हॉट सीट पर बैठकर बिग बी से बात कर सकी
हॉट सीट पर आने की खुशी सबसे बड़ी ये होती है कि आप बिग बी से वन टू वन बात कर पाते हैं। मैं जब हॉट सीट पर पहुंची तो खुशी से मैं रोने लगी। अमिताभ सर ने मुझे टिशू देकर चुप करवाया। उनका वो प्यार जिंदगी भर के लिए यादगार बन चुका है। मूड चेंज करने के लिए हंसाने की कोशिश की। इस खुशी को मैं शब्दों में बयान नहीं कर सकती।
अमिताभ बच्चन से हमें ये बात सीखनी चाहिए
निमिषा अहिरवार ने कहा वो इस उम्र कैसे इतनी एनर्जी से काम करते हैं। पूरी शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन का जो एनर्जी लेवल रहता है वो सीखना चाहिए। इंसान एक समय के बाद काम करके थक जाता है लेकिन अमिताभ बच्चन का काम करते समय इनर्जी लेवल और डिवोशन जो होता है वो नवजवानों को भी फेल कर दें।
केबीसी के मंच पर पहुंच कर भी मेरी ये ख्वाहिश रह गई अधूरी
निमिषा अहिरवार ने कहा मेरी केबीसी के मंच पर पहुंच कर भी ये ख्वाहिश अधूरी रह गई कि मैं अमिताभ सर से जानना चाहती थी कि उनकी इस फिटनेस का राज क्या है, वो इस उम्र में इतनी उर्जा लाते कहां से हैं। उनको देखकर दूसरों को इनर्जी आती है।
देखें पूरा इंटरव्यू
केबीसी से मुझे एक नई पहचान मिली
निमिषा अहिरवार ने कहा केबीसी 13 से लौटने के बाद परिवार का प्यार तो वो ही जैसा पहले मिलता था लेकिन घर से बाहर निकलती हूं तो लोग मेरे मुंह पर मॉस्क होने के बावजूद लोग पहचान जाते हैं मेरी आवाज से। लोग साथ फोटो लेना चाहते हैं। मुझसे केबीसी का अनुभव जानना चाहते हैं। आस पास के लोग ज्यादा जानने लगे हैं, नाम सुनते ही लोग बोलते हैं अरे आप वो ही केबीसी वाली निमिषा अहिरवार हैं। केबीसी से एक नई पहचान मिली है। मेरे गांव में भी एक बड़ा मैसेज गया है कि लड़कियों का करियर भी जरूरी है।
केबीसी में अब ऑडियंस बनकर जाना चाहती हूं
दोबारा केबीसी में एक ऑडियंस बनकर जाना चाहूंगी क्योंकि जब हम कंटेस्टेंट होते हैं तो एक घबराहट होती है, अब मैं दर्शक बनकर अमिताभ बच्चन को बैठकर शांति से देखना चाहती हूं। प्रतिभागियों को अमिताभ बच्चन इतना सहज कर देते हैं कि कुछ पल के लिए ये लगता है कि आप किसी अपने के ही बीच हैं।
केबीसी में जीती हुई धनराशि का क्या करेंगी?
मैं केबीसी में जीती हुई धनराशि एक धरोहर के तौर पर रखूंगी उसे खर्च नहीं करूंगी। वो मेरे बेटे तक जाए ये ही चाहती हूं। धरोहर के तौर पर आगे ट्रांसफर करना चाहती हूं।
मुझे इस बात की खुशी हैं कि....
मेरे पिता फौज में थे मेरे माता-पिता ने मुझे आगे बढ़ने का हर मौका दिया, उन्होंने किसी की परवाह किए बिना मुझे पुलिस की नौकरी के लिए अप्लाई करने के लिए कहा और मैं जब सलेक्ट हुई तो मुझसे ज्यादा वो खुश थे। निमिषा ने बताया मैं अपने गांव की पहली लड़की थी जो पुलिस विभाग में सब इंस्पेक्टर बनी। मेरे नौकरी में आने के बाद गांव के लोगों में जो रूढ़ीवादी सोच थी उसमें काफी बदलाव आया और अब लोग अपनी लड़कियों को पढ़ने नौकरी करने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। मुझे इस बात की खुशी हैं कि मैं लोगों को दिशा दिखा सकी।
महिलाओं को पुलिस की नौकरी में जरूर आना चाहिए
महिलाओं का पुलिस में होना महिलाओं के लिए कुछ करने का बेहतरीन मौका है। निमिषा ने कहा जब कोई महिला या लड़की अपनी रिपोर्ट या अपना दुख लेकर आती है तो वो और उसके घर वाले चाहते हैं कि एक महिला पुलिस अधिकारी ही उसकी बात सुने। ऐसे में अधिक से अधिक संख्या में महिलाओं को पुलिस में आना चाहिए। जो लड़किया पुलिस में आना चाहती है, उन्हें अपने खान-पान और रनिंग और पढ़ाई पर ध्यान देने की जरूरत है। पुलिस की जिम्मेदारी संभालने के लिए आपको शारीरिक ही नहीं मानसिक रूप से भी बहुत मजबूत रहने की जरूरत हैं।












Click it and Unblock the Notifications