Indian Idol बनने से चूके सवाई भट्ट का डबल धमाका, एक के बाद एक दिए दो ब्लॉकबस्टर
इंडियन आइडल की ट्रॉफी जीतने से चूके सवाई भट्ट ने अब डबल धमाका कर डाला है।
नई दिल्ली, 8 सितंबर: म्यूजिक रिएलिटी शो इंडियन आइडल का 12वां सीजन अपने कंटेस्टेंट और शो के जजों को लेकर काफी विवादों में रहा। शो के दौरान सोशल मीडिया पर जहां कुछ कंटेस्टेंट की परफॉर्मेंस पर सवाल उठे, वहीं कई बार ऐसे मौके भी आए, जब लोगों ने कुछ कंटेस्टेंट के एलिमिनेशन पर जजों को गलत ठहराया। राजस्थान के रहने वाले सिंगर सवाई भट्ट भी ऐसे ही कंटेस्टेंट रहे, जिनके एलिमिनेशन को लेकर सोशल मीडिया पर काफी हंगामा मचा। सवाई भट्ट इंडियन आइडल के फाइनल राउंड तक तो नहीं पहुंच पाए, लेकिन अब उन्होंने एक बहुत ही ब्लॉकबस्टर वापसी की है। (सभी फोटो साभार- इंस्टाग्राम/सवाई भट्ट)

सवाई भट्ट ने किया डबल धमाका
दरअसल, इंडियन आइडल में जज के तौर पर शामिल हुए म्यूजिक कंपोजर हिमेश रेशमिया ने शो के एक एपिसोड में वादा किया था कि वो योग्य गायकों को उनके अपने लिखे हुए गीत गाने का मौका देंगे। हिमेश रेशमिया ने अपना वादा निभाया और अरुणिता कांजीलाल, पवनदीप राजन सहित कई कंटेस्टेंट को उनके गीत गाने का मौका मिला। इसी कड़ी में अब सवाई भट्ट ने डबल धमाका किया है।

एक के बाद एक दो ब्लॉकबस्टर
सवाई भट्ट ने हिमेश रेशमिया का लिखा हुआ गीत 'ओ साजना' गाया है, जो आते ही लोगों की जुबां पर छा गया है। हिमेश रेशमिया ने इस गीत को अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। आपको बता दें कि हिमेश रेशमिया के साथ ये सवाई भट्ट का दूसरा गाना है और इससे पहले वाला गीत भी एक बड़ा ब्लॉकबस्टर रहा था। 'ओ साजना' हिमेश रेशमिया के म्यूजिक एलबम 'हिमेश के दिल से' का 9वां गाना है, जिसमें बाकी गीत इंडियन आइडल के ही दूसरे कंटेस्टेंट्स ने गाए हैं।

सवाई के एलिमिनेशन पर मचा था हंगामा
सवाई भट्ट के गाए इस नए गीत को काफी पंसद किया जा रहा है। गौरतलब है कि इंडियन आइडल में जब सवाई भट्ट अपनी परफॉर्मेंस देते थे, तो उनके फैंस उनके गानों पर झूमते हुए नजर आते थे। हालांकि सवाई भट्ट इंडियन आइइडल के टॉप-6 कंटेस्टेंट में शामिल नहीं हो पाए थे और उनके एलिमिनेशन को लेकर काफी विवाद हुआ। सोशल मीडिया पर उनके फैंस ने कहा कि सवाई भट्ट को टॉप-6 में रखना चाहिए था, लेकिन उन्हें गलत फैसले के तहत बाहर किया गया है।
सवाई भट्ट का नया सॉन्ग सुनने के लिए यहां क्लिक करें
कौन हैं सवाई भट्ट
सवाई भट्ट राजस्थान के रहने वाले हैं, जो इंडियन आइडल में आने से पहले अपने परिवार के साथ मिलकर सड़कों पर कठपुतली का डांस दिखाते थे। इंडियन आइडल के ऑडिशन राउंड में ही सवाई भट्ट की आवाज से शो के जज काफी प्रभावित हुए और उन्हें आगे के राउंड में गाने का मौका मिला। हालांकि इंडियन आइडल में सवाई भट्ट का सफर ग्रैंड फिनाले में पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया। फिलहाल सवाई भट्ट हिमेश रेशमिया के साथ मिलकर अपने म्यूजिक करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।

सवाई की फैन हुईं नव्या नवेली नंदा
इंडियन आइडल में अपने सफर के दौरान सवाई भट्ट ने अपनी खूबसूरत आवाज से कई खास लोगों को अपना फैन बनाया, जिनमें बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन की नातिन नव्या नवेली नंदा भी शामिल रहीं। नव्या नवेली ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में सवाई भट्ट की परफॉर्मेंस का एक वीडियो शेयर किया था, जिसके बाद सवाई ने भी उन्हें धन्यवाद दिया। सवाई ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके जीवन में ऐसा भी मौका आएगा, जब खुद अमिताभ बच्चन की नातिन उनकी तारीफ करेंगी।

क्या था सवाई भट्ट की उन तस्वीरों का सच
सवाई भट्ट के साथ एक विवाद उस वक्त जुड़ा, जब सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हुईं। तस्वीरों में सवाई जैसा दिखने वाला एक शख्स मॉडर्न कपड़े पहनकर मॉल में घूम रहा था। इन तस्वीरों को लेकर दावा किया गया कि इनमें दिख रहा शख्स सवाई भट्ट ही है और वो एक प्रोफेशनल सिंगर हैं। सोशल मीडिया पर लोगों ने उनकी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा कि इंडियन आइडल के निर्माता टीआरपी के लिए उनकी गरीबी की फर्जी स्टोरी चला रहे हैं। हालांकि इन तस्वीरों को लेकर इंडियन आइडल या सवाई भट्ट की तरफ से कोई बयान नहीं आया।

सवाई को लेकर जब पवनदीप ने बताया ये किस्सा
इंडियन आइडल-12 के ग्रैंड फिनाले की ट्रॉफी उत्तराखंड के रहने वाले पवनदीप राजन ने जीती है, लेकिन एक मौका ऐसा भी था, जब उन्हें सवाई भट्ट से डर लगा था। दरअसल, इंडियन आइडल का विनर बनने के बाद पवनदीप राजन ने एक इंटरव्यू में बताया कि ऑडिशन के दौरान उनसे पहले सवाई भट्ट का नंबर था, और उन्हें डर था कि शायद अब उनका सेलेक्शन नहीं होगा। पवनदीप ने कहा कि सवाई भट्ट ने उनके सामने ही गाना गया था और वो उसकी आवाज से काफी प्रभावित हुए थे।

क्यों विवादों में रहा इंडियन आइडल
इंडियन आइडल में सवाई भट्ट के एलिमिनेशन से पहले भी कई विवाद जुड़े। दरअसल विवाद की शुरुआत उस वक्त हुई, जब इंडियन आइडल में महान गायक किशोर कुमार को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष एपिसोड रखा गया और गेस्ट के तौर पर उनके बेटे अमित कुमार शामिल हुए। इस एपिसोड के बाद एक इंटरव्यू में अमित कुमार ने बताया कि शो के निर्माताओं ने उनसे उनकी मर्जी के विपरीत सभी कंटेस्टेंट की तारीफ करने के लिए कहा था। अमित कुमार के इस बयान के बाद इंडियन आइडल को लेकर विवादों का ऐसा सिलसिला शुरू हुआ, जो ग्रैंड फिनाले तक चला।
ये भी पढ़ें- 'अब बस एक ही ख्वाहिश है कि मेरा बेटा...', सिद्धार्थ शुक्ला की मां ने जाहिर की अपनी इकलौती इच्छा











Click it and Unblock the Notifications