जॉनी लीवर ने बयां किया अपना दर्द, कहा- मैंने कई दिन खाना नहीं खाया, पिता ने कर दिया था ऐसा हाल
Johnny Lever: बॉलीवुड के शानदार कॉमेडियन और एक्टर जॉनी लीवर इस समय सुर्खियों में छाए हुए हैं। हाल ही में जॉनी लीवर का एक इंटरव्यू सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उन्होंने अपना दर्द बयां किया है। इस इंटरव्यू में जॉनी लीवर ने बताया है कि एक शानदार करियर होने के बावजूद उन्हें किस बुरे दौर से गुजरना पड़ा था।
जॉनी लीवर की परफेक्ट कॉमेडी टाइमिंग
जॉनी लीवर ने 1980 के दशक में ग्लैमर की दुनिया में कदम रखा था और वह आज भी अपनी परफेक्ट कॉमेडी टाइमिंग से दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। वह बॉलीवुड की कई सुपरहिट फिल्मों का हिस्सा रहे हैं, जिनमें 'बाजीगर', 'राजा हिंदुस्तानी', 'दूल्हे राजा', 'बादशाह', 'आमदनी अट्ठानी खर्चा रुपैया', 'खट्टा मीठा', 'गोलमाल', 'दे दना दन' जैसे नाम शामिल हैं।

जॉनी लीवर ने बयां किया अपना दर्द
यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया के साथ उनके शो 'टीआरएस' पर बातचीत में जॉनी लीवर ने अपनी जिंदगी के बारे में कई खुलासे किए हैं। यूट्यूबर के साथ उनकी हालिया बातचीत से उनके सबसे बुरे दौर के बारे में लोगों को पता चला है। जॉनी लीवर ने खुलासा किया है कि उनका बचपन उनके जीवन का सबसे अंधकार भरा दौर था। उन्होंने बताया कि एक टाइम ऐसा था जब उन्हें दो वक्त का खाना तक नसीब नहीं होता था।
पिता से तंग आ गए थे जॉनी लिवर
जॉनी लीवर ने इंटरव्यू में कहा- मेरा बचपन काफी मुश्किल दौर में गुजरा था। बचपन में मुझे परिवार को देखना पड़ता था। ऐसे में मैंने बहुत संघर्ष किया है। मैं कुछ काम करके पैसे लाता था तब जाकर घर में खाना बनता था। मेरे पापा का तो मुझे पता ही नहीं था कि वो क्या करते थे। वह अपने दोस्तों के साथ निकल जाते थे, काम पर भी नहीं जाते थे, बस दादागिरी करते थे। हम लोगों को रोज डर लगता था कि मेरा बाप जिंदा नहीं आएगा।
जान देने वाले थे जॉनी लिवर
इस बातचीत में जॉनी लीवर ने खुलासा किया कि जब वह 13 साल के थे तो उन्होंने सुसाइड तक करने की कोशिश की थी। वह अपने पिता से इतना तंग आ गए थे कि उन्होंने रेलवे ट्रैक पर लेटकर अपनी जान देने का फैसला कर लिया था। एक्टर ने कहा- जब ट्रेन मेरे पास आ रही थी, तो मेरी तीन बहनों के चेहरे आंखों के सामने घूम गए और मैंने तुरंत वहां से हटने का फैसला कर लिया।
'शाहरुख खान जैसा मेहनती इंसान मैंने नहीं देखा'
इंटरव्यू में कॉमेडियन ने बॉलीवुड में कुछ अच्छे एक्टर्स के साथ काम करने के अपने समय के बारे में भी बात की। जॉनी लीवर ने कहा- मैंने शाहरुख खान जैसा मेहनती आदमी कभी नहीं देखा है। हम लोगों ने बाजीगर मूवी में साथ में काम किया था। 1991 में जब फिल्म की शूटिंग चल रही थी तो उस समय लोग उनसे ज्यादा मुझे जानते थे। मैं उस वक्त स्टार था। लेकिन देखो कड़ी मेहनत करके आज वो सुपरस्टार बन गया है।












Click it and Unblock the Notifications