'मैं कर्नाटक और आंध्र के साथ खड़ा हूं', कमल हासन ने दक्षिण में हिंदी थोपे जाने पर दिया बड़ा बयान
Kamal Hasan On Hindi: कमल हासन की 234वीं फिल्म ठग लाइफ सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म की रिलीज के पहले विवाद शुरू हुआ। जो कमल हासन के ही बयान के बाद उठा। उनके एक बयान ने भाषा विवाद खड़ा कर दिया। इस वजह से उनकी फिल्म कर्नाटक में रिलीज नहीं हो पाई। अब उन्होंने भाषा थोपने के मुद्दे पर बात की है। खासकर साउथ राज्यों में हिंदी थोपने पर। भाषा पर उनकी टिप्पणी को लेकर विवाद हो सकता है।
कमल हासन ने अपनी फिल्म के प्रमोशन के दौरान कहा था कि कन्नड़ भाषा तमिल से निकली है। इसके बाद बवाल शुरू हो गया। जब उनसे माफी मांगने की बात कही गई, तो उन्होंने माफी मांगने से इनकार कर दिया। यही वजह है कि फिल्म कर्नाटक में रिलीज नहीं हुई। कमल ने पीटीआई को बताया, "मैं 'एक दूजे के लिए...' का अभिनेता हूं।" उन्होंने अपनी 1981 की हिट हिंदी फिल्म का जिक्र किया, जो एक तमिल लड़के और उसकी हिंदी भाषी पड़ोसी के साथ रोमांस के बारे में थी।

उन्होंने कहा, "बिना थोपे, हम सीख जाएंगे। थोपो मत, क्योंकि यह एक शिक्षा है और हमें शिक्षा के लिए सबसे छोटा रास्ता अपनाना चाहिए। इसके रास्ते में बाधाएं नहीं डालनी चाहिए। मैं पंजाब के साथ खड़ा हूं। मैं कर्नाटक के साथ खड़ा हूं। मैं आंध्र के साथ खड़ा हूं। यह एकमात्र ऐसी जगह नहीं है जो हिंदी थोपने का विरोध कर रही है। बता दें, उनके गृह राज्य तमिलनाडु में सत्तारूढ़ डीएमके ने लंबे समय से राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत शुरू की गई त्रि-भाषा नीति का विरोध किया है। पार्टी ने बार-बार भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर "हिंदी थोपने" की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
कमल ने आगे कहा, हमारे पास 350 साल की अंग्रेजी की शिक्षा का इतिहास है। एकदम से हिंदी थोपने से कई लोग अशिक्षित हो जाएंगे। खासकर तमिलनाडु में। आप स्पैनिश या चाइनीज भी सीख सकते हैं, लेकिन इसमें सबसे छोटा रास्ता अंग्रेजी है। आप अचानक हिंदी के माध्यम से सभी को मजबूर करते हैं और आप उन्हें बताते हैं कि आपको नौकरी नहीं मिलेगी, तो आप सोचने लगते हैं कि वादों का क्या? मेरी भाषा का क्या? क्या मैं 22 (आधिकारिक भाषाओं) में से एक नहीं हूं? ये सवाल आ रहे हैं।
बता दें, कमल ये सारी बयानबाजी अब अपनी फिल्म के चलते दे रहे हैं। कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) ने कहा था कि जब तक हासन चेन्नई में एक प्रचार कार्यक्रम में अपनी कन्नड़-तमिल टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगते, तब तक वह 'थग लाइफ' को रिलीज नहीं होने देगा। उनके बैनर, राजकमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने फिल्म की रिलीज के लिए सुरक्षा की मांग करते हुए कर्नाटक उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की। अदालत से फटकार के बाद, निर्माताओं ने कहा कि 'ठग लाइफ' कर्नाटक में रिलीज नहीं होगी। फिल्म ने भारत में अपने पहले तीन दिनों में केवल ₹30 करोड़ की कमाई की है।












Click it and Unblock the Notifications