Dhurandhar 2 Story Revealed: 'धुरंधर 2' की कहानी क्या होगी? फिल्म के एक्टर ने बता दी
फिल्म 'धुरंधर 2' का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए अभिनेता नवीन कौशिक ने बड़ी जानकारी साझा की है। पहले भाग में 'डोंगा' का यादगार किरदार निभाने वाले कौशिक का कहना है कि सीक्वल पहले से कहीं ज्यादा बड़ा, तेज और रोमांचक होने वाला है। उन्होंने साफ किया कि इस बार दर्शकों को एक्शन और ट्विस्ट का "डबल डोज" मिलेगा।

पहले पार्ट की सफलता ने बढ़ाईं उम्मीदें
आदित्य धर के निर्देशन में बनी 'धुरंधर' को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। फिल्म में दमदार कहानी और कलाकारों के शानदार अभिनय ने इसे खास बना दिया। खास तौर पर 'हमजा' और 'रहमान डकैत' जैसे किरदारों ने खूब चर्चा बटोरी। ₹634 करोड़ से अधिक की कमाई के साथ यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई, जिसके बाद 'धुरंधर 2' को लेकर उत्साह और बढ़ गया।
"पार्ट वन से 50 गुना ज्यादा एक्शन"
लाइव हिंदुस्तान से बातचीत में नवीन कौशिक ने कहा कि सीक्वल में पहले भाग से कहीं ज्यादा जबरदस्त एक्शन देखने को मिलेगा। उनके शब्दों में, "जो आपने पहले पार्ट में देखा, उसका 50 टाइम्स ज्यादा एक्शन इस बार दिखेगा।" नवीन कौशिक ने बताया कि 'धुरंधर 2' की स्क्रिप्ट को लेकर बेहद सख्ती बरती गई है। उन्होंने कहा कि निर्देशक आदित्य धर ने उन्हें सिर्फ उतना ही हिस्सा पढ़ने दिया, जितना उनके किरदार से जुड़ा था। वजह साफ थी-फिल्म में इतने ज्यादा ट्विस्ट और टर्न्स हैं कि जरा-सी जानकारी बाहर आने से पूरा मजा खराब हो सकता है।
दर्शकों के सवाल और रहस्य
कौशिक के मुताबिक, दर्शकों के मन में कई सवाल हैं-अगली फिल्म में विलेन कौन होगा, "बड़े साहब" कौन हैं, रणवीर सिंह के किरदार का भविष्य क्या है और उसकी असली कहानी क्या है। उन्होंने कहा कि इन्हीं सवालों को लेकर मेकर्स पूरी तरह सतर्क हैं और हर रहस्य को सही समय पर ही खोलना चाहते हैं।
19 मार्च का इंतजार
नवीन कौशिक ने बताया कि उन्होंने लगभग एक साल तक इस फिल्म की शूटिंग की है और अब वह खुद भी इसके रिलीज़ का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 'धुरंधर 2' 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी। रणवीर सिंह और अक्षय खन्ना अभिनीत 'धुरंधर 2' की सीधी भिड़ंत KGF फेम यश की फिल्म 'टॉक्सिक' से होगी। ऐसे में मार्च 2026 का बॉक्स ऑफिस बेहद दिलचस्प होने वाला है, जहां दो बड़ी फिल्मों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications