क्यों डूबता जा रहा है कंगना रनौत का करियर, आखिर बॉलीवुड में किस-किस से लिया 'पंगा', अब हुई ऐसी हालत
Kangana Ranaut: बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत इस समय सुर्खियों में छाई हुई हैं। कंगना रनौत की फिल्म चंद्रमुखी 2 गत 28 सितंबर को ही सिनेमाघरों मे रिलीज हुई है लेकिन इसका रिस्पॉन्स बहुत ही ठंडा है। लोगों को ये फिल्म बिल्कुल पसंद नहीं आई है। फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर बहुत ही कम कमाई की है। लोगों की मानें तो कंगना रनौत को अब सोच समझकर ही फिल्में करनी चाहिए। आपको बता दें कि कंगना रनौत इंडस्ट्री में न सिर्फ अपनी अच्छी एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं बल्कि वह अपने विवादास्पद बयानों के लिए भी काफी मशहूर हैं। पिछले कुछ समय से कंगना रनौत देश-विदेश के हर मुद्दे पर अपनी बात रखती आ रही हैं।
कंगना रनौत को कंट्रोवर्सी क्वीन कहा जाता है
कंगना रनौत कभी तो वह कुछ खास लोगों की तारीफ करती नजर आती हैं तो कभी कभी वह इंडस्ट्री के कई लोगों पर तंज कसती भी दिखाई देती हैं। कंगना रनौत को कंट्रोवर्सी क्वीन तक कहा जाता है। विवादों में घिरे रहने की वजह से कंगना की मुश्किलें बढ़ी हैं। इसका सबसे ज्यादा असर उनके काम पर दिखाई दे रहा है। बॉलीवुड इंडस्ट्री के बड़े-बड़े प्रोड्यूसर्स से लेकर डायरेक्टर तक ने कंगना के साथ काम करना बंद कर दिया है। इंडस्ट्री के लोग अब कंगना को इग्नोर करते नजर आते हैं।

अध्ययन सुमन के साथ रिलेशनशिप
बॉलीवुड एक्टर शेखर सुमन के बेटे अध्ययन सुमन एक समय पर कंगना रनौत के काफी करीब थे और दोनों के रिलेशनशिप के खूब चर्चे थे। साल 2008 में दोनों के बीच नजदीकियां शुरू हुई थीं। फिल्म 'राज: द मिस्ट्री कंटीन्यूज' में दोनों ने एकसाथ काम किया था, लेकिन दोनों का ये रिश्ता ज्यादा लंबा नहीं चल सका और दोनों अलग हो गए। इसके बाद अध्ययन सुमन ने कंगना रनौत पर उनका करियर खराब करने का आरोप लगाया था।
ऋतिक रोशन के साथ बड़ा विवाद
जनवरी 2016 में कंगना रनौत और ऋतिक रोशन के बीच विवाद शुरू हुआ था। फिल्म 'आशिकी-3' में कंगना रनौत और ऋतिक रोशन को कास्ट करने की बात सामने आ रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ऋतिक रोशन के कहने पर कंगना रनौत को इस फिल्म से निकाल दिया गया था। इसके बाद मीडिया में हलचल हो गई कि कंगना और ऋतिक के बीच कुछ भी सही नहीं चल रहा है। एक इंटरव्यू में कंगना ने ऋतिक को अपना 'सिली एक्स' कह दिया था। इस मामले में ऋतिक रोशन ने कंगना रनौत को एक लीगल नोटिस भी भेजा था। इसके बाद कंगना को इंडस्ट्री में आलोचना का शिकार होना पड़ा था।
आदित्य पंचोली पर सेक्शुअल हैरसमेंट का आरोप
कंगना रनौत ने जब बॉलीवुड में डेब्यू किया था, तब उनका नाम एक्टर आदित्य पंचोली के साथ जोड़ा गया। कंगना रनौत और आदित्य पंचोली के बीच 5 साल तक अफेयर चला। इस अफेयर का अंत बहुत खराब रहा। कंगना ने आदित्य पंचोली पर आरोप लगाए कि उन्होंने कंगना को घर में बंद करके रखा और उन्हें मारा-पीटा भी। इसके खिलाफ कंगना ने एफआईआर दर्ज करवाई थी और आदित्य पंचोली पर सेक्शुअल हैरसमेंट का आरोप भी लगाया। इस मामले पर सुनवाई कोर्ट में चल रही है।
करण जौहर के साथ नेपोटिज्म पर विवाद
कंगना रनौत ने करण जौहर के चैट शो 'कॉफी विद करण' में नेपोटिज्म पर बात की थी। सिर्फ इतना ही नहीं #Metoo पर करण जौहर की तरफ से कुछ न कहे जाने को लेकर भी कंगना ने उनकी जमकर खिंचाई की थी। कंगना रनौत ने करण जौहर के लिए कहा था- लड़कियों को बार्बी डॉल की तरह से दिखाना सही नहीं है। जो पुरुष लड़कियों को कपड़ों की तरह बदलते हैं, उन्हें हीरो बनाकर क्यों पेश किया जाता है। क्या इस तरह से कभी किसी महिला किरदार को ग्लोरिफाई किया गया है?। कंगना रनौत ने आलिया भट्ट को भी करण जौहर की कठपुतली कहा है।












Click it and Unblock the Notifications