Indian Idol: रिएलिटी शो में रोने को लेकर भिड़े मीका सिंह-सोनू निगम, मीका बोले- ये सब 20 साल से हो रहा
मुंबई, 12 अगस्त। टीवी पर आने वाले रिएलिटी शो में जिस तरह से प्रतियोगियों की दयनीय आर्थिक स्थिति और परिवार के दुखभरे हालात दिखाए जाते हैं उसको लेकर अक्सर चर्चा होती रहती है। बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम और अभिजीत सावंत ने इस मुद्दे को उठाया था और कहा था कि कैसे इस तरह की भावुक कहानियों के जरिए रिएलिटी शो को पॉपुलर बनाने की कोशिश होती है और शो की टीआरपी बढ़ाई जाती है।

इन कहानियों से दर्शक प्रतियोगियों संग जुड़ते हैं
रिएलिटी शो में प्रतियोगियों की आर्थिक और पारिवारिक स्थिति को लेकर जिस तरह से सवाल खड़े किए जाते हैं उसको लेकर सिंगर मीका सिंह ने इसका बचाव किया है। मीका सिंह ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा कि प्रतियोगियों की भावुक कहानियां दर्शकों को प्रतियोगियों के साथ बेहतर तरह से जोड़ने में मदद करती हैं। लोगों की वास्तविक कहानियों के जरिए दर्शक शो और कंटेस्टेंट्स के साथ जुड़ते हैं।

ये कहानियां असली हैं
मीका सिंह ने कहा कि जो प्रतियोगी शो में आते हैं वह वास्तविक जिंदगी से जुड़े हैं। शो के दौरान लोगों के आंसू और भावनाएं सच्ची होती हैं। ऐसे में जो लोग इन चीजों पर सवाल खड़े करते हैं वह निराशाजनक है, जो लोग रिएलिटी शो में इन चीजों पर सवाल खड़े करते हैं और इसको लेकर गलत बात करते हैं यह निराशाजनक है। इन लोगों ने अपने सीजन के दौरान भी इस तरह की चीजों को अनुभव किया है।

मीका ने साधा निशाना
टीवी शो पर प्रतियोगियों की भावुक कहानियों को दिखाए जाने का बचाव करते हुए मीका सिंह ने कहा कि यह सब पिछले 20 सालों से हो रहा है और यह सब वास्तविक है, यही वजह है कि इसे रिएलिटी शो कहा जाता है। समस्या यह है कि जो लोग जज कर चुके हैं और देखा है ये सारा, आज वो उसके बारे में बोल रहे हैं। यह गलत है। सिर्फ इसलिए कि आपको शो का जज बनने के लिए चुना गया आपको रिएलिटी शो के बारे में गलत बाते नहीं कहनी चाहिए। रिएलिटी शो के टैलेंट उन्हें काफी दूर तक लेकर जाता है।

सोनू निगम ने कही थी ये बात
बता दें कि मीका सिंह ने हाल ही में रिएलिटी शो इंडियन प्रो म्युजिक लीग को जीता था। उन्होंने सारेगामापा और द वाइस इंडिया को जज किया था। वहीं सोनू निगम की बात करें तो इंडियन आइडल, एक्स फैक्टर इंडिया, सारेगामापा शो को जज किया था। उन्होंने रिएलिटी शो में प्रतियोगियों की भावुक कहानियों को दिखाए जाने को मार्केटिक की तकनीक बताया था। सोनू निगम ने कहा कि अगर ये भावुक कहानियां चल नहीं रही होती तो इसे बार-बार नहीं दिखाया जाता। यह मार्केटिंग का हिस्सा है और लोग पागल नहीं हैं जो समझ नहीं सके। इनके माता-पिता सही जगह पर हैं।

अभिजीत सावंत ने की थी तुलना
वहीं अभिजीत सावंत जिन्होंने इंडियन आइडल का पहला सीजन जीता था, उन्होंने इस इंडियन आइडल शो की तुलना क्षेत्रीय रिएलिटी शो से की थी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय रिएलिटी शो प्रतिभागियों के टैलेंट को देखते हैं जबकि हिंदी चैनल पर आने वाले रिएलिटी शो मुख्य तौर पर कंटेस्टेंट की भावुक कहानियों और दुखभरी चीजों को ही दिखाते हैं। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर रिएलिटी शो को लेकर अलग तरह से चर्चा होने लगी थी।

12 घंटे तक चलेगा फिनाले
एक तरफ जहां रिएलिटी शो में प्रतिभागियों की भावुक कहानियों को लेकर बहस चल रही है तो दूसरी तरफ इंडियन आइडल-12 का यह सीजन खत्म होने वाला है और 15 अगस्त को इसका ग्रैंड फिनाले होगा। टीवी इतिहास में पहली बार कोई रिएलिटी शो 12 घंटे तक लगाता चलेगा। शो के इस सीजन में फाइनल तक पवनदीप राजन, अरुणिता कांजीलाल, निहाल ताउरो, मोहम्मद दानिश, शंन्मुखप्रिया और सायली कांबले पहुंची हैं।












Click it and Unblock the Notifications