अमिताभ बच्चन से KBC में बदतमीजी करने वाले इशित ने जो लिखा, उसे पढ़कर नेटिजन्स का दिल पसीज गया!
'कौन बनेगा करोड़पति 17' (KBC 17) में गुजरात के 10 वर्षीय प्रतियोगी इशित भट्ट ने अपनी उपस्थिति से सबका ध्यान खींचा, लेकिन वजह रही उनका तीखा और आत्मविश्वासी व्यवहार। शो के दौरान उनके संवादों और अंदाज़ को लेकर दर्शकों में मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली।
इशित ने होस्ट अमिताभ बच्चन से बातचीत के दौरान बार-बार टोका और उनसे कहा कि नियम समझाने में समय न गवाएँ क्योंकि उन्हें पहले से सब पता है। यह व्यवहार सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और दर्शकों ने इसे अभद्र और असम्मानजनक बताया गया था। अब इशित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।

इशित ने लिखा, सभी को नमस्ते, मैं कौन बनेगा करोड़पति में अपने व्यवहार के लिए दिल से माफ़ी माँगना चाहता हूँ। मुझे पता है कि मेरी बातों से कई लोग आहत हुए, निराश हुए या उन्हें असम्मान महसूस हुआ, और मुझे इस बात का सच में बहुत अफसोस है। उस पल में मैं बहुत घबरा गया था, और मेरी बातों का लहजा पूरी तरह गलत लगने लगा। मेरा इरादा किसी को भी अपमानित करने का नहीं था - मैं अमिताभ बच्चन सर और पूरी KBC टीम का दिल से सम्मान करता हूं।
मैंने इस अनुभव से एक बहुत बड़ा सबक सीखा है कि हमारे शब्द और व्यवहार ही बताते हैं कि हम वास्तव में कैसे इंसान हैं, खासकर जब हम इतने बड़े मंच पर होते हैं। मैं वादा करता हूँ कि भविष्य में और अधिक विनम्र, सम्मानजनक और सोच-समझकर बात करने वाला बनूंगा। जो लोग अब भी मुझे समझते हैं, मेरा समर्थन करते हैं और मेरी गलती से सीखने का मौका देते हैं, उनका मैं तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूँ। - द KBC बॉय
इस पोस्ट के बाद इंटरनेट फिर से दो धड़ों में बट गया है। कुछ लोग इशित की इस पोस्ट की तारीफ कर रहे हैं और उसे माफ करने की बात कर रहे हैं। वहीं, कुछ लोग अभी भी इशित से गुस्सा हैं और तरह-तरह की बातें कर रहे हैं। अब देखना ये है कि इशित की ये माफी शो के होस्ट अमिताभ बच्चन के पास पहुंच पाती है या नहीं।












Click it and Unblock the Notifications