अयोध्या में राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे कैलाश खेर, बोले- लोगों को मिलेगा बड़ा सरप्राइज
Ram Mandir Kailash Kher: इस समय अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का कार्य बहुत ही तेजी से चल रहा है। खबर है कि आगामी 22 जनवरी 2023 को राम मंदिर का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार अभी से तैयारियां में जुट गई है। इस खास मौके पर राजनीति से लेकर मनोरंजन जगत के दिग्गज लोग मौजूद होंगे। वहीं बॉलीवुड के मशहूर गायक कैलाश खेर को मंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण मिला है।
कैलाश खेर को मिला राम मंदिर उद्घाटन में शामिल होने का न्यौता
राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में जाने को लेकर कैलाश खेर ने एबीपी न्यूज के साथ बातचीत की और बताया कि रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में मौजूद रहने को लेकर वह अभी से काफी उत्साहित हैं। अपनी खुशी जताते हुए कैलाश खेर ने कहा कि ये उनका सौभाग्य है कि उन्हें इतने ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिलने जा रहा है। फिलहाल वह इस दिन का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में बजेंगे कैलाश खेर के नए गाने
कैलाश खेर ने बताया कि राम मंदिर के भव्य उद्घाटन कार्यक्रम के लिए उन्होंने नए गीत तैयार किए हैं जिन्हें समारोह के दिन बजाया जाएगा। कैलाश खेर ने बताया कि इन नए गानों के बारे में फिलहाल बाहर कुछ बताने के बारे में उन्हें अनुमति नहीं है। उन्होंने जानकारी दी कि अयोध्या में समारोह के दौरान गाने को बजाने से संबंधित कई तरह के प्रोटोकॉल हैं और पीएमओ से लेकर राम मंदिर समिति तक गानों के लिए इस्तेमाल की गई धुन और शब्दावली की पहले बारीकी से जांच करेगी और फिर उसको बजाया जाएगा। लोगों के लिए ये एक बड़ा सरप्राइज होगा।
22 जनवरी 2024 को होगा राम मंदिर का उद्घाटन
कैलाश खेर ने कहा कि उन्हें पूरी उम्मीद है कि प्रभु श्रीराम के आशीर्वाद स्वरूप उनके गानों को मंदिर के उद्घाटन समारोह में जगह मिलेगी। कैलाश खेर ने कहा कि अगर उनके गाने सिलेक्ट हो जाते हैं तो उनके लिए इससे बड़ी खुशी की बात और कुछ नहीं हो सकती है। कैलाश खेर ने आगे बताया कि वह राम लला के दर्शन करने के लिए अब तक एक बार भी अयोध्या नहीं गए हैं और ऐसे में वह 22 जनवरी को होने वाले राम मंदिर के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए एक्साइटेड हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications