दो दिन में फिल्म इंडस्ट्री से दूसरी बुरी खबर, 6 दशकों तक लोगों को हंसाने वाले एक्टर का निधन
नई दिल्ली, 4 दिसंबर: फिल्म और टीवी इंडस्ट्री से लगातार दुखभरी खबरें सामने आ रही हैं। दो दिन पहले मिर्जापुर समेत कई वेब सीरीज और फिल्मों में काम करने वाले ब्रह्मा मिश्रा का निधन हो गया। इस दुख से इंडस्ट्री अभी उभरी भी नहीं थी कि शनिवार को एक्टर एस. शिवराम के निधन की खबर आई। उनकी उम्र 84 साल थी और उन्होंने 6 दशक से ज्यादा कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में हास्य अभिनेता के रूप में काम किया।

सिर में आई थी चोट
जानकारी के मुताबिक इस हफ्ते की शुरुआत में उनके सिर में चोट लग गई थी, जिसके बाद उनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां पर उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी, जिस वजह से उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया, जहां उन्होंने शनिवार को अंतिम सांस ली। मामले में उनका इलाज करने वाले डॉक्टर मोहन ने बताया कि मंगलवार की रात पूजा के दौरान वो अपने आवास पर गिर गए थे, जिस वजह से उनके सिर पर चोट आई। आनन-फानन में उनके परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।

नहीं हो सका ऑपरेशन
डॉक्टर के मुताबिक स्कैन करने पर उनके दिमाग में रक्तस्राव का पता चला। इसका इलाज सिर्फ ऑपरेशन था, लेकिन उम्र संबंधित चिंताओं की वजह से सर्जरी का विकल्प डॉक्टरों ने खारिज कर दिया। पिछले हफ्ते भी शिवराम का एक्सीटेंड हुआ था, जहां उनकी कार एक पोल से टकरा गई। उस दौरान भी वो चेकअप के लिए अस्पताल आए थे, लेकिन तब उन्हें चोट नहीं लगी थी।

ऐसा रहा करियर
वहीं करियर की बात करें, उन्होंने महान फिल्म निर्माता पुत्तन्ना कनागल और अभिनेता डॉ राजकुमार की फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। शिवराम शंकर नाग और विष्णुवर्धन की फिल्मों में भी वो नजर आए थे। वैसे तो वो हास्य अभिनेता थे, लेकिन उन्हें कई गंभीर कैरेक्टर में भी देखा गया। 'ननोब्बा कल्ला' (1979), 'होम्बिसिलु' (1978), 'गीता' (1981), 'येजमाना' (2000), और 'अपथामित्र' (2004) उनकी हिट फिल्में थीं।

संदिग्ध हालत में ब्रह्मा मिश्रा का निधन
वहीं दो दिन पहले संदिग्ध हालत में एक्टर ब्रह्मा मिश्रा का निधन हो गया। उनका शव मुंबई के वर्सोवा इलाके में स्थित उनके फ्लैट में क्षत-विक्षत हालत में मिला था। उन्होंने मिर्जापुर वेब सीरीज में मुन्ना भइया के दोस्त ललित की भूमिका निभाई थी। इसके अलावा भी उन्होंने कई बड़े एक्टर्स के साथ काम किया था।












Click it and Unblock the Notifications