मशहूर कन्नड़ एक्टर की जेल से वायरल हुई फोटो ने मचाया बवाल, ऐसा क्या करते दिखे दर्शन?
कन्नड़ अभिनेता दर्शन थुगुदीपा जो अपहरण और हत्या के आरोपी हैं, कथित तौर पर जेल में उन्हें स्पेशल ट्रीटमेंट मिल रही है। एएनआई ने एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें वे ग्रे टी-शर्ट और ब्लैक पैंट में एक कप कॉफी और सिगरेट पकड़े नजर आ रहे हैं। एक गार्डन में वे तीन लोगों के साथ बैठकर कॉफी पीते हुए और हंसते हुए भी नजर आ रहे हैं।
वायरल तस्वीर ने जेल के अंदर की सिक्योरिटी को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं। कुछ रिपोर्टों के अनुसार, दर्शन के साथ बैठे लोगों में उपद्रवी हिस्ट्रीशीटर विल्सन गार्डन नागा, अभिनेता के प्रबंधक और सह-आरोपी नागराज और एक अन्य कैदी कुल्ला सीना शामिल हैं। फोटो ने अभिनेता को कथित तौर पर दिए जा रहे स्पेशल ट्रीटमेंट को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्या था रेणुकास्वामी हत्या मामला?
फार्मासिस्ट और दर्शन के प्रशंसक रेणुकास्वामी ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर पवित्रा गौड़ा को गलत मैसेज संदेश भेजे। 2003 से शादीशुदा होने के बावजूद दर्शन कथित तौर पर एक दशक से पवित्रा के साथ रिश्ते में थे। संदेशों के बारे में जानने पर, दर्शन को पता चला कि रेणुका चित्रदुर्ग में रहती हैं और उन्होंने राघवेंद्र से संपर्क किया, जो वहां अपना फैन क्लब चलाते हैं। फिर उन्होंने राघवेंद्र से रेणुका को बेंगलुरु लाने के लिए कहा।
रेणुका स्वामी को कथित तौर पर आरआर नगर में एक स्थान पर ले जाया गया, जहां उनकी पिटाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप कई चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। कथित तौर पर उनके शव को सुम्मानहल्ली के पास एक नाले में फेंक दिया गया था।
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि हमले के दौरान दर्शन और पवित्रा मौजूद थे। पुलिस ने पीटीआई को बताया कि दर्शन ने रेणुका को बेल्ट से पीटा। जब वो बेहोश हो गया, तो उसके साथियों ने उसे डंडों से मारा और दीवार पर फेंक दिया, जो घातक साबित हुआ।
वायरल फोटो पर रिएक्शन
मृतक रेणुकास्वामी के पिता काशीनाथ एस शिवनगौडरू ने वायरल फोटो की जांच और जिम्मेदार लोगों को सजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसी चीजों से लगता है कि सीबीआई जांच होनी चाहिए। शिवनगौडरू ने दर्शन को दूसरों के साथ सिगरेट पकड़े और चाय पीते देखकर आश्चर्य व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमें शक है कि वो जेल में है या नहीं। जेल को जेल ही रहना चाहिए और कुछ और नहीं बनना चाहिए।
बताते चलें कि दर्शन को हत्या के मामले में 11 जून, 2024 को गिरफ्तार किया गया था और वह 22 जून से न्यायिक हिरासत में हैं। जेल में रहने के दौरान अभिनेता के साथ कथित तौर पर किए गए पक्षपातपूर्ण व्यवहार ने लोगों को हैरान कर दिया है और जेल नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications