दिशा पाटनी के घर बाइक से आए थे 2 गुंडे, 8 मिनट में किया ऐसा कांड, आखिर क्या हुआ 12 सितंबर की रात?
Disha Patani Firing Case: उत्तर प्रदेश के बरेली में बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर सनसनीखेज घटना घटी है। दो अज्ञात बाइक सवार बदमाशों ने सिविल लाइंस इलाके में उनके घर पर लगभग 7 से 8 राउंड फायरिंग की।
दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग
इसके बाद लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े गिरोह, गोल्डी बरार ग्रुप ने इस गोलीबारी की जिम्मेदारी ली। माना जा रहा है कि ये हमला दिशा पाटनी की बहन खुशबू पाटनी के हालिया विवाद से जुड़ा है, जो एक सेवानिवृत्त भारतीय सेना मेजर और वर्तमान में वेलनेस कोच के रूप में कार्यरत हैं।

दिशा की बहन खुशबू पाटनी के विवादित बयानों का असर
-आपको बता दें कि खुशबू पाटनी ने हाल ही में प्रसिद्ध कथा वाचक अनिरुद्ध आचार्य पर महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां करने का आरोप लगाया था।
-उन्होंने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए कहा था- अगर वह मेरे सामने होते तो मैं उन्हें सबक सिखा देती।
-हालांकि उनका यह कमेंट गलत तरीके से पूज्य संत प्रेमानंद जी महाराज के नाम से जोड़ा गया, जिससे विवाद और भी ज्यादा बढ़ गया।
पुलिस की जांच और सुरक्षा प्रबंध
-वहीं दिशा पाटनी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा- तड़के लगभग 3:30 बजे दो बाइक सवार बदमाशों ने दिशा पाटनी के घर पर गोलीबारी की। 8 मिनट के अंदर इस घटना को अंजाम दिया गया। घटना की जानकारी पुलिस को दोपहर में मिली थी। इसके बाद विशेष जांच के लिए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) समेत कुल 5 विशेष टीमों को मौके पर भेजा गया।
-दिशा पाटनी के परिवार में उनकी बहन खुशबू पाटनी, भाई सूर्यांश पाटनी, पिता जगदीश सिंह पाटनी और मां पद्मा पाटनी हैं। घटना के वक्त ये सभी लोग घर में ही मौजूद थे। वहीं सेवानिवृत्त सर्कल ऑफिसर जगदीश सिंह पाटनी ने कोतवाली थाने में इस घटना को लेकर एफआईआर दर्ज कराई है।
गोल्डी बरार ग्रुप का धमकीभरा पोस्ट
-गोल्डी बरार ग्रुप ने फेसबुक पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में ग्रुप के सदस्य वीरेंद्र चरण ने साफ तौर पर धमकी दी कि ये हमला सनातन धर्म के अपमान का जवाब था। उन्होंने लिखा कि दिशा पाटनी और उनके परिवार ने पूज्य संतों प्रेमानंद जी महाराज और अनिरुद्धाचार्य जी महाराज का अपमान किया है।
-पोस्ट में ये भी कहा गया है कि अगर भविष्य में किसी ने भी सनातन धर्म का अनादर किया, तो उसके परिवार को भी बख्शा नहीं जाएगा। ग्रुप ने स्पष्ट किया कि ये एक चेतावनी भर थी और वह धर्म की रक्षा के लिए हर हद तक जा सकते हैं।
पड़ोसियों ने सुनी गोली की आवाज
पड़ोसी और होटल मालिक सचिन यादव ने टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में बताया है कि उनके कर्मचारियों ने गोली चलने की आवाज सुनी थी, जिससे वह सकते में आ गए थे। जब वह बाहर निकले तो वहां कोई नजर नहीं आया। थोड़ी देर बाद अन्य पड़ोसी भी बाहर आए, लेकिन उन्होंने गोलियों की गिनती करने में असमर्थता जताई, क्योंकि फायरिंग लगातार हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications