Ek Din BO Collection Day 1: बॉक्स ऑफिस पर फीकी पड़ी 'एक दिन', जुनैद खान-साई पल्लवी का नहीं चला जादू
Ek Din Box Office Collection Day 1: गत 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'एक दिन' दर्शकों पर खास असर छोड़ने में नाकाम रही है। निर्देशक सुनील पांडे की इस फिल्म को बड़े बज के साथ रिलीज किया गया था लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन उम्मीद से काफी कमजोर रहा। खास बात ये है कि फिल्म का क्लैश 'राजा शिवाजी' और 'पैट्रियट' जैसी बड़ी फिल्मों से हुआ जिसका सीधा असर इसके कलेक्शन पर पड़ा है।
ओपनिंग डे पर नहीं दिखा पाई दम
फिल्म 'एक दिन' में बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के बड़े बेटे जुनैद खान और साउथ की फेमस एक्ट्रेस साई पल्लवी ने काम किया है। दोनों की जोड़ी पहली बार साथ नजर आई लेकिन उनकी केमिस्ट्री दर्शकों को थिएटर तक खींचने में सफल नहीं हो सकी।

पहले दिन की 81 लाख रुपए की कमाई
सैकनिल्क की रिपोर्ट के अनुसार फिल्म 'एक दिन' ने ओपनिंग डे पर भारत में करीब 81 लाख रुपये का कुल कारोबार किया है। थिएटर ऑक्यूपेंसी भी लगभग 14 फीसदी के आसपास रही, जो किसी नई रिलीज के लिए काफी कम मानी जाती है।
पुरानी फिल्मों से भी पिछड़ी शुरुआत
-'एक दिन' मूवी की शुरुआत अन्य रोमांटिक फिल्मों के मुकाबले काफी कमजोर रही। 'लवयापा', जो जुनैद खान की पहली फिल्म थी, उसने ओपनिंग डे पर 1.15 करोड़ की कमाई की थी। वहीं साई पल्लवी की चर्चित तेलुगू फिल्म 'लव स्टोरी' ने पहले दिन 9.05 करोड़ का शानदार कलेक्शन किया था।
-इतना ही नहीं, हाल ही में आई ब्लॉकबस्टर रोमांटिक ड्रामा 'सैयारा' के 21.50 करोड़ के ओपनिंग कलेक्शन के सामने एक दिन कहीं टिकती नजर नहीं आ रही। लोगों को फिल्म एक दिन की कहानी कुछ खास पसंद नहीं आई है।
बॉलीवुड डेब्यू भी नहीं दिला पाया बढ़त
आपको बता दें कि फिल्म 'एक दिन' साउथ की फेमस एक्ट्रेस साई पल्लवी की बॉलीवुड में पहली फिल्म है, जिससे काफी उम्मीदें जुड़ी थीं। वहीं जुनैद खान के लिए ये दूसरी हिंदी रिलीज है। इसके बावजूद फिल्म दर्शकों को प्रभावित करने में असफल रही है। फिल्म की कहानी और प्रेजेंटेशन को लेकर भी दर्शकों की प्रतिक्रिया कुछ खास सकारात्मक नहीं रही, जो इसके कमजोर प्रदर्शन की एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
रीमेक होने का भी पड़ा असर?
जानकारी के अनुसार ये फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थाई मूवी 'वन डे' का हिंदी रीमेक है। हालांकि कई बार रीमेक फिल्मों को लेकर दर्शकों की अपेक्षाएं ज्यादा होती हैं और अगर कहानी में नया पन न हो तो वह कनेक्ट नहीं कर पाते हैं। संभव है कि यही कारण एक दिन के साथ भी देखने को मिला हो।
फिल्म की मेकिंग और रिलीज में बदलाव
फिल्म 'एक दिन' को आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म की रिलीज पहले नवंबर 2025 के लिए तय की गई थी लेकिन बाद में इसे टालकर मई 2026 में रिलीज किया गया। हालांकि रिलीज डेट बदलने का फायदा भी फिल्म को मिलता नजर नहीं आया।
फिल्म के लिए आगे की राह मुश्किल
पहले दिन के आंकड़ों को देखते हुए 'एक दिन' के लिए बॉक्स ऑफिस पर आगे की राह आसान नहीं लग रही है। वीकेंड पर अगर कलेक्शन में उछाल नहीं आता तो फिल्म का प्रदर्शन और भी कमजोर हो सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले दिनों में ये फिल्म दर्शकों को अपनी ओर खींच पाती है या नहीं।













Click it and Unblock the Notifications