'10 साल में एक भी सबूत नहीं मिले ऐसा कैसे हुआ', जिया खान की मां राबिया ने कहा- जस्टिस सिस्टम का मजाक बन गया
Jiah Khan Mother Rabia Khan: जिया खान की मां राबिया खान के अनुसार इस पूरे मामले में देश की न्यायपालिका प्रणाली का मजाक बना है। राबिया खान ने अपने बयान में कहा है- ये मामला शुरू से ही गलत रास्ते पर था।

Jiah Khan Mother Rabia Khan: बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान सुसाइड मामले में कुछ दिनों पहले ही सीबीआई की विशेष अदालत ने एक्टर सूरज पंचोली को बरी कर दिया था। आपको बता दें कि जिया खान के एक्स बॉयफ्रेंड एक्टर सूरज पंचोली पर एक्ट्रेस को सुसाइड के लिए उकसाने का आरोप लगया गया था। हालांकि इस मामले में सूरज पंचोली के बरी हो जाने के बाद से दिवंगत एक्ट्रेस जिया खान की मां राबिया बिल्कुल भी खुश नहीं हैं। कोर्ट के इस फैसले को जिया खान की मां राबिया ने जस्टिस सिस्टम का 'मजाक' बताया है। जिया खान की मां राबिया खान के अनुसार इस पूरे मामले में देश की न्यायपालिका प्रणाली का मजाक बना है।
जस्टिस सिस्टम का 'मजाक' बन गया
दिवंगत एक्ट्रेस जिया खान की मां राबिया खान ने अपने बयान में कहा है- ये मामला शुरू से ही गलत रास्ते पर था। सभी सबूत मेरी बेटी हत्या की तरफ इशारा कर रहे थे लेकिन किसी ने कुछ नहीं कहा। राबिया खान ने आगे कहा- सूरज पंचोली ने कुछ नहीं किया ये कैसे हो सकता है। ये कैसे संभव हो सकता है कि पुलिस ने उन पर ऐसा आरोप लगाया, जिसके लिए उनके पास सबूत ही नहीं थे। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार ये एक हत्या थी लेकिन उन्होंने उन सबूतों को नजरअंदाज कर दिया था।
10 साल में एक भी सबूत नहीं मिले ऐसा कैसे हुआ
राबिया खान ने आगे कहा- ये पूरा ट्रायल न्यायपालिका प्रणाली का मजाक था। सीबीआई की विशेष अदालत ने ट्रायल कोर्ट के लिए पहले से तय हो चुके रास्ते पर ही काम किया, ताकि आरोपी को बरी कर केस बंद कर दिया जाए। ऐसा कैसे हो सकता है कि 10 साल के लंबे वक्त में भी देश की पुलिस और सीबीआई को एक भी सबूत नहीं मिला। अदालत ये सोच ही नहीं पाई कि पीड़िता ने आत्महत्या का फैसला क्यों लिया था। उसने सीधे तौर पर जिया को आत्महत्या करने के लिए उकसाया था।

25 साल की उम्र में जिया खान ने किया था सुसाइड
जिया खान की मां ने अपने बयान में कहा- इस मुकदमे के दौरान उन्हें बड़ी जल्दी ये पता चल गया था कि सीबीआई और अभियोजन पक्ष के बीच समझौता हो गया था। मैं फिर से कहना चाहूंगी कि जिया की मौत का असली कारण कभी साबित नहीं हो पाया। राबिया खान ने आगे कहा- सूरज पंचोली एक आरोपी था और उसने सरेआम, सफेद झूठ बोला है। जानकारी के अनुसार बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान ने 25 साल की उम्र में 3 जून 2013 को मुंबई के जुहू इलाके में स्थित अपने घर में मृत पाई गई थीं। पुलिस ने बाद में जिया के घर से कथित तौर पर छह पन्नों का एक सुसाइड नोट भी बरामद किया था। मां राबिया के आरोपों के बाद सूरज पंचोली को गिरफ्तार कर लिया गया था।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications