Golden Globe to Naato-Naato: RRR फिल्म के गाना नाटू-नाटू के बारे में जानिए सबकुछ, यूक्रेन में हुआ शूट
Golden Globe to Naato-Naato: फिल्म RRR के गाने नाटू-नाटू ने जबरदस्त सफलता हासिल करते हुए गोल्डेन ग्लोब अवॉर्ड का खिताब अपने नाम किया है। गाने को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में यह खिताब दिया गया है।

Golden Globe to Naato-Naato: फिल्म RRR का लोकप्रिय गाना नाटू-नाटू को लोगों ने काफी पसंद किया था। इस गाने की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि इसे ना सिर्फ लोगों ने पसंद किया बल्कि गोल्डन ग्लोबल अवॉर्ड से भी नवाजा गया है। नाटू नाटू गाने को बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का गोल्डन ग्लोबल अवॉर्ड दिया गया है। इस अवॉर्ड के बाद फिल्म RRR की टीम में जबरदस्त खुशी की लहर है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके फिल्म की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।

किसने लिखा इस गाने को
नाटू-नाटू गाने को दिए गए गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड को म्यूजिक डायरेक्टर एमएम कीरावनी ने लिया। यह गाना मुख्य रूप से तेलुगु भाषा में लिखा गया था, बाद में इसे हिंदी में भी डब किया गया और इसे नाचो-नाचो के नाम से कंपोज किया गया, इसे हिंदी भाषी लोगों ने भी काफी पसंद किया। इस गाने को जानेमाने गीतकार और गायक चंद्रबोस ने लिखा है। उनका पूरा नाम कनुकुंतला सुभाष चंद्रबोस है। वर्ष 1995 में आई ताजमहल फिल्म से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। पिछले 27 साल में उन्होंने 850 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। इस दौरान उन्होंने 3600 से अधिक गाने लिखे हैं। चंद्रबोस की बात करें तो उन्हें दो राज्य नंदी पुरस्कार से नवाजा जा चुका है। साथ ही दो फिल्मफेयर पुरस्कार के अलावा SIIMA अवॉर्ड भी मिल चुका है।

किसने गाया गाना
नाटू-नाटू गाने को बेहतरीन अंदाज में गाया गया है, यही वजह है कि इसे बड़ी संख्या में लोगों ने पसंद किया। इस गाने को राहुल सिपलीगंज और काल भैरव ने मिलकर गाया है। वहीं हिंदी वर्जन को राहुल और विशाल मिश्रा ने गाया है। इस गाने को 11 अप्रैल 2022 को रिलीज किया गया था। इस गाने को तमिल में नाटू कोथू, कन्नड़ में हल्ली नाटू, मलयालम में करिनथोल और हिंदी में नाचो-नाचो बोल के साथ गाया गया है और इसे रिलीज किया गया। इस गाने पर फिल्म के मुख्य अभिनेता रामचरण तेजा और जूनियर एनटीआर ने जबरदस्त डांस किया। गाने की कोरियोग्राफी की बात करें तो इसे प्रेम रक्षित ने कोरियोग्राफ किया है।

यूक्रेन में हुआ शूट
नाटू-नाटू गाने को यूक्रेन में फिल्माया गया है। रूस और यूक्रेन के बीच जब युद्ध शुरू हुआ था उसके कुछ समय पहले ही मरिंस्की पैलेस में इस गाने को शूट किया गया है। गाने को 2022 के अगस्त माह में शूट किया गया, जबकि रूस और यूक्रेन बीच युद्ध फरवरी 2022 को शुरू हुआ था। इस गाने के हुकस्टेप को इतना ज्यादा पसंद किया गया कि यह सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, लोगों ने इस गाने पर खूब वीडियो बनाए।












Click it and Unblock the Notifications