Jaat Scene Controversy: विवादों में सनी देओल की 'जाट', एक सीन पर कड़ी आपत्ति, सिर्फ दो दिन का अल्टीमेटम
Jaat Scene Controversy: जाट के जरिए सिनेमाघरों में एक बार फिर 'गदर' मचाने वाले सनी देओल की फिल्म अपनी रिलीज के 6 दिन बाद विवादों से घिरती नजर आ रही है। सनी देओल और रणदीप हुड्डा की फिल्म का अब बड़ी कंट्रोवर्सी से सामना हो गया है। फिल्म के एक सीन को लेकर देशभर में एक समुदाय ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। इतना ही फिल्म को बैन करने की मांग उठने लगी है। इसी के साथ दो दिन का अल्टीमेटम तक दिया गया है।
फिल्म 'जाट' 10 अप्रैल को रिलीज हुई है। फिल्म में सनी देओल, रणदीप हुड्डा और विनीत कुमार सिंह लीड रोल में हैं। इसका निर्देशन गोपीचंद मालिनीनी ने किया है और निर्माता नवीन मालिनीनी हैं। फिल्म जाट को लेकर जबरदस्त माहौल बना हुआ है। फिल्म में तगड़ा एक्शन और माकराट है। ऐसे में अब इसी मारकाट को लेकर विवाद गहरा गया है।

जाट के एक सीन पर गहराया विवाद
फिल्म में चर्च के अंदर फिल्माए गए एक खून-खराबे वाले सीन पर देशभर के ईसाई समुदाय ने कड़ी आपत्ति जताई है। समुदाय का कहना है कि यह दृश्य उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। उन्होंने फिल्म पर पूर्ण रूप से रोक लगाने की मांग करते हुए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है।
फिल्म के इस सीन को लेकर है आपत्ति
फिल्म के एक सीन में रणदीप हुड्डा चर्च के अंदर प्रार्थना स्थल (पल्पिट) के पास खड़े नजर आते हैं, जहां उनके पीछे यीशु मसीह की तस्वीर भी दिखाई गई है। ईसाई समुदाय के अनुसार, इस दृश्य में चर्च के अंदर गुंडागर्दी और धमकाने जैसी गतिविधियां दिखाई गई हैं, जो कि ईसाई धर्म के लिए पवित्र माने जाने वाले स्थान की बेअदबी है।
समुदाय ने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सीन ना सिर्फ असंवेदनशील है बल्कि यह धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली एक सोची-समझी कोशिश प्रतीत होती है। समुदाय ने फिल्म के खिलाफ बेअदबी की धाराओं में मामला दर्ज करने की मांग की है।
फिल्म को लेकर दो दिन का अल्टीमेटम
ईसाई समुदाय ने साफ कहा है कि अगर 48 घंटे के अंदर फिल्म के विवादित दृश्य को हटाकर इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, तो वे बड़े लेवल पर विरोध करेंगे। पंजाब सहित देशभर में सिनेमा हॉलों का घेराव करने का ऐलान किया गया है। इसी के साथ ईसाई समुदाय की ओर से जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को लिखित में शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही जल्द एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications