Kapil Sharma के साथ हुई करोड़ों की धोखाधड़ी, दिलीप छाबड़िया के खिलाफ ईडी पहुंचे कॉमेडियन, जानें पूरा मामला
Kapil Sharma: फेमस स्टैंड-अप कॉमेडियन और एक्टर कपिल शर्मा इस समय सुर्खियों में छाए हुए हैं। खबर है कि कपिल शर्मा ने कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। कपिल शर्मा इस मामले को लेकर ईडी के पास पहुंचे हैं। कपिल शर्मा के अनुसार दिलीप छाबड़िया को उन्होंने एक कस्टमाइज्ड वैनेटी वैन का ऑर्डर दिया था लेकिन उस वैन की डिलीवरी नहीं हुई है।
कपिल शर्मा ने दिलीप छाबड़िया पर लगाया आरोप
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक कपिल शर्मा ने आरोप लगाया है कि दिलीप छाबड़िया ने वाहन की डिलीवरी नहीं दी और उनसे अवैध तरीकों से पैसे ऐंठने की कोशिश की है। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धन शोधन मामले में दिलीप छाबड़िया के खिलाफ दाखिल आरोप पत्र के हिस्से के रूप में कपिल शर्मा के अधिकृत प्रतिनिधि मोहम्मद हामिद का बयान दर्ज किया है।

26 फरवरी को कोर्ट में होगी पेशी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामले की सुनवाई कर रही एक विशेष पीएमएलए अदालत ने आरोप पत्र पर संज्ञान लिया है और दिलीप छाबड़िया और 6 अन्य आरोपियों को समन जारी किया गया है। इन सभी आरोपियों को आगामी 26 फरवरी 2024 को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा गया है।
कौन हैं दिलीप छाबड़िया
दिलीप छाबड़िया मॉडिफाइड वीकल्स यानी कस्टमाइज्ड वीकल्स के लिए जाने जाते हैं। उनकी कंपनी का नाम 'डीसी' है, जिसके ट्रेडमार्क डिजाइन की खूब डिमांड है। कई बड़े सेलेब्रिटीज दिलीप छाबड़िया के क्लाइंट हैं। दिलीप छाबड़िया ने ही देश की पहली स्पोर्ट्स कार लॉन्च की थी लेकिन अब वह मुश्किल में फंस गए हैं। बाल ही में कई सेलेब्रिटीज ने दिलीप छाबड़िया पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है और उनमें से एक कपिल शर्मा भी हैं।
क्या है पूरा मामला
ईडी को दिए गए बयान में कपिल शर्मा के प्रतिनिधि मोहम्मद हामिद ने बताया है कि कपिल शर्मा ने साल 2016 में एक वैनिटी वैन के लिए दिलीप छाबड़िया से संपर्क किया था। इसे लेकर 2017 में दिलीप छाबड़िया डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड और कपिल शर्मा की कंपनी के9 प्रोडक्शंस के बीच 4.5 करोड़ में डील फाइनल हुई थी। कपिल शर्मा की कंपनी ने डील की शर्तों के अनुसार दिलीप छाबड़िया को टैक्स सहित 5.31 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
दिलीप छाबड़िया के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला
पैसे दिए जाने के बावजूद कपिल शर्मा को वैनिटी वैन नहीं मिली। उन्हें पैसे भी वापस नहीं दिए गए थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक दिलीप छाबड़िया के खिलाफ ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था। इस सिलसिले में साल 2022 में उनके मुंबई और पुणे स्थित घर और ऑफिस में छापेमारी की गई थी। साल 2020 में दिलीप छाबड़िया पर आरोप लगा था कि उन्होंने कुछ गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों से लोन लिया था। उनके खिलाफ तब तीन मामले दर्ज किए गए थे।
कपिल शर्मा को दिलीप पर हुआ था शक
जब वैनिटी वैन की डिलीवरी में देरी होने लगी तो हामिद उसके बारे में जानने के लिए कार डिजाइनर की पुणे फैसिलिटी पहुंचे थे। तब दिलीप छाबड़िया ने उन्हें बताया था कि वैनिटी वैन के लिए जरूरी इंटीरियर का सामान खरीद लिया गया है और गोदाम में रखा है। फिर उन्होंने कहा कि अभी फंड की कमी है और पैसों की जरूरत है। इसके बाद दिलीप छाबड़िया ने कपिल शर्मा को 54,20,800 रुपये का कोटेशन भेजा और पैसों की मांग की।
दिलीप छाबड़िया ने कपिल शर्मा पर लगाया झूठा आरोप
ये सब देखकर कपिल शर्मा परेशान हो गए थे। जब उन्होंने दिलीप छाबड़िया से गलत तरीके से पैसे ऐंठने को लेकर सवाल किया, तो वह दुश्मनी निकालने लगे। आरोपी दिलीप छाबड़िया ने कपिल शर्मा को मेल भेजना शुरू कर दिया, जिसमें उसने वैनिटी वैन का समय पर निरीक्षण न करने के लिए कॉमेडियन पर झूठा आरोप लगाया और उसकी डिलीवरी न होने का कारण बताया।
धोखाधड़ी का शिकार हुए कपिल शर्मा
इसके बाद कपिल शर्मा को पूरा अंदेशा हो गया कि दिलीप छाबड़िया उन्हें ठग रहे हैं। तब उन्होंने उसके खिलाफ एक्शन लिया। उसकी धोखाधड़ी की मंशा को भांपते हुए कपिल शर्मा ने कानूनी कदम उठाया और दिलीप को लीगल नोटिस भेजा गया।












Click it and Unblock the Notifications